You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, इसराइल और लेबनान के बीच अमेरिका में होगी बातचीत, लेबनानी गृह मंत्री ने क्या कहा

लेबनान के राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक़, इसराइल और लेबनान के बीच बातचीत अगले हफ़्ते मंगलवार को वॉशिंगटन में शुरू होगी, जिसमें इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच संघर्षविराम पर चर्चा की जाएगी.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. इसराइल और लेबनान के बीच अमेरिका में होगी बातचीत, लेबनानी गृह मंत्री ने क्या कहा

    लेबनान के राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक़, इसराइल और लेबनान के बीच बातचीत अगले हफ़्ते मंगलवार को वॉशिंगटन में शुरू होगी, जिसमें इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच संघर्षविराम पर चर्चा की जाएगी.

    इस बातचीत में अमेरिका मध्यस्थ की भूमिका निभाएगा.

    राष्ट्रपति जोसेफ औन के कार्यालय ने कहा कि दोनों देश अमेरिका में मिलेंगे, जहां "संघर्षविराम की घोषणा और (इसराइल और लेबनान के बीच) सीधी वार्ता शुरू करने की तारीख़ तय करने" की कोशिश की जाएगी.

    कई रिपोर्ट्स में कहा गया कि शुक्रवार को अमेरिका में लेबनान और इसराइल के राजदूतों के बीच बातचीत हुई थी. इसमें लेबनान में अमेरिकी राजदूत भी शामिल थे. इस बातचीत का मक़सद संघर्षविराम के लिए बैठक का आयोजन करना था.

    इस बीच लेबनान के गृह मंत्री अहमद हज्जार ने कहा है कि उनके देश का लक्ष्य संघर्षविराम तक पहुँचना है.

    बीबीसी अरबी सेवा की संवाददाता कैरीन टोर्बी के मुताबिक़, हज्जार ने कहा, "लक्ष्य संघर्षविराम है. इसके लिए जो भी करना पड़े, दुनिया के किसी भी कोने तक जाना हो, हम इसके लिए तैयार हैं, जिससे कि अपने देश के लिए सुरक्षा, शांति और स्थिरता हासिल कर सकें".

    उन्होंने कहा, "हम कूटनीतिक रास्ते पर बहुत गंभीरता से काम कर रहे हैं".

    हज्जार ने यह बयान उस जगह पर दिया जहाँ इसराइल ने बुधवार को हमला किया था.

    लेबनान के गृह मंत्री बेरूत में बड़े इसराइली हमले वाली एक जगह पर पहुँचे थे. इस जगह पर इसराइल ने बुधवार को हमला किया था.

    हालिया घटनाक्रम को देखते हुए बीबीसी को लगता है कि संघर्षविराम पहले लागू होने की सूरत में ही लेबनान के अधिकारी इसराइल के साथ सीधी वार्ता में शामिल होंगे.

  2. ईरान से बातचीत के लिए इस्लामाबाद जा रहा अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल पेरिस पहुँचा

    अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ईरान के साथ शांति वार्ता में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए पाकिस्तान जा रहे हैं.

    उनका विमान 'एयर फ़ोर्स टू' फ़्रांस की राजधानी पेरिस में पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक़ ईंधन भरने के लिए रुका.

    रवाना होने से पहले वेंस ने पत्रकारों से कहा, "अगर ईरान अच्छी भावना से बातचीत के लिए तैयार है, तो हम भी खुले दिल से आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं".

    लेकिन उपराष्ट्रपति ने चेतावनी भी दी. उन्होंने कहा, "अगर वे हमें बेवकूफ़ बनाने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें पता चलेगा कि बातचीत करने वाली (अमेरिकी) टीम इतनी सहज नहीं है".

    उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी वार्ता टीम को 'कुछ स्पष्ट दिशा-निर्देश' दिए हैं.

    अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति के दामाद जैरेड कुशनर भी शामिल हैं, जो ट्रंप के पहले कार्यकाल में सलाहकार रह चुके हैं. इसके अलावा अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ भी इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं.

    ये दोनों पहले इसराइल-ग़ज़ा युद्ध को ख़त्म करने के लिए युद्धविराम वार्ता और रूस-यूक्रेन के बीच लड़ाई रोकने के प्रयासों में अमेरिका की ओर से बातचीत में शामिल रहे हैं.

