लाइव, कर्नाटक के इन मंदिरों में दान की निगरानी अब कैमरे से होगी, जानिए क्यों उठाया गया क़दम

हिमाचल प्रदेश के बाद कर्नाटक ऐसा दूसरा राज्य बन गया है जहां मुजराई मंदिरों में आने वाले सभी तरह के चढ़ावे की निगरानी के लिए सीसीटीवी कवरेज अनिवार्य कर दी गई है.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • पेट्रोल पंप
  • विंबलडन
  • फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप
  • रेने हिगुइता
  • मेहरान करीमी
  • Maharashtra cylinder
  • gaza football
  • trump Iran
  • प्रशांत किशोर
  • ज़िनेदिन ज़िदान

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, शिवांगी जायसवाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. कर्नाटक के इन मंदिरों में दान की निगरानी अब कैमरे से होगी, जानिए क्यों उठाया गया क़दम, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए

    बेंगलुरु के एक मंदिर का दृश्य

    इमेज स्रोत, Felix Zahn/Photothek via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बेंगलुरु के एक मंदिर का दृश्य (प्रतीकात्मक फ़ोटो)

    हिमाचल प्रदेश के बाद कर्नाटक ऐसा दूसरा राज्य बन गया है जहां मुजरई मंदिरों में आने वाले सभी तरह के चढ़ावे की निगरानी के लिए सीसीटीवी कवरेज अनिवार्य कर दी गई है.

    'मुजरई मंदिर' शब्द का प्रयोग आमतौर पर कर्नाटक राज्य में हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्त विभाग की ओर से प्रबंधित या वित्तपोषित मंदिरों के लिए किया जाता है.

    नए निर्देश के तहत नक़दी की गिनती और सोने, चांदी और आभूषणों का तत्काल मूल्यांकन भी सीसीटीवी निगरानी में किया जाएगा, ताकि चोरी और गड़बड़ियों को रोका जा सके.

    राज्य सरकार की ओर से जारी एसओपी से जुड़े विस्तृत सरकारी आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सीसीटीवी कैमरे सीधे ज़िला मजिस्ट्रेट के कार्यालय से जुड़े होंगे.

    साथ ही, मुजराई, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त समिति हर तीन महीने में इन व्यवस्थाओं की समीक्षा करेगी.

    कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश के ये नए आदेश अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना के बाद आए हैं.

    'सरकारी निगरानी वाले मंदिरों के दानपात्रों में चोरी के मामले आए'

    आदेश में कहा गया है, "देश के विभिन्न राज्यों में हाल की घटनाओं के कारण मंदिरों की हुंडियों (दानपात्रों) से चोरी और उनकी सुरक्षा को लेकर ख़बरें सामने आई हैं. इसके अलावा, राज्य के धार्मिक बंदोबस्ती विभाग के अधिकार क्षेत्र वाले मंदिरों में हुंडियों की गिनती और लेखांकन के दौरान चोरी और धन के दुरुपयोग जैसी घटनाओं की भी रिपोर्ट मिली है."

    अतिरिक्त मुख्य सचिव और राजस्व सचिव राजेंद्र कुमार कटारिया की ओर से जारी आदेश में कहा गया है, "सुरक्षा कारणों से मंदिरों में लगाए गए सीसीटीवी वेब कैमरों को संबंधित ज़िला मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक और स्थानीय पुलिस थाने के दफ़्तरों से जोड़ा जाना चाहिए. इनकी निगरानी के लिए ट्रैफ़िक कंट्रोल रूम की तर्ज़ पर डैशबोर्ड भी स्थापित किए जाएं."

    आदेश में कहा गया है कि डिजिटल भुगतान प्रणाली को और बढ़ावा देने के लिए सभी मंदिरों में क्यूआर कोड लगाए जाएं. इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं के नक़दी, बैग या पर्स लेकर आने के कारण भीड़ में होने वाली जेब काटने जैसी घटनाओं को कम करना है.

    साथ ही, किसी भी तरह के दुरुपयोग को रोकने के लिए क्यूआर कोड के नीचे संबंधित बैंक का विवरण (आईएफ़एससी आदि) भी प्रदर्शित किया जाए.

    आदेश में कहा गया है कि हुंडी (दानपात्र) को हटाने से लेकर हुंडी की गिनती में शामिल प्रत्येक कर्मचारी को रकम सौंपने और गिनती पूरी होने के बाद उसे वापस लेने तक की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाए. यह रिकॉर्डिंग तारीख़ और समय के साथ की जानी अनिवार्य होगी.

