चीन ने कहा, मध्य पूर्व और फ़ारस की खाड़ी का इलाक़ा एक नाज़ुक मोड़ पर

बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने संबंधित पक्षों से जल्द से जल्द बातचीत पर लौटने की अपील की.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • ये घटना रविवार, 23 अगस्त की है.
  • नागपुर में मछलियां नष्ट की गईं
  • रोबोट और उसैन बोल्ट
  • फ़ोन पर हुए विवाद को लेकर महाराष्ट्र में एक परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई
  • नैटली हार्प के बारे में जानिए
  •  जेन ज़ी ने बताया उनके लिए क्या हैं आज़ादी के मायने
  • इनके पास अलग-अलग मौके के लिए हैं अलग-अलग तरह की नाक

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

  2. चीन ने कहा, मध्य पूर्व और फ़ारस की खाड़ी का इलाक़ा एक नाज़ुक मोड़ पर

    विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि चीन खाड़ी क्षेत्र में शांति और स्थिरता में योगदान जारी रखने के लिए तैयार है

    इमेज स्रोत, VCG/VCG via Getty Images

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि चीन खाड़ी क्षेत्र में शांति और स्थिरता में योगदान जारी रखने के लिए तैयार है

    चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा है कि मध्य पूर्व और फ़ारस की खाड़ी क्षेत्र एक नाज़ुक मोड़ पर पहुंच गए हैं. बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, उन्होंने संबंधित पक्षों से जल्द से जल्द बातचीत पर लौटने की अपील की.

    चीनी विदेश मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, वांग यी ने बीजिंग में कुवैत के विदेश मंत्री शेख़ जर्राह जाबेर अल-अहमद अल-सबाह के साथ एक बैठक के दौरान यह बयान दिया.

    चीनी विदेश मंत्री ने बैठक के दौरान कहा कि "बार-बार होने वाले संघर्षों के पुराने पैटर्न को दोहराया नहीं जाना चाहिए" और तनाव को कम करने की प्राथमिकता होनी चाहिए.

    उन्होंने कहा कि चीन कुवैत के साथ अपने तालमेल को मज़बूत करने और क्षेत्र में शांति और स्थिरता में योगदान जारी रखने के लिए तैयार है.

    यह बैठक ऐसे समय हुई जब अमेरिका ने ईरान को "इतिहास के सबसे बड़े वित्तीय हमले" की धमकी दी है.

    ईरान का कहना है कि अगर "आर्थिक जंग जारी रहती है" तो वह फ़ारस की खाड़ी से सभी तेल निर्यात रोक देगा और उसने एक नई चेतावनी भी जारी की है कि ईरान की अनुमति के बिना जहाज़ों को होर्मुज़ स्ट्रेट से नहीं गुज़रना चाहिए.

  3. सीजेपी ने कहा, एफ़आईआर करके हमें डराया नहीं जा सकता

    सौरव दास

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सौरव दास ने कहा है कि सरकार बचकानी हरकत न करे

    कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा है कि स्कूलों में फ़ोटोग्राफ़ी या वीडियोग्राफ़ी पर रोक लगाकर या एफ़आईआर से सीजेपी को डराया नहीं जा सकता है.

    'स्कूल ठीक करो' अभियान को लेकर सौरव दास ने कहा, "देश के युवा जाग चुके हैं, वे सड़कों पर हैं. जो सरकार में बैठे लोग हैं, देश का युवा उन्हें बोल रहा है कि 'देखिए आपका सिस्टम कैसे देश के भविष्य को फ़ेल' कर रहा है.”

    उन्होंने कहा, "सत्ता में बैठे लोग बचकानी हरकतें न करें और अपने स्कूलों, कॉलेजों और स्वास्थ्य व्यवस्था पर थोड़ा ध्यान दें. बुनियादी ज़रूरतें पूरी करें."

    "बच्चों के स्कूल जाने के लिए ठीक सड़कें नहीं हैं. बारिश होने पर सड़कें ग़ायब हो जाती हैं और वहां सिर्फ़ कीचड़ रह जाता है. ऐसे में देश का भविष्य कैसे पढ़ेगा."

    सौरव दास ने कहा, "मैंने पहले भी कहा है कि अगर युवा स्कूलों का ऑडिट करने जा रहे हैं तो बीजेपी और विपक्ष के सांसद और विधायक उनके साथ चलें. देखिए कि आपके क्षेत्र में क्या हो रहा है."

    जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र के रामपुर-कंवरपुरा गांव के सरकारी स्कूल की जर्जर इमारत को लेकर सीजेपी ने सवाल उठाए थे. इस स्कूल के निरीक्षण के दौरान कई लोगों ने सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके साथ गए लोगों के साथ मारपीट की थी.

    इस मारपीट के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कराई थी.

  4. एस जयशंकर ने की व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात, ये बताया

    विदेश मंत्री एस जयशंकर और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मॉस्को में मुलाक़ात हुई है

    इमेज स्रोत, @DrSJaishankar

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्री एस जयशंकर और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मॉस्को में मुलाक़ात हुई है

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात की है. एस जयशंकर ने सोशल मीडिया एक्स पर इस मुलाक़ात की तस्वीर शेयर की है.

