''एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी ने बताया कि उन्होंने एक किलो सोने से बनी रामायण दान की थी, लेकिन उन्हें उसकी रसीद तक नहीं दी गई. सिंधी समाज की ओर से दान की गई 200 किलो चांदी की ईंटों का क्या हुआ? आज तक उनकी भी कोई रसीद नहीं दी गई.''
''आरोपियों को सीधे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. जेल के अंदर उन्हें यह सिखाया गया कि क्या कहना है और क्या नहीं कहना है. यह राष्ट्रीय महत्व का मामला है. वहां जिस तरह की लूट हुई है, वह बेहद शर्मनाक है."
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के बयान पर उन्होंने कहा, "वे कहते हैं कि राम को वही लाए, मंदिर भी उन्होंने बनवाया और 1989 से उन्होंने राम के नाम पर राजनीति की. उससे पहले उनकी सिर्फ़ दो सीटें थीं. वे लगातार राम के नाम पर राजनीति करते रहे. राजनीति क्या होती है? यही तो राज्य की नीति है. जब लोगों की आस्था और भावनाओं से खिलवाड़ हो रहा हो, डकैती हो रही हो, तो क्या इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए? आखिर क्यों नहीं होनी चाहिए?''
राम मंदिर में चढ़ावा की चोरी के मामले में चल रही जांच के बीच राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अधिकारियों की आज अयोध्या में बैठक होने वाली है. अब तक इस मामले में आठ लोगों की गिरफ़्तारी हुई है. जबकि ट्रस्ट के सचिव चंपत राय और ट्रस्ट अनिल मिश्रा इस्तीफ़ा दे चुके हैं.
तेहरान में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्में शुरू
इमेज स्रोत, Getty Images
ईरानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, ईरान के सर्वोच्च नेता रहे आयतुल्लाह अली अली ख़ामेनेई का अंतिम संस्कार तेहरान में हो रहा है.
इन मीडिया आउटलेट्स ने समारोह में बड़ी तादाद में हिस्सा लेने वाले लोगों की तस्वीरें छापी हैं. इस ख़ास इंतज़ाम के चलते तेहरान और क़ोम शहरों में ख़ास ट्रैफ़िक इंतज़ामों का एलान किया गया है.
रविवार को ईरान के नेता मोजतबा ख़ामेनेई अपने पिता और परिवार के कई सदस्यों के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुए. हालांकि कुछ घंटों बाद ही उनके नाम से एक संदेश जारी किया गया, जिसमें गुलामहुसैन मोहसेनी एजेई को एक बार फिर ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख के तौर पर पेश किया गया है.
अमेरिकी और इसराइली हमलों में मारे गए अली ख़ामेनेई और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के लिए जनाजे की नमाज रविवार को तेहरान के एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र इमाम खुमैनी मस्जिद में आयतुल्लाह जाफर सोभानी के नेतृत्व में अदा की गई.
उनका अंतिम संस्कार आने वाले दिनों में ईरान और इराक़ में होगा. ईरानी अधिकारियों का कहना है कि इस समारोह में डेढ़ से दो करोड़ लोग शामिल होंगे.
पूरा कार्यक्रम इस तरह है
3-4 जुलाई: तेहरान के धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र इमाम खुमैनी मस्जिद में अंतिम संस्कार की रस्में शुरू हुईं.
5-6 जुलाई: ताबूत को सार्वजनिक दर्शन के लिए रखा गया.
7 जुलाई: ख़़ामेनेई के पार्थिव शरीर को क़ोम ले जाया जाएगा, जनाज़े की नमाज़ जमकरान में अदा की जाएगी.
8 जुलाई: शव को इराक के नजफ़ ले जाया जाएगा, जहां से इमाम अली दरगाह तक जुलूस निकाला जाएगा, जिसके बाद कर्बला में अंतिम संस्कार किया जाएगा.
नितिन नबीन के यूपी दौरे पर अखिलेश का तंज़- 'अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आए हैं, दर्शन करने नहीं जाएंगे?'
इमेज स्रोत, Getty Images
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के उत्तर प्रदेश दौरे पर समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने तंज़ किया है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आए हैं, ‘दर्शन’ करने नहीं जाएंगे?''