    चढ़ावे की गिनती में सिर्फ़ सरकारी कर्मी तैनात होंगे

    साथ ही, दानपात्र से प्राप्त धनराशि की गिनती के लिए केवल सरकारी कर्मचारियों, बैंक कर्मियों और होमगार्ड के जवानों की सेवाएं लेने को अनिवार्य किया गया है. आदेश के अनुसार, चोरी की किसी भी घटना की स्थिति में संबंधित मंदिर अधिकारियों और तालुका स्तर के अधिकारियों को सीधे तौर पर ज़िम्मेदार ठहराया जाएगा.

    आदेश के अनुसार, ज़िला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक हर महीने निगरानी रिपोर्ट तैयार कर विभाग के सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को भेजेंगे.

    शीर्ष 11 मंदिरों से होती है 600 करोड़ रुपये की आय

    कर्नाटक में मुजराई विभाग के तहत 35,566 मंदिर हैं. इनमें से केवल शीर्ष 11 मंदिरों को दान आदि से सालाना 600 करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है.

    मंदिरों को तीन श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है. सालाना 25 लाख रुपये या उससे अधिक आय वाले मंदिरों को ए श्रेणी में रखा गया है और ऐसे मंदिरों की संख्या 205 है.

    वहीं, सालाना 5 लाख रुपये से अधिक आय वाले 193 मंदिर बी श्रेणी में आते हैं.

    बाक़ी 34,168 मंदिरों की सालाना आय 5 लाख रुपये से कम है.

    सबसे अधिक आय वाला मंदिर कुक्के सुब्रह्मण्य मंदिर है, जिसकी सालाना आय लगभग 168 करोड़ रुपये है. पिछले दो दशकों में बॉलीवुड सितारे ऐश्वर्या राय, अमिताभ बच्चन और क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर समेत कई प्रसिद्ध हस्तियां इस मंदिर के दर्शन के लिए आ चुकी हैं.

  3. दतिया उपचुनाव: नए उम्मीदवार का प्रचार करते वक़्त भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा, शुरैह नियाज़ी, भोपाल से बीबीसी हिन्दी के लिए

    नरोत्तम मिश्रा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दतिया विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में बीजेपी ने इस बार नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा सोमवार को दतिया विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के प्रचार के दौरान भावुक हो गए.

    उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन के बाद आयोजित जनसभा में अपना संबोधन दे रहे थे. इसी दौरान वह भावुक हो गए.

    दरअसल, दतिया विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में बीजेपी ने इस बार नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है.

    नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर उनके समर्थकों में नाराज़गी भी देखने को मिली थी. नरोत्तम मिश्रा दतिया से तीन बार विधायक रहे हैं. हालांकि, वह इसी सीट से 2023 का विधानसभा चुनाव हार गए थे.

    नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "कांग्रेस कहती है कि भाजपा में फूट है. देख लीजिए, हम सब यहां साथ खड़े हैं. मैं इस उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को जिताने दतिया के एक-एक घर के सामने शीश नवाऊंगा."

    नरोत्तम मिश्रा जब यह बात बोल रहे थे तो उनका गला भर आया.

    दतिया से बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के दोपहर क़रीब ढाई बजे नामांकन भरने के बाद यह चुनावी सभा आयोजित की गई थी.

    इस सभा में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत पार्टी के अन्य नेता भी थे.

  4. ट्रंप का दावा- 'ईरान के साथ 11 घंटे बैठक चली पर वो अंतिम समय में पलट गया'

    राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि ईरानी प्रतिनिधियों के साथ लगभग 11 घंटे तक चली बैठक में लगभग सभी मुद्दों पर सहमति बन गई थी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ 11 घंटे लंबी बैठक चली थी, मगर वो अंतिम समय में पलट गए.

    उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ने अमेरिका के साथ होने वाले एक संभावित समझौते को अंतिम समय में बदलने की कोशिश कर "तोड़ दिया". उन्होंने यहां तक कहा है कि अमेरिका "संभवतः होर्मुज़ स्ट्रेट का संचालन करेगा."

    फ़ॉक्स न्यूज़ से फ़ोन पर बातचीत में ट्रंप ने ईरान के साथ हुई हालिया वार्ता पर विस्तार से बात की. उन्होंने दावा किया कि ईरानी प्रतिनिधियों के साथ लगभग 11 घंटे तक चली बैठक में लगभग सभी मुद्दों पर सहमति बन गई थी.

    उन्होंने कहा कि "ईरान ने कल (रविवार) 11 घंटे लंबी बैठक की थी."

    ट्रंप के मुताबिक़, इस दौरान "हर बात पर सहमति बन गई थी". उनका इशारा अमेरिका के साथ संभावित समझौते की ओर था.

