मिताली राज के बारे में 10 बातें

मिताली राज
प्रकाशित

एशिया कप चैंपियन में भारत की स्टार खिलाड़ी रहीं मिताली राज पिछले 17 सालों से भारतीय टीम का अहम हिस्सा रही हैं. उन्होंने भारत को अपने दम पर कई कामयाबियां दिलाई हैं. पेश हैं मिताली राज के बारे में 10 बातें

1. मिताली राज एक तमिल परिवार की हैं. हलांकि उनका जन्म जोधपुर, राजस्थान में साल 1982 में हुआ था.

2. उनके पिता भारतीय वायुसेना के अधिकारी रहे हैं. उन्होंने क्रिकेट की शुरुआती कोचिंग सेट जॉन्स हाई स्कूल हैदराबाद से हासिल की.

3. मिताली ने 10 साल की उम्र से क्रिकेट को गंभीरता से लेना शुरू किया और 17 साल की उम्र में वे भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल हो गई थीं.

4. 1999 में अपने पहले ही वनडे मुक़ाबले में आयरलैंड के ख़िलाफ़ नाबाद 114 रनों की पारी खेली थी.

मिताली राज

5. साल 2002 में उन्होंने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी. लेकिन वो इस टेस्ट मैच में बिना खाता खोले आउट हो गई थीं.

6. मिताली राज ने कुल 10 टेस्ट मैचों में 51 के औसत से 663 रन बनाए हैं. उन्होंने एक शतक और चार अर्धशतक लगाए और उनका उच्चतम स्कोर 214 रन रहा.

7. मिताली राज का इंग्लैंड के ख़िलाफ़ बनाया गया 214 रन का स्कोर महिला टेस्ट इतिहास का दूसरा सर्वाधिक स्कोर है. एक टेस्ट पारी में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान की किरन बलोच के नाम पर है. उन्होंने वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ टेस्ट में 242 रन बनाकर मिताली का रिकॉर्ड तोड़ा था.

मिताली राज

8. साल 2005 में दक्षिण अफ़्रीका में हुए विश्व कप में मिताली की कप्तानी में भारतीय टीम फ़ाइनल तक पहुंची थी जहां ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.

9. साल 2006 में मिताली की ही कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड को उसी की ज़मीन पर टेस्ट सिरीज़ में मात दी थी. उसी साल मिताली की कप्तानी में भारत ने एशिया कप भी जीता था.

10. कुल 167 वनडे में 49.60 के औसत से 5407 रन बनाए हैं. उनका उच्चतम स्कोर 114 रन रहा. उन्होंने कुल पांच शतक और 40 अर्धशतक लगाए हैं. साथ ही 63 टी-20 मैचों में 37.95 के औसत से मिताली ने 1708 रन बनाए हैं. उनका उच्चतम स्कोर 73 रन रहा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉयड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)