अखिलेश यादव का इशारा अयोध्या में बने राम मंदिर में दर्शन को लेकर था. बीजेपी समेत कई दलों के नेता अयोध्या में बने राम मंदिर के दर्शन करने आते रहे हैं.
चढ़ावे की चोरी की वजह से इन दिनों राम मंदिर काफ़ी चर्चा में है.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ़्तार किया है. जबकि रामजन्म भूमि तीर्थ ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने ट्रस्ट से इस्तीफ़ा दे दिया.
इससे पहले उन्होंने एक पोस्ट में लिखा था, ‘’जनता पूछ रही है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के उत्तर प्रदेश के पहले दौरे में जनता ने ‘चढ़ावा-चंदा-दान चोरी’ के गुस्से की वजह से उनका बहिष्कार तो किया ही है, क्या डबल इंजन की टकराहट भी इस सन्नाटे की वजह है?’’
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: इंग्लैंड ने मेक्सिको को हराकर क्वार्टरफ़ाइनल में एंट्री ली
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दूसरे हाफ में इंग्लैंड को दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के प्री क्वार्टर फ़ाइनल में इंग्लैंड ने मेक्सिको को 3-2 से हराकर अंतिम आठ में जगह बना ली है.
दूसरे हाफ़ में 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के बावजूद मैच पर इंग्लैंड की पकड़ रही.
54वें मिनट में इंग्लैंड के डिफेंडर जारेल क्वांसा को रेफरी ने रेड कार्ड दिखाया, जिससे इंग्लैंड को दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा.
जूड बेलिंगहैम ने इंग्लैंड की ओर से गोल दागने की शुरुआत की.
बेलिंगहैम ने 36वें और 38वें मिनट में लगातार 2 गोल दागकर टीम को 2-0 की मजबूत बढ़त दिलाई.
कप्तान हेरी केन ने 60वें मिनट में अपनी टीम के लिए तीसरा गोल दागा.
हालांकि मेक्सिको ने 42वें मिनट में जूलियन क्विन्योनेस के गोल से वापसी की उम्मीद जगाई थी लेकिन इंग्लैंड अपनी बढ़त निर्णायक समय तक बरकरार रखने में सफल रहा.
यह मुकाबला एस्टाडियो एज्टेका स्टेडियम में खेला गया, जहां मेक्सिको को आखिरी हार साल 2013 में मिली थी.
भारी बारिश से मुंबई-पुणे एक्सप्रेस का एक हिस्सा धंसा, दोनों ओर से यातायात बंद
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा भू-स्खलन से टूटा
महाराष्ट्र में लगातार छठे दिन भी भारी बारिश हुई. इस वजह से मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा भू-स्खलन की वजह से धंस गया.
इससे मुंबई-पुणे के बीच यातायात पर काफ़ी असर पड़ा है.
दोनों दिशाओं (पुणे-मुंबई और मुंबई-पुणे) में यातायात अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है.
प्रशासन ने अगली सूचना तक मुंबई-पुणे यात्रा से बचने की अपील की है.
कर्जत और लोनावला के बीच घाट खंड में लगातार भारी बारिश के कारण, मुंबई डिवीजन की 'अप मेन लाइन' पर ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच भूस्खलन हुआ है.
मौसम विभाग ने 6 जुलाई को पुणे जिले के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है.
जिला कलेक्टर जितेंद्र दुड़ी ने बताया कि भारी बारिश की आशंका को देखते हुए स्टूडेंट्स की सुरक्षा के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है.
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026: ब्राज़ील को हराने के बाद हालैंड ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नॉर्वे की जीत के नायक हालैंड रहे, जिन्होंने मैच के आखिरी पलों में दो गोल दागे
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में ब्राज़ील पर नॉर्वे की ऐतिहासिक जीत के बाद इसके स्टार खिलाड़ी इर्लिंग हालैंड ने कहा कि ये उनके देश के इतिहास के सबसे अविश्वसनीय दिनों में से एक है.
उन्होंने इस जीत को पूरे देश के लिए गर्व का पल बताया.