    ट्रंप ने कहा, "इन लोगों के साथ हर चीज़ में 11 घंटे लग जाते हैं. यह काम एक मिनट में हो जाना चाहिए."

    हालाँकि, उनके अनुसार बैठक के बाद ईरानी प्रतिनिधि कमरे से चले गए. फिर उन्होंने दोबारा संपर्क कर कहा कि उन्हें "कुछ बदलाव करने हैं."

    ट्रंप ने कहा, "हमेशा बदलाव होते रहते हैं. वे पेशेवर वार्ताकार हैं, बस यही उनका काम है. मैं यह भी नहीं कहूँगा कि वे इसमें बहुत अच्छे हैं. उन्हें मुझसे कुछ भी हासिल नहीं हुआ."

    उन्होंने ईरान पर आरोप लगाया कि उसने 47 वर्षों तक अमेरिकी राष्ट्रपतियों को उलझाकर रखा.

  5. दिल्ली दंगा: आईबी अफ़सर अंकित शर्मा की हत्या में पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन समेत 5 दोषी

    आईबी अफ़सर अंकित शर्मा
    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन (बाएं) को दिल्ली हिंसा में मारे गए आईबी कर्मी अंकित शर्मा की हत्या का दोषी माना गया है

    साल 2020 में हुए दिल्ली दंगे के दौरान बहुचर्चित आईबी कर्मी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में दिल्ली की एक अदालत ने फ़ैसला सुनाया है.

    कड़कड़डूमा कोर्ट ने इस मामले में पूर्व आम आदमी पार्टी पार्षद ताहिर हुसैन सहित पांच अभियुक्तों को हत्या का दोषी करार दिया है जबकि छह अन्य अभियुक्तों को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया.

    एडीशनल सेशन जज प्रवीण सिंह की अदालत ने 11 अभियुक्तों के खिलाफ़ फ़ैसला सुनाया.

    कानूनी मामलों की रिपोर्टिंग करने वाली समाचार वेबसाइट लाइव लॉ के मुताबिक़, कोर्ट ने ताहिर हुसैन के अलावा नाज़िम, काशिम, अनस, जावेद को हत्या, अपहरण, दुश्मनी को बढ़ावा देने और दंगा करने का दोषी ठहराया.

    फ़ैसले के बाद अधिवक्ता अब्दुल ग़फ़्फ़ार ने कहा, "11 अभियुक्तों में से मैं चार अभियुक्तों की पैरवी कर रहा था. इनमें से मेरे दो मुवक्किल बरी हो गए हैं, जबकि दो को हत्या, अपहरण और दंगा करने का दोषी ठहराया है."

    बता दें कि दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाक़े में 2020 में फ़रवरी के आख़िरी सप्ताह में दंगे हुए थे, जिसमें सरकारी आंकड़ों के अनुसार 52 लोगों की मौत हुई थी.

    मरने वालों में गुप्तचर एजेंसी आईबी के एक कर्मचारी अंकित शर्मा भी थे.

  6. लॉर्ड्स टेस्ट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास | दिनभर

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. लॉर्ड्स पर खेले गए पहले महिला टेस्ट मैच में भारत की ऐतिहासिक जीत, तस्वीरें देखिए

    लॉर्ड्स टेस्ट जीतने के बाद टीम के साथ ट्रॉफ़ी उठाकर जश्न मनातीं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर

    इमेज स्रोत, PA

    इमेज कैप्शन, लॉर्ड्स टेस्ट जीतने के बाद टीम के साथ ट्रॉफ़ी उठाकर जश्न मनातीं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर

    ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पहले महिला टेस्ट मैच में भारत ने इंग्लैंड को 270 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की.

    यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए एक बड़ी उपलब्धि है क्योंकि लॉर्ड्स में पुरुषों का पहला टेस्ट मैच होने के 142 साल बाद महिला टेस्ट मैच हो रहा था.

    कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम ने मैच के हर विभाग में बेहतरीन प्रदर्शन किया और इतिहास रच दिया.

    भारत की ओर से यास्तिका भाटिया ने शतक जड़ा और क्रांति गौड़ ने पहली पारी में 5 विकेट लिए और कुल 7 विकेट झटके.

    स्मृति मंधाना ने दोनों पारियों में अर्धशतकीय पारी खेली. इस मुक़ाबले को कई यादगार प्रदर्शनों और अहम उपलब्धियों के लिए भी याद रखा जाएगा.

    आइए, तस्वीरों के ज़रिए देखते हैं भारत की इस ऐतिहासिक जीत की झलकियाँ.

    ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पहले महिला टेस्ट क्रिकेट मैच को भारत ने जीत लिया है

    इमेज स्रोत, Action Images/Reuters

    इमेज कैप्शन, ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पहले महिला टेस्ट क्रिकेट मैच को भारत ने जीत लिया है
    लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की भारी भीड़ मौजूद थी

    इमेज स्रोत, PA

    इमेज कैप्शन, लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की भारी भीड़ मौजूद थी
    लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान आउट हो जाने के बाद इंग्लैंड की हीदर नाइट और भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने हाथ मिलाया

    इमेज स्रोत, Philip Brown/Getty Images

    इमेज कैप्शन, लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान आउट हो जाने के बाद इंग्लैंड की हीदर नाइट और भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने हाथ मिलाया
    मैच जीतने के बाद ट्रॉफ़ी के साथ जश्न मनातीं भारत की क्रांति गौड़

    इमेज स्रोत, Action Images/Reuters

    इमेज कैप्शन, मैच जीतने के बाद ट्रॉफ़ी के साथ जश्न मनातीं भारत की क्रांति गौड़
    इंग्लैंड की हीदर नाइट को गले लगातीं सोफ़ी एक्लेस्टोन

    इमेज स्रोत, Cat Goryn

    इमेज कैप्शन, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद मैच के अंत में इंग्लैंड की हीदर नाइट को गले लगातीं सोफ़ी एक्लेस्टोन
  8. नगालैंड में संदिग्ध आईईडी धमाका, असम राइफ़ल्स के एक जवान की हुई मौत, दिलीप कुमार शर्मा, बीबीसी हिन्दी के लिए

    असम राइफल

    इमेज स्रोत, David Talukdar/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पूर्वोत्तर भारत में असम राइफ़ल्स पर एक सप्ताह में दूसरा हमला (प्रतीकात्मक फ़ोटो)

    नगालैंड में एक संदिग्ध आईईडी ब्लास्ट में असम राइफ़ल्स के एक जवान की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए हैं.

    पूर्वोत्तर भारत में असम राइफ़ल्स पर एक सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरा हमला है.

    असम राइफ़ल्स के कोहिमा स्थित जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अमित शुक्ला ने इस धमाके के बारे में जानकारी दी है.

    उन्होंने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "सुखोवी के पास असम राइफ़ल्स के वाहनों पर संदिग्ध आईईडी विस्फोट की सूचना मिली है. इस धमाके में एक व्यक्ति की मौत हुई और 4 घायल हुए हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "फ़िलहाल इलाके में ऑपरेशन जारी है. हम अधिक जानकारी की प्रतीक्षा कर रहें है."

    इससे पहले बीते सप्ताह मणिपुर के उखरुल में असम राइफ़ल्स के एक काफ़िले पर घात लगाकर किए गए हमले में 2 जवानों की मौत हो गई थी.

    भारत का सबसे पुराना अर्धसैनिक बल असम राइफ़ल्स, दशकों से पूर्वोत्तर में सुरक्षा अभियानों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है.

  9. होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ों पर हमले जारी, इन यूरोपीय देशों ने जारी किया साझा बयान

    अमेरिकी हमलों से पहले होर्मुज़ स्ट्रेट में मौजूद ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड की नौकाएँ

    इमेज स्रोत, US CENTRAL COMMAND

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी हमलों से पहले होर्मुज़ स्ट्रेट में मौजूद ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड की नौकाएँ

    बीबीसी वेरिफ़ाई की टीम होर्मुज़ में जहाज़ों की आवाजाही पर नज़र रख रही है. उसके मुताबिक़, रविवार शाम के बाद से कोई भी कमर्शियल जहाज़ इस स्ट्रेट से नहीं गुज़रा है.

    होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे जहाज़ों पर हमलों की घटनाएं जारी हैं. अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने इस अहम जलमार्ग में वाणिज्यिक जहाज़ों पर ईरानी हमलों के जवाब में कई हवाई हमले किए.

    जबकि ईरान ने कहा कि उसने जवाबी कार्रवाई करते हुए कुवैत, जॉर्डन और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए.

    उधर, ब्रिटेन, फ़्रांस और जर्मनी के समूह ई3 ने कल रात एक संयुक्त बयान जारी करके ईरान की निंदा की है.

    होर्मुज़

    इमेज स्रोत, maps4media via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीबीसी वेरिफ़ाई की टीम होर्मुज़ में जहाज़ों की आवाजाही पर नज़र रख रही है जिसने पाया कि रविवार शाम के बाद से कोई भी कमर्शियल जहाज़ इस स्ट्रेट से नहीं गुज़रा है (सांकेतिक फ़ोटो)

    ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूके मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने हाल के दिनों में इस अहम जलमार्ग में हुई इन घटनाओं की जानकारी दी है.

