सफल रहा नासा का 'मिशन प्लूटो'

प्रकाशित

अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के अनुसार प्लूटो के बेहद क़रीब से गुजर रहे उसके अंतरिक्ष यान न्यू होराइज़ंस का सफ़र सफल रहा है.

प्लूटो का ऐतिहासिक चक्कर लगाने के बाद न्यू होराइज़ंस ने अमरीका स्थित मैरीलैंड मिशन ऑपरेशन सेंटर को सिग्नल भेजे हैं.

प्लूटो से 4.7 अरब किलोमीटर की दूरी तय करके नासा के संचार तंत्र तक सिग्नल पहुँचने में क़रीब 4 घंटे 25 मिनट लगे.

सिग्नल मिलने के बाद वैज्ञानिकों के दल में ख़ुशी की लहर दौड़ गई.

नासा को उम्मीद है कि अगले कुछ घंंटों में अंतरिक्ष यान और भी तस्वीरें और डेटा भेजेगा जिससे प्लूटो के बारे में नई जानकारियाँ मिल सकेंगी.

वैज्ञानिक स्टीफ़न हॉकिंग और अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अभियान की सफलता पर वैज्ञानिकों को बधाई दी.

ओबामा ने ट्वीट किया, "नासा न्यू होराइज़ंस को तीन अरब मील की ये यात्रा पूरी करने पर बधाई."

नई जानकारी

इससे पहले मंगलवार को अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का अंतरिक्ष यान नौ साल के सफ़र के बाद प्लूटो के नजदीक पहुंचा था.

यान से मिले संकेतों के अनुसार प्लूटो के क़रीब से गुजरते समय उसकी गति 14 किलोमीटर प्रति सेकेंड थी.

न्यू होराइज़ंस से मिली नई जानकारी के अनुसार प्लूटो का व्यास 2,370 किलोमीटर है, जबकि पहले इसका व्यास 2,300 किलोमीटर माना जाता था.

इससे इस बात की पुष्टि हुई है कि प्लूटो सौर मंडल की बाहरी सीमा में अब तक का सबसे बड़ा ग्रह है.

इस अभियान के साथ ही अब सोलर सिस्टम के सभी ग्रहों पर एक-एक बार यान पहुँच चुका है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>