प्री क्वार्टर फ़ाइनल मुकाबले में नॉर्वे ने पांच बार के वर्ल्ड चैंपियन ब्राज़ील को 2-1 से हराकर पहली बार फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बनाई.
इस जीत के नायक हालैंड रहे, जिन्होंने मैच के 79वें और 90वें मिनट में गोल दागे.
ब्राज़ील की ओर से एकमात्र गोल नेमार जूनियर ने इंजरी टाइम में पेनल्टी पर किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
महिला टी-20 वर्ल्ड कप: जय शाह ने दी टीम ऑस्ट्रेलिया को बधाई, क्या कहा
इमेज स्रोत, @JayShah
इमेज कैप्शन, आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ऑस्ट्रेलिया कप्तान सोफी मोलिनक्स को जीत के बाद ट्रॉफी भेंट करते हुए
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने महिला टी-20 वर्ल्ड कप की विजेता ऑस्ट्रेलिया को बधाई दी है.
''साथ ही इंग्लैंड महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को भी बहुत-बहुत बधाई. टीम उपविजेता जरूर रही, लेकिन खेल भावना और जज्बे के मामले में वह भी किसी चैंपियन से कम नहीं रही.''
उन्होंने लिखा, ''इस टूर्नामेंट ने एक बार फिर साबित कर दिया कि महिला क्रिकेट को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता. शुरुआत से लेकर आखिर तक खिलाड़ियों ने दमदार खेल, जुनून और बेहतरीन कौशल का शानदार प्रदर्शन किया.''
''दोनों टीमों और इस विश्व कप को यादगार बनाने वाले सभी लोगों का धन्यवाद. महिला क्रिकेट इस समय अपने स्वर्णिम दौर से गुजर रही है.''
महिला टी-20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को मात दी है. ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड सातवीं बार महिला टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है.
इंग्लैंड की ओर से जीत के लिए मिले 151 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 17.1 ओवर में तीन विकेट गंवाकर ही हासिल कर लिया.
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला: राम जन्मभूमि ट्रस्ट की आज अहम बैठक, चंपत राय पर हो सकता है फ़ैसला
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे और दान की कथित चोरी को लेकर चंपत राय पर सवाल उठ रहे हैं
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आज अहम बैठक है.
यह बैठक अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच के लिए हो रही है.
यह बैठक ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के मठ मणिराम छावनी में होगी.
दान में गड़बड़ी के आरोप सामने आने के बाद ट्रस्ट की यह पहली बैठक है.
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने सभी नियमित और पदेन सदस्यों से बैठक में शामिल होने को कहा है.
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोप में अब तक आठ लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है.
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा इस्तीफ़ा दे चुके हैं.
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: वर्ल्ड कप में बड़ा उलटफेर, नॉर्वे ने ब्राज़ील को 2-1 से हराया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नॉर्वे ने ब्राज़ील को वर्ल्ड कप से बाहर का रास्ता दिखाया
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के प्री क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला.
न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में नॉर्वे ने पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राज़ील को 2-1 से हराकर पहली बार वर्ल्ड कप के क्वार्टर फ़ाइनल में एंट्री ले ली.
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ़ 16 में फुटबॉल इतिहास का एक सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला है.
नॉर्वे की ओर से इर्लिंग हालैंड ने दो गोल दागे. उन्होंने पहला गोल खेल के 79वें मिनट में किया, जबकि दूसरा गोल उन्होंने मैच के आख़िरी लम्हों में किया.
इस ऐतिहासिक हार के साथ ही ब्राज़ील का सफ़र टूर्नामेंट में ख़त्म हो गया है.
1990 के बाद से वर्ल्ड कप में ब्राज़ील का सबसे ख़राब और सबसे शुरुआती एग्जिट है.
ब्राज़ील ने अपना 24 साल का वर्ल्ड कप सूखा खत्म करने के लिए दिग्गज कोच कार्लो एंसेलोटी को नियुक्त किया था, लेकिन टीम की किस्मत नहीं बदली.
यह लगातार छठा वर्ल्ड कप टूर्नामेंट है जब ब्राज़ील को किसी यूरोपीय टीम ने नॉकआउट में बाहर का रास्ता दिखाया.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें.