लाइव, रोशिबिना देवी ने एशियाई खेलों में लगातार तीन मेडल जीत कर रचा इतिहास

एशियन गेम्स में गुरुवार को भारतीय वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी नाओरेम ने महिला 60 किग्रा भार वर्ग की वुशु स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता.

लाइव कवरेज

संदीप राय

  1. रोशिबिना देवी ने एशियाई खेलों में लगातार तीन मेडल जीत कर रचा इतिहास

    रोशिबिना देवी नाओरेम

    इमेज स्रोत, Andy Cheung/Getty Images

    इमेज कैप्शन, मणिपुर की रोशिबना देवी ने एशियाई खेलों में वुशु स्पर्धा में लगातार तीसरा मेडल जीता है

    जापान के नागोया में हो रहे एशियन गेम्स में गुरुवार को भारतीय वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी नाओरेम ने महिला 60 किग्रा भार वर्ग की वुशु स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, आइची प्रीफ़ेक्चरल मार्शल आर्ट्स हॉल में 20वें एशियाई गेम्स आइची-नागोया के चौथे दिन, रोशिबिना देवी ने इंडोनेशिया की कुसुमानिंगत्यास थानिया को हराया था.

    फ़ाइनल में उन्हें चीन की झांग शियाओयू के हाथों 0-2 से हार का सामना करना पड़ा.

    फ़ाइनल मुकाबले में झांग ने दबदबा बनाए रखा. उन्होंने दोनों राउंड 5-0 से जीते और कुल 10-0 के स्कोर के साथ मुकाबला अपने नाम किया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, रोशिबिना देवी एशियाई खेलों में वुशु में लगातार तीन मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला वुशु खिलाड़ी बन गई हैं.

    रोशिबिना का यह एशियाई खेलों में तीसरा पदक है. उन्होंने 2023 के हांगझोउ एशियाई खेलों में सिल्वर और 2018 के जकार्ता-पालेमबांग एशियाई खेलों में ब्रॉन्ज़ पदक जीता था.

    रोशिबिना देवी नाओरेम मणिपुर की रहने वाली हैं और 2023 में उन्हें अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था.

  2. यूएसएस अब्राहम लिंकन के आठ नाविकों ने सुसाइड की कोशिश की थी- पेंटागन

    यूएसएस अब्राहम लिंकन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, युद्धपोत अब्राहम लिंकन को लगभग 10 महीने पहले मध्य पूर्व में तैनात किया गया था

    अमेरिकी विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन और उसके स्ट्राइक ग्रुप के कम से कम आठ नाविकों ने आत्महत्या की कोशिश की थी.

    इस बात की पुष्टि बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस को मिले अमेरिकी नौसेना के एग्ज़ीक्यूटिव सेक्रेटरी हांग काओ के एक पत्र से हुई है.

    सीएनएन ने सबसे पहले इस चिट्ठी की ख़बर दी थी.

    इस युद्धपोत को लगभग 10 महीने पहले मध्य पूर्व में तैनात किया गया था और वो रिकॉर्ड समय तक तैनाती में रहा.

    सीबीएस न्यूज ने इस मामले पर टिप्पणी के लिए अमेरिकी नौसेना से संपर्क किया है.

    लिंकन जहाज़ और उसके चालक दल के लगभग 5,000 सदस्यों की तैनाती उस समय जांच के दायरे में आ गई जब पिछले महीने नाविकों के परिजनों और कांग्रेस के कई सदस्यों ने युद्धपोत पर रहने की स्थिति और उसके कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य के बारे में चिंता ज़ाहिर की थी.

    ईरान-अमेरिका जंग शुरू होने के बाद, लिंकन और उसके स्ट्राइक ग्रुपों को मध्य पूर्व में तैनात किया गया था.

    यह युद्धपोत अब उस इलाक़े से निकल चुका है और सैन डियागो स्थित अपने अड्डे पर लौट रहा है.

    विमानवाहक पोत के स्ट्राइक ग्रुप में विमानवाहक पोत का एयर फ़ोर्स विंग, स्ट्राइक ग्रुप हेडक्वार्टर, विध्वंसक स्क्वाड्रन, एस्कॉर्ट विध्वंसक और विमानवाहक पोत पर तैनात सभी विमानन स्क्वॉड्रन शामिल हैं.

    यह चिट्ठी न्यूयॉर्क की डेमोक्रेटिक सीनेटर क्रिस्टन गिलिब्रैंड के जहाज़ पर मौजूद स्थितियों के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में भेजी गई थी.

    (आत्महत्या एक गंभीर मानसिक और सामाजिक समस्या है। यदि आप भी तनाव में हैं, तो आप भारत सरकार की जीवन आस्था हेल्पलाइन 18002333330 से सहायता ले सकते हैं। आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए।)

  3. अमेरिका में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का अभूतपूर्व स्वागत, ट्रंप खुद पहुंचे एयरपोर्ट

    शी जिनपिंग और ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग तीन दिन की यात्रा पर अमेरिका पहुँचे हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ज्वाइंट बेस एंड्रयूज में शी जिनपिंग का विशेष स्वागत किया.

    चीन के राष्ट्रपति अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा पर वॉशिंगटन पहुँचे हैं.

    राष्ट्रपति ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ज्वाइंट बेस एंड्रयूज के रनवे पर शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का स्वागत करने पहुंचे. इस दौरान रेड कार्पेट बिछाया गया था.

    1962 के बाद यह पहली बार है जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस एयरबेस पर किसी विदेशी नेता का व्यक्तिगत रूप से स्वागत किया है. बीबीसी के व्हाइट हाउस संवाददाता के मुताबिक, यह भव्य स्वागत इस यात्रा को ट्रंप द्वारा दिए जा रहे महत्व को दर्शाता है.

    विमान से उतरने के बाद शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप ने हाथ मिलाया. इस दौरान दोनों नेताओं की पत्नियां भी उनके साथ थीं.

    चीन के राष्ट्रपति के पहुंचने के मौके पर दो बी-1 बमवर्षक विमानों ने ऊपर से उड़ान भरी. अमेरिकी वायुसेना के बैंड ने अमेरिका और चीन दोनों के राष्ट्रगान बजाए और दोनों देशों के झंडे लहराए गए.

    इसके बाद ट्रंप और शी जिनपिंग को अलग-अलग वॉशिंगटन डीसी के लिए रवाना होते देखा गया.

    बाद में अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा कि अमेरिका और चीन नवंबर में खत्म होने वाले व्यापार युद्धविराम को 10 जनवरी तक बढ़ाने पर सहमत हुए हैं.

  4. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहांक्लिक करें.