    उन्होंने लिखा, "आज मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात कर खुशी हुई. उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्यक्तिगत संदेश सौंपा."

    उन्हें 27वीं आईआरआईजीसी-टेक (व्यापार, अर्थव्यवस्था, साइंटिफ़िक, टेक्नोलॉजी और सांस्कृतिक सहयोग) के तहत हुई चर्चा के बारे में जानकारी दी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में हमारे सहयोग की समीक्षा की गई.”

    एस जयशंकर ने बताया कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी चर्चा हुई.

    इससे पहले भारतीय विदेश मंत्री ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि भारत-रूस इंटर-गवर्नमेंटल आयोग की व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर 27वीं बैठक बेहद उपयोगी रही.

    उन्होंने बताया, "हमारी चर्चा व्यापार, निवेश, ऊर्जा, उर्वरक, परमाणु ऊर्जा, कनेक्टिविटी, तकनीक, अंतरिक्ष और मोबिलिटी जैसे कई क्षेत्रों में व्यापक सहयोग पर केंद्रित रही."

  5. जेमिमा गोल्डस्मिथ ने इमरान ख़ान को लेकर ब्रिटिश सरकार से की ये मांग

    जेमिमा गोल्डस्मिथ और इमरान ख़ान

    इमेज स्रोत, David Levenson/Getty Images

    इमेज कैप्शन, जेमिमा गोल्डस्मिथ ने इमरान ख़ान को लेकर ब्रिटिश सरकार से फ़ौरन हस्तक्षेप करने की मांग की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    जेमिमा गोल्डस्मिथ ने अपने पूर्व पति और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे इमरान ख़ान के मुद्दे पर ब्रिटिश सरकार से तीखे सवाल किए हैं.

    जेमिमा गोल्डस्मिथ ने एक्स पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री एंडी बर्नम और विदेश मंत्री एड मिलिबैंड से पूछा- ब्रिटेन आख़िर कब तक चुप रहेगा?

    उन्होंने लिखा, "तीन साल से मेरे दो बेटों के पिता और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को उनके राजनीतिक विरोधियों ने सेना प्रमुख आसिम मुनीर की निजी दुश्मनी के चलते बेरहमी से प्रताड़ित किया है."

    "यह संयुक्त राष्ट्र के अनुसार एक तरह की यातना है और इससे अब उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर जानलेवा असर पड़ रहा है."

    जेमिमा ने कहा, "उन्होंने 3 साल का समय जेल में अकेले गुज़ारा है. क़रीब दस महीने से उनके परिवार को उनसे संपर्क करने की अनुमति नहीं दी गई है. उन्हें सबसे बुनियादी इंसानी संपर्क से दूर रखा गया है. उन्हें किताबों, वकीलों और डॉक्टरों तक पहुंच नहीं दी गई है."

    जेमिमा ने आरोप लगाया है कि इस मामले में पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना की जा रही है.

    उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने अब हस्तक्षेप किया है और व्यापक चिकित्सा उपचार, उनके निजी डॉक्टर तक पहुंच, परिवार से नियमित मुलाकात और अपने बेटों के साथ सप्ताह में दो बार फोन पर बात करने का आदेश दिया है."

    फिर भी इन आदेशों की अवहेलना की जा रही है.

    उन्होंने कहा है, "यह अब केवल पाकिस्तान का राजनीतिक मामला नहीं रह गया है. यह मानवाधिकार का आपातकाल है."

    जेमिमा ने अपनी लंबी पोस्ट में कई मुद्दों का ज़िक्र किया है.

    उनके मुताबिक़, "उनके (इमरान ख़ान) ब्रिटेन से गहरे और आजीवन संबंध हैं. उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की क्रिकेट टीम की कप्तानी की और इंग्लैंड में कई साल काउंटी क्रिकेट खेला. इस देश के साथ उनका रिश्ता आधी सदी से भी ज़्यादा पुराना है."

    जेमिमा गोल्डस्मिथ लंदन में रहती हैं. उनके और इमरान ख़ान के दोनों बच्चे सुलेमान और कासिम, ब्रिटिश नागरिक हैं.

    जेमिमा ने लिखा, "उन्हें अपने पिता की सेहत बिगड़ते हुए देखने के लिए मजबूर किया गया है, उन्हें उनसे मिलने से रोका गया है."

    उनका कहना है, "पाकिस्तान राष्ट्रमंडल का एक देश है. ब्रिटेन की ऐसी मनमानी हिरासत, अमानवीय व्यवहार और मौलिक अधिकारों से वंचित किए जाने के ख़िलाफ़ खड़े होने की एक लंबी और गौरवपूर्ण परंपरा रही है. बर्नम सरकार से अपील है कि कृपया अब तो उचित कदम उठाएं."

