दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद पर अभिनेता अनुपम खेर ने ये कहा

इमेज स्रोत, Prodip Guha/Getty Images
उत्तराखंड के टिहरी (नरेंद्र नगर) में आयोजित मेले के दौरान पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के साथ हुए विवाद में अब बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर और रैपर बादशाह उनके समर्थन में आए हैं.
दरअसल, लाइव परफ़ॉर्मेंस के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए उन्हें मंच पर ही टोक दिया था और शो रुकवा दिया था.
अनुपम खेर ने दलेर मेहंदी के पक्ष में एक वीडियो जारी किया है और इंडस्ट्री के बाक़ी लोगों से भी स्टैंड लेने के लिए कहा है.
अनुपम खेर ने कहा, "मैंने हाल ही में एक वीडियो देखा, जिसमें दलेर मेहंदी जी मंच पर गा रहे थे और फिर कोई मंत्री जी मंच पर चढ़कर उनसे बदतमीज़ी से बात कर रहे थे, बहुत कुछ कह रहे थे. मैं वहां नहीं था इसलिए मुझे ज़्यादा जानकारी नहीं है. लेकिन मैं दलेर जी को पिछले 25-30 साल से जानता हूं, वो शराब नहीं पीते हैं. जिन लोगों से मैं मिला हूं, उनमें वो सबसे अच्छे इंसानों में से एक हैं."
"दो तीन सालों से दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं है. हो सकता है कि इस संगठन के साथ उनकी कमिटमेंट रही हो, वो मना न कर पाए हों. ये भी हो सकता है कि उन्होंने केवल लिपसिंग की हो. लेकिन मुझे बुरा फ़ील हुआ, किसी को भी इस तरह से बात नहीं करनी चाहिए, विशेष तौर पर एक सार्वजनिक मंच पर तो बिल्कुल नहीं. हमारी इंडस्ट्री के लोगों को इस बारे में बोलना चाहिए और स्टैंड लेना चाहिए."
उन्होंने कहा, "दलेर जी मुझे आपकी अच्छाई और आपके प्रोफ़ेशनलिज़्म पर पूरा भरोसा है. भगवान आप पर आशीर्वाद बनाए रखें. मैं उम्मीद करता हूं कि आप जल्दी ठीक हो जाएंगे. मुझे खेद है कि आपको इससे गुज़रना पड़ा."
वहीं, दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह ने स्पष्ट किया कि दलेर मेहंदी ने शराब नहीं पी थी, बल्कि हाल ही में उनकी एक गंभीर सर्जरी (ऑपरेशन) हुई थी जिसके कारण उनकी तबीयत ठीक नहीं थी.













