कोहली का शतक, भारत ने श्रृंखला जीती

कोहली ने वनडे में 12वां शतक लगाया. तस्वीर एएफपी
इमेज कैप्शन, कोहली ने वनडे में 12वां शतक लगाया. तस्वीर एएफपी
प्रकाशित

भारत ने श्रीलंका को चौथे वनडे में छह विकेटों से हराकर पांच मैचों की सिरीज़ में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है.

श्रीलंका ने जीत के लिए भारत के सामने 252 रनों का लक्ष्य रखा.

विराट कोहली के शानदार शतक की मदद से भारत ने ये स्कोर सात ओवर बाक़ी रहते पूरा कर लिया.

कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए दिन-रात के मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाज़ी की.

तिवारी का कमाल

श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज़ दिलशान और थरंगा ने अपनी टीम को ठोस शुरुआत दी.

पहला विकेट 91 के स्कोर पर गिरा जब दिलशान 51 रन बनाकर ऑफ़ स्पिनर आर अश्विन का शिकार बने.

थरंगा ने 42 और थिरिमाने ने 47 रन बनाए और 32वे ओवर में श्रीलंका ने 3 विकेट खोकर 152 रन बना लिए थे.

यहां से श्रीलंका रनों की औसत तेज़ करके भारत के सामने बड़ा लक्ष्य रख सकता था. लेकिन गेंदबाज़ी में एक नए हीरो ने श्रीलंका की पारी पर लगाम लगा दी.

मनोज तिवारी ने एक के बाद एक चार विकेट लिए और श्रीलंका को 50 ओवरों में 251 रनों पर थाम दिया.

कोहली फिर छाए

जबाव में भारतीय शुरुआत अच्छी नहीं रही और गौतम गंभीर शुन्य पर ही चलते बने.

सहवाग ने 34 रन बनाए, रोहित शर्मा ने चार और मनोज तिवारी ने 28 का स्कोर बनाया.

लेकिन इन गिरते विकेटों के बीच विराट कोहली एक बार फिर जम गए और अपना 12वां शतक पूरा किया. वो 128 रन बनाकार नाबाद रहे.

सुरेश रैना ने पांच रन बनाकर उनका भरपूर साथ दिया और भारत ने मैच छह विकेट से जीत लिया.