    5 जुलाई: यमन के तट के पास एक मालवाहक जहाज़ ने बताया कि उस पर अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने हमला किया.

    6 जुलाई: ओमान तट के पास टैंकर एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आ गया, जिससे जहाज़ में आग लगी मगर कोई हताहत नहीं.

    7 जुलाई: इसी क्षेत्र में एक टैंकर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से टकराया. जहाज़ को ढांचागत नुक़सान हुआ, लेकिन कोई जनहानि नहीं.

    उसी इलाक़े में एक अन्य टैंकर को एक अज्ञात मानव-रहित हवाई वाहन (ड्रोन) ने निशाना बनाया. उसे मामूली ढांचागत नुक़सान पहुँचा.

    12 जुलाई: ओमान के तट के पास एक कंटेनर जहाज़ को नुक़सान पहुँचा, जिससे उसमें आग लग गई. इसके बाद चालक दल ने जहाज़ छोड़ दिया और स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षित बचा लिया.

  10. कार्टून: समस्या, समाधान और समस्या

    इथेनॉल पर बीबीसी कार्टून
    इमेज कैप्शन, इथेनॉल को लेकर जारी बहस पर आज का कार्टून
  11. छत्तीसगढ़: मॉनसून सत्र के पहले दिन राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर हंगामा, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ विधानसभा

    इमेज स्रोत, CG Vidhansabha

    इमेज कैप्शन, छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को पांच दिवसीय मॉनसून सत्र की शुरुआत हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को पांच दिवसीय मॉनसून सत्र के पहले दिन राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर हंगामा हुआ, जिसके बाद विधानसभा की कार्रवाई मंगलवार तक के लिए स्थगित करनी पड़ी.

    दिवंगत पंडवानी कलाकार तीजन बाई को श्रद्धांजलि और प्रश्नकाल के बाद जब सदन की कार्रवाई शुरू हुई तो अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर बहस शुरू हो गई.

    विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह के आसन पर बैठने के साथ ही विपक्षी सदस्यों ने अयोध्या मामले को लेकर टीका-टिप्पणी शुरू कर दी.

    विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने विपक्ष द्वारा इस विषय पर लाए गए स्थगन प्रस्ताव को छत्तीसगढ़ से संबंधित नहीं होने का हवाला देते हुए उसे मंज़ूरी नहीं दी.

    इस दौरान चंदा चोरी के पोस्टर लेकर विधानसभा में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने आरोप लगाया कि अयोध्या में रामभक्तों के साथ धोखा हुआ है.

    विपक्षी दलों की नारेबाज़ी और सत्ता पक्ष की टोका-टाकी के बीच सदन की कार्रवाई पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी गई.

    विधानसभा की कार्रवाई जब दोबारा शुरू हुई तो फिर से इस मुद्दे पर विपक्षी विधायकों ने सरकार को घेरने की कोशिश की.

    पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, "छत्तीसगढ़ के लोगों ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया था लेकिन उसमें डकैती पड़ गई."

    उनके इस वक्तव्य के बाद सत्ता पक्ष ने हंगामा शुरू किया और फिर कार्यवाही स्थगित कर दी गई.

    'सदन में मंदिर निर्माण पर चर्चा हो सकती है तो चोरी पर क्यों नहीं'

    पूर्व मुख्यमंत्री बघेल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सदन में मंदिर चढ़ावा विवाद पर चर्चा न होने को लेकर सवाल उठाए

    पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकारों से कहा, "हमने श्रीराम जन्म भूमि न्यास को चेक संख्या 110443 से 12 फरवरी 2021 को 1 लाख, 21 हज़ार चंदा दिया."

    उन्होंने आगे कहा, "फिर जब राम मंदिर बना तो तब भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल सदन में धन्यवाद प्रस्ताव लाए थे."

    "जब अयोध्या मंदिर निर्माण पर यहां चर्चा हो सकती है तो फिर वहां के चढ़ावा चोरी पर, निर्माण में कमीशनख़ोरी पर, ज़मीन ख़रीद में गड़बड़ी पर यहां चर्चा क्यों नहीं हो सकती?"

    भूपेश बघेल ने कहा, "अयोध्या के ट्रस्ट को प्रधानमंत्री ने बनाया, उद्घाटन प्रधानमंत्री ने किया ध्वजारोहण प्रधानमंत्री ने किया, इस ट्रस्ट के मेंबर भी प्रधानमंत्री हैं. ऐसे में प्रधानमंत्री को सामने आकर जवाब देना चाहिए आख़िर इस मामले पर वो चुप क्यों हैं?"

