लाइव, कंगना रनौत ने आशुतोष राणा, सोनू सूद और योग गुरु रामदेव से कहा- मुझे ज्ञान मत दो

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने अभिनेता आशुतोष राणा, सोनू सूद, अभिनेत्री तापसी पन्नू, राखी सावंत और योग गुरु रामदेव पर तीखा हमला बोला है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • ये घटना रविवार, 23 अगस्त की है.
  • नागपुर में मछलियां नष्ट की गईं
  • रोबोट और उसैन बोल्ट
  • फ़ोन पर हुए विवाद को लेकर महाराष्ट्र में एक परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई
  • नैटली हार्प के बारे में जानिए
  •  जेन ज़ी ने बताया उनके लिए क्या हैं आज़ादी के मायने
  • इनके पास अलग-अलग मौके के लिए हैं अलग-अलग तरह की नाक

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. कंगना रनौत ने आशुतोष राणा, सोनू सूद और योग गुरु रामदेव से कहा- मुझे ज्ञान मत दो

    कंगना रनौत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कंगना रनौत ने कहा कि उन्हें असफल लोगों से कोई सलाह नहीं चाहिए, वो उनका ज्ञान नहीं सुनना चाहती हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने अभिनेता आशुतोष राणा, सोनू सूद, अभिनेत्री तापसी पन्नू, राखी सावंत और योग गुरु रामदेव पर तीखा हमला बोला है.

    कंगना रनौत ने सोमवार को कहा कि उन्हें असफल लोगों से कोई सलाह नहीं चाहिए, वो उनका ज्ञान नहीं सुनना चाहती हैं.

    कंगना रनौत ने मीडिया से बातचीत में कहा, "आए दिन इस तरह के लोग.... चाहे वो आशुतोष राणा हों या सोनू सूद हों जो कहते हैं कि मुझे तरीक़ा सीखना चाहिए, राखी सावंत जो मेरे चरित्र पर भद्दी टिप्पणी करती हैं, तापसी पन्नू जो मेरे माता-पिता को अपमानित करती हैं, इन लोगों को मेरा संदेश है कि अगर आपने मेरे बराबर एक फ़ीसदी भी सफलता हासिल नहीं की है तो मैं आपका कोई ज्ञान नहीं सुनूँगी.... पहले आप कंगना रनौत बनकर दिखाएं."

    उन्होंने आगे कहा, "जहां तक बाबा रामदेव की बात है उन्होंने हर मर्यादा लांघ दी है. उन्होंने जिस तरह की टिप्पणी एक महिला पर की है सारा समाज शर्मसार है. महिलाओं के बारे में उनकी जो सोच है, उस पर उन्हें विचार करना चाहिए."

    गौरतलब है कि इससे पहले कंगना ने यह भी कहा था कि उन्हें कभी सुप्रीम कोर्ट से झूठे या फ़र्ज़ी मेडिकल दावों को लेकर फटकार नहीं पड़ी है, इसलिए योग गुरु रामदेव उन्हें चरित्र का पाठ न पढ़ाएं.

  2. दिल्ली में बारिश का रेड अलर्ट, इन राज्यों में भी मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

    बारिश

    इमेज स्रोत, ANI Video Grab

    इमेज कैप्शन, आईएमडी ने क़रीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना जताई है

    मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार सुबह दिल्ली के लगभग सभी ज़िलों में अगले दो से तीन घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

    आईएमडी के मुताबिक़, यह चेतावनी सुबह सवा दस बजे तक प्रभावी रहेगी.

    मौसम विभाग ने दिल्ली के सेंट्रल, ईस्ट, नई दिल्ली, नॉर्थ, नॉर्थ ईस्ट, नॉर्थ वेस्ट, शाहदरा, साउथ, साउथ ईस्ट, साउथ वेस्ट और वेस्ट दिल्ली में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, क़रीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना जताई है.

    इस दौरान हर घंटे 15 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है.

    इन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

    आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, केरल, मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड के कई ज़िलों में भी अगले कुछ घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

    लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

    मौसम विभाग ने प्रभावित इलाक़ों के लोगों से सतर्क रहने और ज़रूरी सावधानियां बरतने की अपील की है. लोगों को पेड़ों या कमज़ोर ढांचों के नीचे शरण लेने से बचने की सलाह दी गई है.

    स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से जारी अन्य एडवाइजरी का पालन करने को भी कहा गया है.

  3. डोनाल्ड ट्रंप की कनाडा को नई धमकी, ऑटो सेक्टर पर 50% टैरिफ़ लगाने की बात कही, नेदिन यूसिफ़, सीनियर कनाडा रिपोर्टर

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Samuel Corum/Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कनाडा के ऑटो सेक्टर पर टैरिफ़ दोगुना करने की बात कही (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से आयात होने वाली कारों, ट्रकों और ऑटो पार्ट्स पर टैरिफ़ 25 फ़ीसदी से बढ़ाकर 50 फ़ीसदी करने की धमकी दी है.

