लंदन ओलंपिक में सुशील उठाएँगे देश का झंडा

सुशील कुमार
इमेज कैप्शन, सुशील कुमार ने बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था
प्रकाशित

लंदन ओलंपिक के उदघाटन समारोह में पहलवान सुशील कुमार भारतीय ओलंपिक दल का नेतृत्व करेंगे.

27 जुलाई को उदघाटन समारोह होगा, जिसमें सुशील कुमार देश का झंडा लेकर मार्च पास्ट करगें और उनके पीछे होंगे भारतीय दल के अन्य सदस्य.

भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा ने यह जानकारी दी है.

नई दिल्ली में उन्होंने पत्रकारों को बताया, "भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन ओलंपिक में उन्हीं खिलाड़ियों को ये सम्मान देता है, जो देश के लिए पदक जीत चुके हैं. विजेंदर और अभिनव बिंद्रा के मुकाबले अगले दिन से होने वाले हैं, इसलिए सुशील कुमार उदघाटन समारोह में भारत का झंडा उठाएँगे."

पिछले कई दिनों से मीडिया में इस तरह की खबरें आ रही थी कि भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन अभी तक ये तय नहीं कर पाया है कि किसे इसके लिए चुना जाए.

सम्मान

हालाँकि बीबीसी के साथ बातचीत में खेल मंत्री अजय माकन ने कहा था कि इसमें कोई अजीब बात नहीं है, क्योंकि एक दिन पहले भी इसका फैसला हो सकता है.

उन्होंने कहा था कि खिलाड़ियों को चुनते समय इसका भी ध्यान रखना पड़ता है कि उस खिलाड़ी का अगले दिन मैच तो नहीं है या फिर वो खिलाड़ी फिटनेस संबंधी समस्या से तो नहीं जूझ रहा है.

बीजिंग ओलंपिक में निशानेबाज राज्यवर्धन सिंह राठौर ने उदघाटन समारोह में झंडा उठाया था. उदघाटन समारोह में देश का झंडा उठाकर अपने दल का नेतृत्व करना बड़े सम्मान की बात मानी जाती है.

ये सम्मान मेजर ध्यानचंद, बलबीर सिंह सीनियर, जफर इकबाल, परगट सिंह, लिएंडर पेस, शाइनी विल्सन और अंजू जॉर्ज को भी मिल चुका है.