अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
बीबीसी वेरिफ़ाई ने एक वीडियो की पुष्टि की है, जिसमें पश्चिमी ग़ज़ा सिटी में एक पिक-अप ट्रक पर इसराइली हमला होते नज़र आया.
सुमंत सिंह, सुरभि गुप्ता
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, X
बीबीसी वेरिफ़ाई ने एक वीडियो की पुष्टि की है, जिसमें पश्चिमी ग़ज़ा सिटी में एक पिक-अप ट्रक पर इसराइली हमला होते नज़र आया. ये ट्रक निर्धारित निकासी मार्ग से आधे मील से भी कम दूरी पर था.
इसराइल ने आम लोगों को दक्षिण की ओर जाने और ग़ज़ा सिटी छोड़ने का आदेश दिया है. इसके लिए अल-राशिद रोड का इस्तेमाल करने को कहा गया है, जो भूमध्य सागर के किनारे से जाती है.
ग्राफ़िक वीडियो में एक गाड़ी, जिस पर घर की चीज़ें रखी नज़र आ रही हैं, जलती हुई दिख रही है.
इसमें आसपास घायल और खून से लथपथ लोग भी नज़र आ रहे हैं, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं, साथ ही जमीन पर शव पड़े हैं.
फुटेज़ में दिखाई दे रही छतें सैटेलाइट तस्वीरों से मेल खाती हैं, जिससे पता चलता है कि हमला अल-राशिद से लगभग 500 मीटर दूर हुआ.

इमेज स्रोत, Zak Hussein - Pool via Samir Hussein/WireImage
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ़र्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप के साथ ब्रिटेन के दौरे पर हैं. यहां किंग चार्ल्स तृतीय ने क्वीन कैमिला के साथ उनका स्वागत किया.
ट्रंप के स्वागत में एक बग्घी जुलूस निकाला गया और उन्हें गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया.

इमेज स्रोत, PA Media
जुलूस के दौरान किंग चार्ल्स तृतीय और ट्रंप एक ही बग्घी पर सवार हुए, जबकि मेलानिया ट्रंप क्वीन कैमिला के साथ दूसरी बग्घी में बैठीं.

इमेज स्रोत, Samir Hussein - Pool/ Mark Cuthbert/ UK Press via Getty Images
एक तरफ़ विंडसर में ट्रंप का भव्य स्वागत हुआ, तो दूसरी ओर सेंट्रल लंदन में उनके विरोध में प्रदर्शन शुरू हो गया.

इमेज स्रोत, EPA
बीबीसी संवाददाता आशिता नागेश के मुताबिक़ ये विरोध प्रदर्शन 'स्टॉप ट्रंप यूके गठबंधन' ने आयोजित किया है, जो 50 से ज़्यादा संगठनों का एक समूह है. इसमें जलवायु, नस्लवाद-विरोधी और फ़लस्तीन समर्थक कार्यकर्ता शामिल हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
अपने दौरे के दौरान ट्रंप सेंट जॉर्ज चैपल में क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय की समाधि पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे.

इमेज स्रोत, PA Media
इसके बाद एक खास सैन्य संगीत प्रदर्शन को देखने के लिए ट्रंप किंग चार्ल्स तृतीय और प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के साथ विंडसर कैसल के ईस्ट लॉन पहुंचे.

इमेज स्रोत, Getty Images
यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फ़ोन पर बात की. उन्होंने पीएम मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं.
प्रधानमंत्री ने इसके लिए उर्सुला वॉन डेर लेयेन का धन्यवाद व्यक्त किया. पीएम मोदी ने आज यूरोपियन यूनियन (ईयू) की ओर से 'न्यू स्ट्रैटजिक ईयू-इंडिया एजेंडा' को अपनाए जाने की सराहना की.
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़ दोनों नेताओं ने भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के प्रयासों का स्वागत किया. साथ ही, वैश्विक मुद्दों का समाधान करने, स्थिरता को बढ़ावा देने और नियम-आधारित व्यवस्था को प्रोत्साहित करने के लिए मिलकर काम करने पर ज़ोर दिया.
दोनों नेताओं ने साल के आख़िर तक भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते की वार्ता पूरी करने की प्रतिबद्धता दोहराई.