  3. ईरानी प्रतिनिधिमंडल जिस फ़्लाइट से इस्लामाबाद पहुँचा, उसका नाम 'मिनाब 168' क्यों रखा गया

    ईरान की सरकार के मुताबिक़, अमेरिका से बातचीत के लिए ईरानी प्रतिनिधिमंडल जिस विमान से पाकिस्तान के इस्लामाबाद पहुँचा है, उसका नाम 'मिनाब 168' रखा गया है.

    ईरान में पिछले दिनों लड़कियों के स्कूल पर हुए हमले पर इस फ़्लाइट का नाम रखा है. इस हमले में मारे गए लोगों में ज़्यादातर बच्चे थे.

    ईरानी अधिकारियों के अनुसार, 28 फ़रवरी को हुए मिसाइल हमले में ये लोग मारे गए थे, जिसमें ईरान के मिनाब शहर में स्थित लड़कियों का प्राथमिक स्कूल तबाह हो गया था.

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ अमेरिकी जाँचकर्ताओं का मानना है कि संभव है कि अमेरिकी बलों ने अनजाने में इस स्कूल को निशाना बना दिया हो. अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पहले ही कह चुके हैं कि इस मामले की जाँच की जा रही है.

    पाकिस्तान में उतरने के बाद ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने एक्स पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें विमान की सीटों पर चार बच्चों की तस्वीरें रखी हुई दिखती हैं. हर तस्वीर के साथ एक स्कूली बैग और एक-एक फूल रखा गया है.

    उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "इस फ़्लाइट में मेरे साथी".

  4. ट्रंप ने ईरान से बातचीत और होर्मुज़ को लेकर अब दिया ये बयान

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा है कि अमेरिका-ईरान वार्ता एक बार में ख़त्म हो जाएगी या आने वाले हफ़्तों में जारी रहेगी, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है.

    जब उनसे पूछा गया कि क्या कोई बैकअप प्लान है, तो उन्होंने कहा, "बैकअप प्लान की ज़रूरत नहीं है".

    ट्रंप ने ये बातें वर्जीनिया के शार्लोट्सविले जाने के लिए विमान में सवार होते समय पत्रकारों से बातचीत में कही हैं.

    उनसे यह भी पूछा गया कि इस्लामाबाद में वार्ता के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से क्या कहा, तो ट्रंप ने जवाब दिया, "मैंने उन्हें शुभकामनाएँ दीं".

    एक अन्य पत्रकार ने ट्रंप से पूछा कि उनके मुताबिक़ ईरान के साथ एक अच्छा समझौता कैसा होगा.

    इस पर उन्होंने कहा, "कोई परमाणु हथियार नहीं", और यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि सत्ता में बदलाव पहले ही हो चुका है.

    उन्होंने यह भी कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट ईरान के सहयोग के साथ या बिना भी खुल जाएगा, हालाँकि उन्होंने कहा कि अमेरिका को इसकी ज़रूरत नहीं है.

    ट्रंप ने कहा, "हम इसे बहुत जल्द खुलवा देंगे".

    अमेरिकी राष्ट्रपति से उन रिपोर्ट्स के बारे में भी पूछा गया जिनमें कहा गया है कि ईरान होर्मुज़ से गुजरने वाले जहाज़ों पर शुल्क लगा सकता है, इस पर उन्होंने जवाब दिया, "हम ऐसा नहीं होने देंगे".

  5. ईरान का प्रतिनिधिमंडल अमेरिका से बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुँचा

    ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया है कि अमेरिका के साथ होने वाली शांति वार्ता के लिए ईरान का प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुँच गया है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुँच गया है. स्थानीय मीडिया का कहना है कि नूर ख़ान हवाई अड्डे पर ईरानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया.

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने उनका स्वागत किया. इस दौरान नेशनल असेंबली के अध्यक्ष सरदार अयाज सादिक, सेना प्रमुख फ़ील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर और गृह मंत्री सैयद मोहसिन रजा नक़वी भी मौजूद रहे.

    ईरान के सरकारी टीवी के टेलीग्राम चैनल के मुताबिक़, इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ कर रहे हैं.

    रिपोर्ट के मुताबिक़ उनके साथ ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची, रक्षा परिषद के सचिव अली अकबर अहमदियान, सेंट्रल बैंक के गवर्नर अब्दुलनासिर हेम्मती और ईरानी संसद के कई सदस्य भी आए हुए हैं.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.