चौथे वनडे में महेंद्र सिंह धोनी पर रहेंगी निगाहें

महेंद्र सिंह धोनी
प्रकाशित

गुरुवार को भारत और श्रीलंका के बीच चल रही पांच मैचों की वनडे सिरीज़ का चौथा मैच खेला जाएगा.

भारत 3-0 से आगे है इसलिए इस मैच के नतीजे का सिरीज़ पर कोई असर नहीं पड़ेगा. मगर सबकी निगाहें भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर होंगी, जो इस मैच में कई रिकॉर्ड बना सकते हैं.

वनडे मैचों का तिहरा शतक

भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के मैदान पर उतरते ही रिकॉर्ड बन जाएगा. यह उनका 300वां एकदिवसीय मैच होगा. अब तक वह 299 मैच खेल चुके हैं.

भारत की तरफ़ से 300 मैच खेलने वाले वह छठे खिलाड़ी होंगे. उनसे पहले सचिन तेंदुलकर (463), राहुल द्रविड़ (344), मोहम्मद अज़हरुद्दीन (334), सौरव गांगुली (311) और युवराज सिंह (302) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.

महेंद्र सिंह धोनी

100 स्टंपिंग का भी बन सकता है रिकॉर्ड

महेंद्र सिंह धोनी अब तक खेले 299 मैचों में 99 खिलाड़ियों को स्टंप करके पेवेलियन भेज चुके हैं. अगर इस मैच में वह किसी खिलाड़ी को स्टंप करते हैं तो वह 100 स्टंपिंग करने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बन जाएंगे.

अभी श्रीलंका के कुमार संगाकारा के साथ वह 99 स्टंपिंग करके संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं.

खिलाड़ी के तौर पर 3000 रन

धोनी ने कप्तान के तौर पर 199 मैच खेले हैं और खिलाड़ी के तौर पर 100. कप्तान रहते हुए उन्होंने 53.92 की औसत से 6,633 रन बनाए हैं और खिलाड़ी के तौर पर खेलते हुए 47.98 की औसत से 2,975 रन. अगर वह इस मैच में 25 रन बनाते हैं तो खिलाड़ी के तौर पर 3000 रन पूरे कर लेंगे.

धोनी और कोहली

टीम में बदलाव कर सकते हैं कोहली

सिरीज़ में बढ़त लेने के बाद अब कप्तान विराट कोहली टीम में बदलाव भी कर सकते हैं. चौथे और पांचवें मैचों में वह बेंच स्ट्रेंथ को मौका देना चाहेंगे. अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडे, कुलदीप यादव और शार्दूल ठाकुर को इस मैच में खेलने का मौका मिल सकता है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)