इमेज स्रोत, Getty Images
पटना हाई कोर्ट ने बुधवार को बिहार कांग्रेस के उस एआई वीडियो को हटाने का आदेश दिया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां को दिखाया गया है. इस पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी है.
चिराग पासवान ने कहा, "आप इस बात को जायज़ नहीं ठहरा सकते कि किसी की मां को लेकर जो अब इस दुनिया में भी नहीं हैं...उनका उस तरीके का एआई वीडियो बनाया जाए."
"आप (कांग्रेस) किसी की भावना को किस कदर, किस हद तक ठेस पहुंचाना चाह रहे हैं...आज कोर्ट ने कांग्रेस को फटकार लगाई है. मुझे लगता है आगे से विपक्ष के नेताओं को ये ध्यान रखना चाहिए कि कम से कम माता-पिता और जो इस दुनिया में नहीं है उन्हें ये बख्श दें."
बीते दिनों बिहार कांग्रेस ने एआई से बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां हीराबेन मोदी को दिखाया गया था. भारतीय जनता पार्टी ने इस वीडियो पर आपत्ति जताई थी.
लाइव लॉ के मुताबिक़, हाई कोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स को आदेश दिया कि अगर यह वीडियो अब भी प्रसारित हो रहा है तो उसे तुरंत रोका जाए.

इमेज स्रोत, Getty Images
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पर धन्यवाद दिया है. इस दौरान पीएम मोदी ने यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की बात भी कही.
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "मेरे मित्र, राष्ट्रपति पुतिन, मेरे 75वें जन्मदिन पर आपके फ़ोन कॉल और हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद. हम अपनी विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. भारत यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए हर संभव योगदान देने के लिए तैयार है."
पीएम मोदी ने आज अपने 75वें जन्मदिन पर बधाई देने के लिए दुनिया भर के नेताओं का आभार जताया है.
उन्होंने न्यूज़ीलैंड के पीएम क्रिस्टोफ़र लक्सन को धन्यवाद देते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री लक्सन, आपकी हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद. मैं हमारी दोस्ती को बहुत महत्व देता हूं. विकसित भारत 2047 की दिशा में अग्रसर भारत की यात्रा में न्यूज़ीलैंड एक अहम साझेदार है."
ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज़ को धन्यवाद देते हुए पीएम मोदी ने लिखा, "मैं भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी और दोनों देशों के लोगों के बीच घनिष्ठ संबंधों के सुदृढ़ बनने की आशा करता हूं."

इमेज स्रोत, ANI
पूर्व क्रिकेटर कपिल देव ने एशिया कप में भारतीय टीम के पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाने और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की ओर से मैच रेफ़री को हटाने की मांग जैसी चर्चाओं को तूल नहीं देने की बात कही है.
इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने कहा, "मुझे लगता है कि ये सब छोटी बात है. ये हाथ मिलाना या नहीं मिलाना...किसी एक इंसान को हाथ मिलाना नहीं अच्छा लगता, तो ठीक है. उस पर इतना बड़ा विवाद दोनों तरफ़ से नहीं होना चाहिए."
उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े या गलत बयान देना क्रिकेटर्स को शोभा नहीं देता, लेकिन कुछ क्रिकेटर ऐसे होते हैं, जो कुछ ऐसा बोल देते हैं जिससे विवाद बन जाते हैं.
कपिल देव ने कहा, "मैं तो यही कहूंगा कि खेल है, क्रिकेट है. क्रिकेट खेलें और इससे ज़्यादा चर्चा करना मुझे बेहतर नहीं लगता."
पीसीबी की ओर से मैच रेफ़री पर सवाल उठाए जाने के सवाल पर कपिल देव ने कहा, "ये मायने नहीं रखता. वो उनका काम है, उनको करना है."

