नेपाल बाढ़: 84 भारतीय नागरिकों को बचाया गया, 320 अब भी लापता

इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार रात को बताया कि नेपाल में आई बाढ़ से अब भी 320 भारतीय लापता हैं.
मंत्रालय के मुताबिक, करीब 320 भारतीय नागरिक अभी भी लापता हैं या उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है.
मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 84 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचाया गया है. इनमें तमिलनाडु के 21 लोग शामिल हैं, जो शुक्रवार को भारत लौट आएं. वहीं, 63 लोग त्रिशूली-वन प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे और उन्हें भी सुरक्षित निकाला गया है.
इसके अलावा 149 भारतीय नागरिक आज चीन से सुरक्षित नेपाल पहुंच गए हैं. करीब 400 भारतीय नागरिक चीन में सुरक्षित हैं. भारतीय दूतावास लगातार उनके संपर्क में है और उन्हें वहां से निकालने की कोशिश की जा रही है.
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी ये आंकड़े शुक्रवार रात 10 बजे तक के हैं.
नेपाल की आपदा राहत एजेंसी के मुताबिक़, अब तक 570 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि क़रीब 1,900 लोग अभी भी लापता हैं.








