चंपत राय के इस्तीफ़े पर अयोध्या के सांसद ने क्या कहा

इमेज स्रोत, ANI
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफ़े पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "इस्तीफ़ों का कोई मतलब नहीं है. राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी सिर्फ़ चोरी नहीं,बल्कि डकैती है. इस घटना से निश्चित रूप से भगवान राम के मंदिर की पवित्रता पर आंच आई है और अयोध्या के लोगों की छवि भी धूमिल हुई है.’’
उन्होंने कहा, ‘’जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें सामान्य सज़ा नहीं दी जानी चाहिए. उनके लिए विशेष कानून बनाकर कड़ी सज़ा का प्रावधान होना चाहिए, ताकि इतिहास इसे भगवान राम के मंदिर में हुई डकैती के मामले के रूप में याद रखे."
उन्होंने कहा, ‘’कल मैंने ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष को साफ़ कहते हुए सुना कि, 'मैंने किसी हस्ताक्षर की अनुमति नहीं दी. मैं वित्तीय खातों की निगरानी करने नहीं गया मैं इन सब मामलों से दूर रहा.'
‘’फिर यह कैसा ट्रस्ट है, जहां स्वयं कोषाध्यक्ष ही खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है और ट्रस्ट के कामकाज से अलग बता रहा है? यह बेहद गंभीर मामला है.’’
अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले के बाद सोमवार को पहली बार श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक हुई थी. इस बैठक में ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा का इस्तीफ़ा स्वीकार किया गया.






