यूपी में कुत्तों पर कार्रवाई को लेकर आज का कार्टून

इमेज स्रोत, Reuters
ग़ज़ा सिटी से फ़लस्तीनियों का पलायन जारी है. एक दिन पहले ही इसराइल ने कहा था कि उसने ग़ज़ा सिटी पर कब्ज़ा करने के मकसद से एक बड़ा ज़मीनी हमला शुरू कर दिया है.
इसके बाद से हज़ारों फ़लस्तीनी शहर छोड़ रहे हैं.
रात भर बड़े पैमाने पर बमबारी के बीच, ग़ज़ा के हमास-संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि तीन अलग-अलग हमलों में बच्चों के एक अस्पताल को निशाना बनाया गया.
मंत्रालय के मुताबिक़ इसके कारण अस्पताल के आधे मरीज़ और उनके परिवार को मजबूरन अस्पताल से भागना पड़ा. वहीं इसराइली सेना ने कहा कि वह इन रिपोर्टों की जांच कर रही है.
इससे पहले, इसराइली सेना ने घोषणा की थी कि उसने दो दिनों में ग़ज़ा सिटी में 150 से ज़्यादा "आतंकवादी ठिकानों" पर हमला किया है.
इसराइल का कहना है कि उसका लक्ष्य हमास के "आखिरी गढ़" कहे जाने वाले इलाके में तीन हज़ार हमास लड़ाकों को हराना और अपने बंधकों को छुड़ाना है.

इमेज स्रोत, Christian Petersen/Getty Images
नीरज चोपड़ा ने टोक्यो में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के जेवलिन थ्रो फ़ाइनल के लिए क्वालीफ़ाई कर लिया है.
उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में 84.85 मीटर के थ्रो के साथ पुरुषों की भाला फेंक प्रतियोगिता के फ़ाइनल में अपनी जगह बना ली.
नीरज चोपड़ा के अलावा जर्मनी के जूलियन वेबर ने भी फ़ाइनल में क्वालीफ़ाई किया है.
जूलियन वेबर ने अपने पहले प्रयास में 82.29 मीटर का थ्रो किया. वहीं दूसरे प्रयास में उन्होंने 87.21 मीटर का बड़ा थ्रो किया.
84.50 मीटर के क्वालीफ़ाइंग मार्क तक पहुंचने वाले या बेस्ट 12 जेवलिन थ्रोअर फ़ाइनल के लिए क्वालीफ़ाई करेंगे.

इमेज स्रोत, X/@gorakhpurpolice
गोरखपुर के पिपराइच इलाके में एक युवक की मौत के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राज करन नय्यर ने अपडेट दिया है.
राज करन नय्यर ने बताया कि एक अभियुक्त रहीम की एक ज्वाइंट ऑपरेशन में गिरफ़्तारी हुई है, वहीं दो अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
राज करन नय्यर ने कहा, "अभियुक्त रहीम ने पुलिस टीम पर फ़ायरिंग की थी और जवाबी आत्मरक्षा में की गई पुलिस फायरिंग में उसको गोली लगी है. दो अन्य अभियुक्त छोटू और राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है."
मामला क्या है?
पिपराइच के महुआ चाफी के गांव के लोगों ने कुछ 'पशु तस्करों' पर गांव के युवक दीपक गुप्ता की हत्या का आरोप लगाया है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने मंगलवार को बताया था कि सुबह लगभग सवा तीन बजे पुलिस को इस मामले की सूचना दी गई थी.
ग्रामीणों के मुताबिक़ गांव में दो पिकअप गाड़ियों से कुछ तस्कर आए थे, जब उन लोगों ने पिकअप सवार 'पशु तस्करों' को रोकने की कोशिश की, तब अभियुक्त भागने लगे. इस बीच गांव के दीपक गुप्ता पिकअप वैन पर चढ़ गए.
गांव वालों का आरोप है कि पिकअप सवारों ने दीपक गुप्ता की हत्या की. वहीं एसएसपी राज करन नय्यर का कहना है कि दीपक की मौत पिकअप वैन से गिर जाने के कारण हुई.