  12. राम मंदिर का प्रबंधन सीईओ के हाथ में जाएगा, ट्रस्ट ने निकाली ये वैकेंसी

    राम मंदिर ट्रस्ट इस मंदिर का प्रबंधन देखता है

    इमेज स्रोत, Ritesh Shukla/Getty Images

    इमेज कैप्शन, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, राम मंदिर का प्रबंधन देखता है

    राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े विवाद के बीच मंदिर ट्रस्ट ने सीईओ पद के लिए भर्ती निकाली है.

    श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करके सीईओ पद के लिए 28 जुलाई तक आवेदन मांगे हैं.

    सीईओ पद के उम्मीदवार के लिए उम्र सीमा 50 से 70 साल के बीच रखी गई है. उम्मीदवार का हिन्दू धर्म से होना और ग्रेजुएट होना आवश्यक बताया गया है.

    इसके साथ ही उम्मीदवार को किसी बड़ी कंपनी के मैनेजमेंट से जुड़ी जिम्मेदारी का कम से कम बीस साल का अनुभव होना चाहिए.

    गौरतलब है कि यह वैकेंसी ऐसी समय में सामने आई है जबकि मंदिर ट्रस्ट पर चढ़ावे में अनियमितता के आरोप लग रहे हैं. इस मामले में ट्रस्ट से जुड़े आठ लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय के पद से इस्तीफ़ा देने के बाद कृष्ण मोहन को इस पद की अंतरिम जिम्मेदारी सौंपी गई है.

    बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण और प्रबंधन के लिए भारत सरकार ने 5 फरवरी 2020 को इस ट्रस्ट का गठन किया था. इसे सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मंदिर निर्माण की देखरेख और संचालन के लिए बनाया गया था

  13. चलती ट्रेन में धार्मिक अनुष्ठान का वीडियो वायरल, रेलवे ने क्या बताया

    रेलवे

    इमेज स्रोत, Raju Shinde/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, एक चलती ट्रेन की कोच में धार्मिक अनुष्ठान किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं (प्रतीकात्मक फ़ोटो)

    सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें चलती हुई एक ट्रेन के कोच के अंदर धार्मिक अनुष्ठान होता दिखाई दे रहा है.

    इस वीडियो को शेयर करते हुए कई सोशल मीडिया यूजर सवाल पूछ रहे हैं कि क्या ऐसे अनुष्ठान चलती ट्रेन के अंदर किए जा सकते हैं?

    वीडियो के वायरल होने के बाद उत्तर रेलवे ने एक्स पर पोस्ट करके बताया है कि यह अनुष्ठान एक निजी तौर पर बुक किए गए सैलून कोच में हुआ था, जिसे तीन लाख रुपये में बुक किया गया.

    "यह कोच आईआरसीटीसी के ज़रिए कमर्शियल बुकिंग के तहत एलॉट किया गया था. इसकी बुकिंग बीती आठ जुलाई को 3,08,580 रुपये की एडवांस राशि के साथ हुई"

    साथ ही, उत्तरी रेलवे ने कहा है कि "यात्रियों की सुरक्षित यात्रा उसकी जिम्मेदारी है. इस घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है. वीडियो में जो पुजारी अभिषेक करते हुए दिखाई दे रहे हैं, वह पूजा एक सैलून कोच के अंदर की जा रही थी, जिसे संबंधित पक्ष ने बुक कराया था."

    सैलून कोच ट्रेन का एक निजी और अत्याधुनिक डिब्बा होता है, जिसे आमतौर पर वरिष्ठ अधिकारियों और वीआईपी लोगों के लिए बनाया जाता है.

    इसमें एक बेडरूम, छोटी रसोई, बैठक और डायनिंग रूम के अलावा अटैच वॉशरूम जैसी सुविधाएं होती हैं.

  14. ईरान का आरोप- अमेरिका लगातार अपने वादे तोड़ रहा है, समझौता ख़तरे में

    इस्लाइल बक़ाई

    इमेज स्रोत, LightRocket via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस्माइल बक़ाई ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक के अपने परमाणु ठिकानों तक पहुंच के अनुरोध को ईरान नहीं मानेगा.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा है कि अमेरिकी दबाव के कारण ईरान स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में परिवहन व्यवस्था को लेकर ओमान के साथ सहमति तक नहीं पहुंच पाया है.

    सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस्माइल बक़ाई ने बताया कि बीते शनिवार को ईरान और ओमान के विदेश मंत्रियों के बीच बैठक हुई थी.

    उन्होंने कहा, "शनिवार को मस्कट में हुई बातचीत में केवल होर्मुज़, विशेष रूप से समझौता ज्ञापन के अनुच्छेद पाँच पर ध्यान केंद्रित किया गया. हमें खेद है कि अमेरिका ने ओमान पर डाले जा रहे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दबाव के कारण मस्कट में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी."

