टीम इंडिया क्लीन स्वीप करने उतरेगी

टीम इंडिया
    • Author, आदेश कुमार गुप्त
    • पदनाम, खेल पत्रकार, बीबीसी हिन्दी के लिए
  • प्रकाशित

वनडे सिरीज़ 1-4 से हारने के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम रविवार को सिडनी में टी-20 सिरीज़ में मेज़बान ऑस्ट्रेलियाई टीम को तीसरे और अंतिम मैच में भी हराने के लिए मैदान में उतरेगी.

एडिलेड में खेले गए पहले टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 37 और मेलबर्न में दूसरे मैच में 27 रन से हराने के बाद अब भारत के पास मौजूदा सिरीज़ में क्लीन स्वीप का सुनहरा अवसर है.

एक तरफ़ जहां भारत के सभी बल्लेबाज़ ज़ोरदार फॉर्म में हैं, वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम का अब तक का सबसे मज़बूत पक्ष 'बल्लेबाज़ी' ही कमज़ोर है.

भारत के सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा ने पहले मैच में 20 गेंदों पर 31 और दूसरे मैच में 47 गेंदों पर 60 रन ठोके.

उनके जोड़ीदार शिखर धवन ने पहले मैच में रन तो केवल पांच बनाए लेकिन पहले विकेट के लिए 4.1 ओवर में ही रोहित शर्मा के साथ 41 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ी पर दबाव बना दिया.

दूसरे मैच में उन्होंने 32 गेंदों पर 42 रन बनाए और पहले विकेट के लिए 11 ओवर में 97 रन जोड़कर मज़बूत शुरुआत दी.

शिखर धवन विराट कोहली

इसके बाद विराट कोहली ने पहले मैच में केवल 55 गेंदों पर धुआंधार नाबाद 90 बनाए.

दूसरे मैच में भी विराट ने 33 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाकर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों की नाक में दम कर दिया.

टीम में वापसी कर रहे सुरेश रैना ने भी पहले मैच में 41 रन बनाए. दूसरे मैच में तो उन्हें एक भी गेंद खेलने का अवसर नहीं मिला.

पहले मैच में सुरेश रैना ने विराट कोहली के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 134 रनों की साझेदारी भी की.

कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी जमकर हाथ दिखाते हुए पहले मैच में तीन गेंदों पर 11 और दूसरे मैच मैच में नौ गेदों पर 14 रन बनाए.

पहले मैच में भारत ने तीन विकेट पर 188 रन बनाए तो दूसरे मैच में भी केवल तीन विकेट पर 184 रन बनाए.

युवराज सिंह का तो अभी तक बल्लेबाज़ी में नंबर ही नहीं आया है.

टीम ऑस्ट्रेलिया

बल्लेबाज़ों के बाद भारतीय गेंदबाज़ भी पीछे नहीं रहे. पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया 19.3 ओवर में 151 रनों पर सिमटा तो दूसरे मैच में आठ विकेट खोकर 157 रन बना सका.

युवा तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह ने दो मैचों में पांच, आलराउंडर रविंद्र जडेजा ने चार, हार्दिक पांड्या ने तीन और आर अश्विन ने तीन विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.

एकदिवसीय सिरीज़ के मुक़ाबले टी-20 सिरीज़ में भारत की फ़ील्डिंग का स्तर भी ऊँचा दिखाई दिया.

ख़ासकर रविंद्र जडेजा ने अपनी ही गेंद पर जिस तरह शेन वाटसन का कैच पकड़ा.

दूसरी तरफ़ ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरन फ़िंच ने पहले मैच में 44 और दूसरे मैच में 74 रन बनाए.

बाक़ी बल्लेबाज़ कुछ ख़ास नहीं कर सके. अब वह भी चोटिल होकर बाहर हैं तो स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर भी टीम में शामिल नही हैं.

अनुभवी ऑलराउंडर शेन वाटसन अपनी चमक दिखाने में नाकाम रहे हैं, तो ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ विकेट लेने में.

अब रविवार को यह देखना भी दिलचस्प होगा कि हरभजन सिंह को खेलने का अवसर मिलता है या नहीं.

(बीबीसी हिन्दी के<link type="page"><caption> एंड्रॉएड </caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और<link type="page"><caption> ट्विटर </caption><url href="https://twitter.com/bbcmonitoring" platform="highweb"/></link>पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)