इमेज स्रोत, Rashad Lari
राजकरन नय्यर ने इस घटना की जानकारी देते हुए मंगलवार, 16 सितंबर को कहा था, "सूचना मिली थी कि गांव में दो पिकअप गाड़ियों से कुछ तस्कर आए थे. गांव के लोगों ने उनका पीछा किया. एक पिकअप से धक्का लगने के कारण गांव के एक युवक के सिर के पीछे चोट आई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई."
एसएसपी नय्यर ने बताया कि इस केस में पहचाने गए दो अन्य अभियुक्त के ऊपर इनाम की घोषणा की गई है.
एसएसपी के मुताबिक़ जिस अभियुक्त को गांव के लोगों ने पकड़ा था, वो गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है.

इमेज स्रोत, X/@GiorgiaMeloni
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं.
जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ अपनी एक तस्वीर एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, "भारत के पीएम नरेंद्र मोदी की शक्ति, उनका संकल्प और लाखों लोगों का नेतृत्व करने की उनकी क्षमता प्रेरणा का स्रोत है."
"मित्रता और सम्मान के साथ, मैं उनके स्वास्थ्य और ऊर्जा की कामना करती हूं ताकि वे भारत को एक उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जा सकें और इटली-भारत के बीच संबंधों को और मज़बूत कर सकें."
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने भी पीएम मोदी को एक वीडियो संदेश के ज़रिए शुभकामनाएं दीं.
नेतन्याहू ने कहा, "मेरे अच्छे दोस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बहुत सारी शुभकामनाएं. हम दोनों भारत और इसराइल की दोस्ती को नए स्तर पर ले गए हैं. हम इसे और नई ऊंचाई पर ले जा सकते हैं. जल्द ही मिलेंगे."
पीएम मोदी को दुनियाभर के कई नेताओं ने जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं. इनमें डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूज़वेल्ट स्केरिट, भूटान के पीएम शेरिंग तोबगे, ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज़, न्यूज़ीलैंड के पीएम क्रिस्टोफ़र लक्सन भी शामिल हैं.
इनके अलावा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को फ़ोन पर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.

इमेज स्रोत, ANI
पटना हाई कोर्ट ने बुधवार को बिहार कांग्रेस के उस एआई वीडियो को हटाने का आदेश दिया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां को दिखाया गया है.
लाइव लॉ के मुताबिक़, हाई कोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स को आदेश दिया कि अगर यह वीडियो अब भी प्रसारित हो रहा है तो उसे तुरंत रोका जाए.
कोर्ट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसलों जैसे केएस पुट्टास्वामी, एनएएलएसए फाउंडेशन, सुब्रहमण्यम स्वामी आदि में यह माना गया है कि निजता और गरिमा का अधिकार व्यक्ति के मौलिक अधिकारों का हिस्सा है.
बेंच ने आदेश में कहा, "किसी भी संभावित नुक़सान से बचने के लिए प्रतिवादी मेटा प्लेटफ़ॉर्म्स, गूगल इंडिया (यूट्यूब) और एक्स इंडिया को निर्देश दिया जाता है कि आगे के आदेश तक इस वीडियो क्लिप को प्रसारित न करें."
पटना हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस पीबी बजंतरी और जस्टिस आलोक कुमार सिन्हा की बेंच ने यह आदेश उस जनहित याचिका के तहत दिया है, जिसमें वीडियो हटाने की मांग की गई थी.
दरअसल, बीते दिनों बिहार कांग्रेस ने एआई से बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां हीराबेन मोदी को दिखाया गया था. भारतीय जनता पार्टी ने इस वीडियो पर आपत्ति जताई थी.
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, ANI
भारत और पाकिस्तान के बीच सीज़फ़ायर कराने के अमेरिका के दावे को लेकर पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने बयान दिया है. अब उनके इस बयान पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिक्रिया दी है.
हैदराबाद मुक्ति दिवस के मौक़े पर राजनाथ सिंह ने कहा, "भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे ऑपरेशन (संघर्ष) को रोकने के संबंध में कुछ लोग दावा करते हैं कि उन्होंने इसे रोका है. यह किसी ने नहीं रोका है. पाकिस्तान के डिप्टी प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार ने भी साफ़ कहा है कि 'इंडिया रिजेक्टेड थर्ड पार्टी रोल इन द कॉन्फ़्लिक्ट'."
रक्षा मंत्री ने कहा, "हमारे प्रधानमंत्री ने यह साफ़ कर दिया था कि यह द्विपक्षीय मामला है, थर्ड पार्टी हमारे मामले में हस्तक्षेप नहीं कर सकती."
बीते दिनों इसहाक़ डार ने क़तर के टीवी चैनल अल-जज़ीरा को दिए इंटरव्यू में कहा था कि सैन्य संघर्ष के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच अमेरिका 'मध्यस्थता' करना चाहता था लेकिन भारत ने स्पष्ट रूप से कह दिया था कि 'यह द्विपक्षीय मामला है.'
इसके साथ ही इसहाक़ डार ने कहा कि पाकिस्तान को दोनों देशों के बीच बातचीत में किसी तीसरे पक्ष के शामिल होने में कोई दिक़्क़त नहीं है, लेकिन भारत ऐसा नहीं चाहता था.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार दावा कर चुके हैं कि भारत-पाकिस्तान के बीच सीज़फ़ायर उन्होंने करवाया था. हालांकि, भारत ने हर बार उनके दावे को सिरे से ख़ारिज किया है.
संबंधित कहानियां:

इमेज स्रोत, Ali Jadallah/Anadolu via Getty
क़तर ने ग़ज़ा पर नियंत्रण के लिए इसराइल के ज़मीनी अभियान की निंदा की है. क़तर के विदेश मंत्रालय ने इसको लेकर एक बयान जारी किया है.
बयान में कहा गया, "क़तर, इसराइल की ओर से ग़ज़ा पर नियंत्रण हासिल करने के लिए शुरू किए गए बड़े पैमाने पर ज़मीनी हमलों की कड़ी निंदा करता है. क़तर इसे भाईचारे वाले फ़लस्तीनी लोगों के ख़िलाफ़ युद्ध, जनसंहार का विस्तार और अंतरराष्ट्रीय क़ानून का खुला उल्लंघन मानता है."
क़तर के विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि इसराइल शांति की संभावनाओं को कमज़ोर करने के लिए सुनियोजित तरीक़े से काम कर रहा है.
मंत्रालय ने कहा कि यह स्थिति अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए ख़तरा है और इसे रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय एकजुटता ज़रूरी है. क़तर ने एक बार फिर 'दो राष्ट्र समाधान' की बात कही है.
इसराइल ने ग़ज़ा सिटी पर भारी बमबारी की है. इसराइली सेना ने बताया कि उसने ग़ज़ा सिटी पर क़ब्ज़े के मक़सद से ज़मीनी अभियान शुरू कर दिया है. इसके बाद हज़ारों परिवार ग़ज़ा सिटी छोड़ रहे हैं.
संबंधित कहानियां:

नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने कहा है कि वह छह महीने के भीतर चुनाव कराकर अपना कार्यभार सौंपना चाहती हैं.
बीबीसी नेपाली सेवा को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा है कि उन्हें प्रधानमंत्री पद की ज़िम्मेदारी उनकी इच्छा से नहीं, बल्कि मजबूरी में मिली है.
सुशीला कार्की ने कहा है कि वह निर्धारित समय के भीतर चुनाव कराने के लिए हर संभव कोशिश करेंगी. उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग जल्द ही सक्रिय होगा और अगले दो-तीन दिनों में काम शुरू हो जाएगा.
नेपाल में 'जेन ज़ी' आंदोलन के दौरान केपी ओली को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा था. इसके बाद अंतरिम सरकार का गठन हुआ और सुशीला कार्की को प्रधानमंत्री चुना गया.
अंतरिम सरकार के गठन के तुरंत बाद पिछले हफ़्ते शुक्रवार को चुनाव का एलान हुआ. 21 फरवरी 2026 को चुनाव की तारीख़ तय की गई है.
संबंधित कहानियां:

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जब एक ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार ने उनके व्यापारिक समझौतों को लेकर सवाल किया तो ट्रंप ने पत्रकार से कहा कि वह "ऑस्ट्रेलिया को नुक़सान पहुंचा रहे हैं".
ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (एबीसी) के जॉन लायन्स ने ट्रंप से सवाल किया कि जनवरी में राष्ट्रपति कार्यकाल शुरू होने के बाद वह कितने अमीर हुए हैं.
इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, "मुझे नहीं पता".
ट्रंप ने कहा कि उनके बच्चे पारिवारिक कारोबार संभालते हैं. उन्होंने कहा, "मेरी नज़र में, आप अभी ऑस्ट्रेलिया को बहुत नुक़सान पहुंचा रहे हैं, और वे मेरे साथ अच्छे संबंध चाहते हैं."
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वह जल्द ही ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ से मिलने वाले हैं. उन्होंने कहा, "मैं उन्हें आपके बारे में बताऊंगा. आपने बहुत बुरा माहौल बना दिया है."
जब लायन्स ने दूसरा सवाल पूछने की कोशिश की, तो ट्रंप ने अपनी उंगली होंठों पर रखकर "चुप" कहा और दूसरे पत्रकार की ओर बढ़ गए.
ट्रंप की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद लायन्स ने कहा कि यह "बेतुकी सोच" है कि विनम्रता से सही सवाल पूछने पर दो देशों के रिश्तों को नुक़सान पहुंच सकता है.
उन्होंने कहा कि उनके सवाल न्यायसंगत थे, शोध पर आधारित थे और किसी अपमानजनक तरीक़े से नहीं पूछे गए थे.

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका में दक्षिणपंथी कार्यकर्ता चार्ली कर्क की गोली मारकर हत्या करने वाले अभियुक्त को लेकर अभियोजकों ने बड़ा दावा किया है.
सरकार के वकीलों का कहना है कि अभियुक्त ने अपने रूममेट को लिखे एक गुप्त संदेश में अपराध कबूल किया था. 22 साल के टायलर रॉबिन्सन पर आरोप है कि उन्होंने कर्क की हत्या की है.
यूटा के अटॉर्नी जेफ़्री ग्रे ने बताया कि अभियुक्त ने अपने रूममेट के लिए कंप्यूटर कीबोर्ड के नीचे एक नोट छोड़ा था. उन्होंने यह भी कहा कि रूममेट अभियुक्त का रोमांटिक पार्टनर था.
ग्रे के अनुसार, उस नोट में लिखा था, "मुझे चार्ली कर्क को ख़त्म करने का मौक़ा मिला है और मैं यह करने जा रहा हूं."
अभियोजन पक्ष ने दोनों रूममेट्स के बीच हुए टेक्स्ट संदेश भी पेश किए. इनमें से एक में अभियुक्त ने कथित तौर पर कहा कि उसने कर्क को गोली मारी क्योंकि वह "उनकी नफ़रत से तंग आ गया था."
चार्ली कर्क अमेरिका के सबसे हाई-प्रोफाइल कंज़र्वेटिव कार्यकर्ताओं और मीडिया हस्तियों में से एक थे. वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भरोसेमंद सहयोगी थे.
बीते हफ़्ते बुधवार को यूटा के एक कॉलेज में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

इमेज स्रोत, Randy Brooks/CPL T20 via Getty
वेस्टइंडीज़ ने भारत के साथ होने वाली टेस्ट सिरीज़ के लिए अपनी टीम का एलान कर दिया है. यह सिरीज़ दो अक्तूबर से 14 अक्तूबर तक खेली जाएगी.
दो मैचों की टेस्ट सिरीज़ का पहला मुक़ाबला दो से छह अक्तूबर के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुक़ाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा.
वेस्टइंडीज़ ने बाएं हाथ के स्पिनर खैरी पिएर को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया है. 33 साल के खैरी पिएर ने वेस्टइंडीज चैंपियनशिप में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है.
उन्होंने इस सीज़न में सबसे ज़्यादा 41 विकेट लिए हैं और उनका औसत 13.56 का है.
वेस्टइंडीज़ की टीम: रोस्टन चेज़ (कप्तान), जोमेल वार्रिकन, केवलन एंडरसन, एलिक अथानज़, जॉन कैंपबेल, टेज़ेनेरीन चंद्रपॉल, जस्टिन ग्रीव्स, शाई होप, टेविन इमलाच, अल्ज़ारी जोसेफ, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एंडरसन फिलिप, खैरी पिएर, जेडन सील्स.