    उन्होंने आगे कहा कि "अमेरिका ने समझौता ज्ञापन की 14 धाराओं को तोड़-मरोड़ कर पेश किया. इसमें कोई संदेह नहीं है कि अब यह दस्तावेज़ संकट के दौर में प्रवेश कर चुका है. ईरान ने कभी भी अपने वादों का उल्लंघन करने की पहल नहीं की है. लगातार अपने वादे तोड़ने वाला देश अमेरिका है."

    इस्माइल बक़ाई ने कहा, "अमेरिका अपना वादा तोड़ने में इतने जल्दबाज़ी में था कि उसने समझौता ज्ञापन के खंड पांच में शामिल एक महीने की अवधि को भी पूरा होने नहीं दिया."

    इस्माइल बक़ाई ने यह भी कहा कि ईरान अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक के अपने परमाणु ठिकानों तक पहुंच के अनुरोध को नहीं मानेगा.

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिन्दी की कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.- वैभव सूर्यवंशी ने बताया विंबलडन फ़ाइनल देखने के लिए किसने उन्हें कपड़े दिलाए?

  16. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र, यूपी सरकार और ट्रस्ट को नोटिस जारी किया

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) को अब तक हुई जांच की रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया है.

    इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) को अब तक हुई जांच की रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है.

    भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने मामले की सुनवाई की.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि जांच की रिपोर्ट सीलबंद लिफ़ाफ़े में दाखिल की जाएगी.

    इस मामले में एक याचिका नरेंद्र कुमार गोस्वामी ने दाखिल की है, जिसमें उन्होंने कथित चंदा चोरी की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है. उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन की जांच सीएजी कराने की मांग भी की है.

    वहीं, अजय कुमार राय और दिनेश कुमार यादव की ओर से दायर एक याचिका में भी सीबीआई जांच की मांग की गई है. याचिका में केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को दानदाताओं के हितों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश देने की मांग की गई है.

  17. 'ख़ान सर' को फ़ायरिंग केस में बड़ी राहत

    फ़ैसल ख़ान उर्फ़ ख़ान सर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, फ़ैसल ख़ान उर्फ़ ख़ान सर (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार के पटना की एक अदालत ने सोमवार को शिक्षक फ़ैसल ख़ान उर्फ़ ख़ान सर को कोचिंग संस्थान फ़ायरिंग मामले में अग्रिम ज़मानत दे दी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, फ़ैसल ख़ान के वकील ने बताया कि कोचिंग संस्थान के तीन कर्मचारियों को भी अग्रिम ज़मानत मिल गई.

    वकील अरविंद कुमार ने पत्रकारों से कहा, "कुल छह लोगों को ज़मानत मिली है. जज ने सबसे पहले ख़ान सर की अग्रिम ज़मानत का ऐलान किया, इसके बाद उनके तीन कर्मचारियों की अग्रिम ज़मानत का भी ऐलान किया."

    उन्होंने बताया कि पटना सिविल कोर्ट ने मामले में गिरफ्तार किए गए दो सुरक्षा गार्डों को भी ज़मानत दे दी. आठ जुलाई को दोनों पक्षों की अंतिम दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अपना फ़ैसला सुरक्षित रख लिया था.

    यह मामला इसी साल जून महीने की शुरुआत में हुई फ़ायरिंग की घटना से जुड़ा है.

    आरोप है कि कुछ लोगों ने ख़ान सर के कोचिंग संस्थान में तोड़फ़ोड़ की थी. इसी दौरान उनके दो सुरक्षा गार्डों पर भी आरोप लगा कि उन्होंने फ़ायरिंग की थी.

  18. 'जुरासिक पार्क' फ़ेम अभिनेता सैम नील का 78 साल की उम्र में निधन

    सैम नील

    इमेज स्रोत, Universal Studios

    इमेज कैप्शन, सैम नील ने साल 1993 में रिलीज़ हुई पहली 'जुरासिक पार्क' फिल्म में डॉ एलन ग्रांट का यादगार किरदार निभाया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सैम नील का सोमवार को 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. फिल्म 'जुरासिक पार्क' में निभाए गए किरदार के लिए वो दुनियाभर में मशहूर हुए थे.

    सैम नील के परिवार ने जानकारी देते हुए कहा कि उनका निधन अचानक और अप्रत्याशित रूप से हुआ. उन्होंने सिडनी में अपने परिवार के बीच अंतिम सांस ली.

    साल 2023 में सैम नील ने जानकारी दी थी कि उन्हें कैंसर होने का पता चला था. हालांकि, इसी साल अप्रैल में उन्होंने बताया था कि वह कैंसर मुक्त हो चुके हैं.