    ट्रंप ने सोमवार को कनाडा के ऑटो सेक्टर पर टैरिफ़ दोगुना करने की बात कही. ट्रंप का कहना है कि नया टैरिफ़ 1 जनवरी से लागू किया जाएगा.

    यह धमकी ऐसे समय में सामने आई है, जब अमेरिका और कनाडा के बीच ट्रेड से जुड़ी बातचीत ख़त्म हो गई है और दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया.

    कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने ट्रंप की ताज़ा टैरिफ़ धमकी को 'अप्रत्याशित' नहीं बताया. उन्होंने ट्रंप पर कनाडा के ऑटो उद्योग को ख़त्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाया.

    कार्नी ने कहा, "अगर अमेरिका सही रवैये के साथ बातचीत की मेज़ पर लौटता है, तो कनाडा भी वार्ता दोबारा शुरू करने के लिए तैयार है."

    पहले हुई वार्ता को लेकर कनाडाई अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका ने बातचीत के आख़िरी चरण में ऐसी मांगें रखीं, जिन्हें स्वीकार करना संभव नहीं था.

    इनमें एक प्रावधान भी शामिल था, जिसके तहत कनाडा किन देशों के साथ व्यापार समझौते कर सकता है, उस पर सीमाएँ लगाई जानी थीं.

    वहीं, अमेरिकी अधिकारियों ने इसके लिए कनाडा को ज़िम्मेदार ठहराया है. यूएस ट्रेड रिप्रजेंटेटिव जेमिसन ग्रीयर ने सोमवार को सीएनबीसी से बातचीत में कहा कि कनाडा की ओर से अधिक मांगें रखी गई थीं.

  4. पाकिस्तानी आर्मी चीफ़ मुनीर की मौजूदगी में बोले ईरानी राष्ट्रपति- दबाव और धौंस के ज़रिए...

    मसूद पेज़ेश्कियान और आसिम मुनीर

    इमेज स्रोत, Iranian Presidency/Anadolu via Getty Image

    इमेज कैप्शन, ईरानी राष्ट्रपति ने पाकिस्तान की मध्यस्थता के लिए उसका आभार जताया

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने सोमवार शाम पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर से मुलाक़ात की.

    इस दौरान उन्होंने अमेरिका से ईरान के प्रति अपना लहजा और रवैया बदलने की अपील की.

    पेज़ेश्कियान ने कहा कि दबाव और धौंस के ज़रिए आगे बढ़ने से समझौतों को लागू करने की प्रक्रिया और जटिल होगी.

    ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक़, उन्होंने कहा कि अमेरिका को ‘क़ानून और अंतरराष्ट्रीय मानकों’ के आधार पर ईरान के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं और इस्लामाबाद एमओयू का पालन करना चाहिए.

    ईरानी राष्ट्रपति ने पाकिस्तान की मध्यस्थता के लिए उसका आभार जताया.

    उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच लगातार सहयोग से इस्लामाबाद एमओयू के लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी.

    यह एमओयू जून में पाकिस्तान की मध्यस्थता से ईरान और अमेरिका के बीच हुआ था.

    गौरतलब है कि सोमवार को जनरल आसिम मुनीर से अलग-अलग बैठकों में ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बगर ग़ालिबाफ़ और सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी मोहसिन रेज़ाई ने भी अमेरिका से समझौते का पालन करने की मांग की.

  5. होर्मुज़ स्ट्रेट में तेल टैंकर पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला

    जहाज़

    इमेज स्रोत, Handout / ROYAL THAI NAVY / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, हमले के बाद टैंकर का इंजन रूम क्षतिग्रस्त हो गया और जहाज़ डिसेबल हो गया (सांकेतिक तस्वीर)

    स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ में एक तेल टैंकर पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किए जाने की घटना सामने आई है.

    ब्रिटिश मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ऑर्गनाइजेशन (यूकेएमटीओ) के मुताबिक़, हमले के बाद टैंकर का इंजन रूम क्षतिग्रस्त हो गया और जहाज़ डिसेबल हो गया.

    यूकेएमटीओ को टैंकर के कप्तान ने घटना की जानकारी दी. उनके अनुसार, यह घटना ओमान के जलक्षेत्र में अल-श़िशा इलाक़े से क़रीब 16 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में हुई.

    सोमवार शाम जारी बयान में यूकेएमटीओ ने बताया कि तेल टैंकर के कप्तान ने जहाज़ के एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने की सूचना दी. इसके चलते इंजन रूम को नुक़सान पहुंचा और जहाज़ की आवाजाही रुक गई.

    हालांकि, जहाज़ के चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और उनकी हालत सामान्य बताई गई है.

    इससे एक दिन पहले भी यूकेएमटीओ ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में व्यापारिक जहाज़ों की आवाजाही को लेकर जानकारी दी थी.

    यूकेएमटीओ के मुताबिक़, पिछले 48 घंटों के दौरान इस समुद्री मार्ग पर व्यापारिक यातायात कम रहा.

  6. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.