    सैम नील

    इमेज स्रोत, Chris Hyde/Getty Images for AFI

    इमेज कैप्शन, सैम नील ने द पियानो, द हंट फॉर रेड अक्टूबर और इवेंट होराइजन जैसी चर्चित फिल्मों में काम किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तरी आयरलैंड में जन्मे सैम नील जब 7 साल के थे, तब उनका परिवार न्यूज़ीलैंड आ गया था. बाद में उन्होंने लोकप्रिय सिरीज़ 'पीकी ब्लाइंडर्स' में बेलफास्ट के एक पुलिस प्रमुख की भूमिका निभाई थी.

    सैम नील ने साल 1993 में रिलीज़ हुई पहली 'जुरासिक पार्क' फिल्म में डॉ एलन ग्रांट का यादगार किरदार निभाया था.

    इसके बाद उन्होंने इस किरदार को इसी फ्रेंचाइजी की आगे की फिल्मों में भी दोहराया. इसके अलावा वह द पियानो, द हंट फॉर रेड अक्टूबर और इवेंट होराइजन जैसी चर्चित फिल्मों में अपने अभिनय के लिए भी जाने जाते थे.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, चेन्नई सुपर किंग्स से 18 साल बाद अलग हुए हेड कोच स्टीफ़न फ़्लेमिंग

    स्टीफ़न फ़्लेमिंग

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्टीफ़न फ़्लेमिंग 2009 से चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच की ज़िम्मेदारी संभाल रहे थे (फ़ाइल फ़ोटो)

    चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और इसके हेड कोच स्टीफ़न फ़्लेमिंग ने आपसी सहमति से एक-दूसरे से अलग होने का फ़ैसला किया है.

    चेन्नई सुपर किंग्स के आधिकारिक एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी दी गई है.

    चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से जारी किए गए बयान में बताया गया कि यह फ़ैसला स्टीफ़न फ़्लेमिंग और मैनेजमेंट के बीच कई बार हुई बातचीत लिया गया.

    फ़्लेमिंग आईपीएल के पहले सीज़न (2008) में खिलाड़ी के तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े थे और 2009 में उन्होंने हेड कोच की ज़िम्मेदारी संभाली.

    फ़्लेमिंग की कोचिंग में सीएसके ने 5 आईपीएल ख़िताब और 2 चैंपियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट जीते. टीम 12 बार प्लेऑफ़ में पहुंची और 10 आईपीएल फ़ाइनल भी खेले.

    चेन्नई सुपर किंग्स की मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा, "स्टीफ़न फ़्लेमिंग लगभग पूरी फ़्रेंचाइज़ी यात्रा के दौरान हमारी कोचिंग टीम की सबसे अहम कड़ी रहे हैं. क़रीब दो दशक तक उन्होंने हमारी पहचान, सोच और बेहतर प्रदर्शन की कोशिश को आकार दिया."

    स्टीफ़न फ़्लेमिंग ने कहा, "स्पोर्ट्स में 18 साल बहुत लंबा समय होता है और मैं यहां से सिर्फ़ आभार के साथ जा रहा हूं. चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे सबसे यादगार दौर रहा है. हमने जो कुछ हासिल किया, उस पर मुझे गर्व है."

  20. आईआरजीसी का दावा- अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए

    आईआरजीसी

    इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आईआरजीसी ने दावा किया कि रविवार और सोमवार सुबह हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में यह कार्रवाई की गई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए हैं.

    आईआरजीसी ने दावा किया कि रविवार और सोमवार सुबह हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में यह कार्रवाई की गई है.

    बीबीसी फारसी ने आईआरजीसी के हवाले से बताया कि इन हमलों में कई महत्वपूर्ण ठिकानों और सैन्य संसाधनों को नुकसान पहुंचाया गया है.

    आईआरजीसी ने सोमवार सुबह जारी किए गए बयान में कहा, "जॉर्डन के प्रिंस हसन एयर बेस पर मौजूद बड़े मिसाइल भंडार और ईंधन टैंकों को मिसाइलों और ड्रोन हमलों से निशाना बनाया गया, जिससे वहां आग लग गई."

    आईआरजीसी ने बताया कि बहरीन स्थित शेख़ ईसा एयर बेस को निशाना बनाया.

    आईआरजीसी के अनुसार, इस हमले में अमेरिकी सेना के हेलिकॉप्टर रखरखाव केंद्र, पी-8 इलेक्ट्रॉनिक युद्धक विमान के हैंगर, ड्रोन कमांड और कंट्रोल सेंटर को निशाना बनाया गया.