  6. कार्टून: वो देख रहे हैं

    भारतीय न्यूज़ चैनलों को लेकर अमेरिकी राजदूत के बयान पर आज का कार्टून
    इमेज कैप्शन, भारतीय न्यूज़ चैनलों को लेकर अमेरिकी राजदूत के बयान पर आज का कार्टून
  7. हॉकी पुरुष वर्ल्ड कप: अर्जेंटीना ने 5-3 से हराकर भारत की उम्मीदों पर पानी फेरा

    सुखजीत

    इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, सुखजीत ने भारत के लिए दो गोल दागे (फ़ाइल फ़ोटो)

    हॉकी पुरुष वर्ल्ड कप के मुक़ाबले में अर्जेंटीना ने भारत को 5-3 से हरा दिया है. इसके साथ ही भारत की पुरुष टीम की सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की उम्मीदें ख़त्म हो गईं.

    नीदरलैंड्स में खेले गए इस मैच में शुरू से ही अर्जेंटीना की टीम भारत पर हावी दिखी.

    मैच की शुरुआत में ही अर्जेंटीना के ह्वाकीन टोस्कानी ने पहला गोल दाग दिया.

    इसके बाद अर्जेंटीना के डेलु टोरे ने दूसरा गोल पेनल्टी कॉर्नर के ज़रिए किया.

    हालाँकि 2-0 से पिछड़ने के बाद भारत की टीम ने थोड़ा दम ज़रूर दिखाया और सुखजीत ने गोल दागकर स्कोर 2-1 कर दिया.

    लेकिन फिर अर्जेंटीना के डोमेन्ह ने लगातार दो गोल दागकर स्कोर 4-1 कर दिया.

    इसके बाद अंतिम मिनटों में अर्जेंटीना की ओर से ल्युकास टोस्कानी ने गोल दागकर स्कोर 5-1 कर दिया.

    फिर मैच ख़त्म होने के पहले सुखजीत ने भारत के लिए दूसरा गोल दागा और स्कोर 5-2 हो गया. इसके बाद हार्दिक सिंह ने भी पेनल्टी की मदद से एक गोल ज़रूर दागा, लेकिन तब तक भारत की चुनौती समाप्त हो चुकी थी.

    पहले राउंड के तीन मैचों में भारतीय टीम ने 2 मैचों में जीत दर्ज की थी, जबकि उसे एक मैच में हार का सामना करना पड़ा था.

    पहले राउंड में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने वेल्स और पाकिस्तान के ख़िलाफ़ जीत हासिल की थी, जबकि इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टीम को हार का सामना करना पड़ा था.

    दूसरे राउंड में पहुंचने के बाद भारत, नीदरलैंड्स, इंग्लैंड और अर्जेंटीना की टीम पूल 'ई' में है.

    नीदरलैंड्स ने शनिवार को भारत को 3-1 से हरा दिया था. नीदरलैंड्स की टीम मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन भी है.

    पूल ‘ई’ में पहले राउंड की पूल ‘ए’ और पूल ‘डी’ से दो-दो टीमों को जगह दी गई है.

    यहां से टॉप दो टीमों को सीधे सेमीफ़ाइलन में पहुंचेंगी.

  8. बंबीहा गैंग के तीन गैंगस्टर मलेशिया से भारत लाए गए, गृह मंत्रालय ने दी जानकारी

    गृह मंत्री कार्यालय के मुताबिक़ भारतीय एजेंसियों ने साल 2026 में 51 कुख्यात अपराधियों के प्रत्यर्पण में मदद की है.

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गृह मंत्री कार्यालय के मुताबिक़ भारतीय एजेंसियों ने साल 2026 में 51 कुख्यात अपराधियों के प्रत्यर्पण में मदद की है.

    गृह मंत्रालय ने बताया है कि भारतीय एजेंसियों ने मलेशिया में तीन फ़रार भारतीय गैंगस्टरों को पकड़ा, उन्हें भारत प्रत्यर्पित कराया और पुलिस हिरासत में भेज दिया.

    गृह मंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया, “फ़रार अभियुक्त जसप्रीत सिंह, अजय सिंह और पवनदीप सिंह ‘बंबीहा गैंग’ से जुड़े हैं."

    "उन पर जबरन वसूली, सीमा पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी और लुधियाना में एक नाकाम ग्रेनेड हमले समेत कई अपराधों के आरोप हैं."

    गृह मंत्री कार्यालय के मुताबिक़ भारतीय एजेंसियों ने साल 2026 में 51 कुख्यात अपराधियों के प्रत्यर्पण में मदद की है.

    अंग्रेज़ी अख़बार 'द टाइम्स ऑफ़ इंडिया' के मुताबिक़ जांच अधिकारियों ने पाया था कि बंबीहा गैंग का नेटवर्क पंजाब के बाहर भी कई राज्यों में है.

  9. पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर पहुंचे तेहरान, जानिए क्या है वजह

    आसिम मुनीर

    इमेज स्रोत, @IrnaEnglish

    इमेज कैप्शन, छह महीने से भी कम समय में आसिम मुनीर की यह चौथी तेहरान यात्रा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तानी सेना के प्रमुख आसिम मुनीर ईरान की अपनी यात्रा में राजधानी तेहरान पहुंचे हैं.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग ने एक बयान में आसिम मुनीर की इस यात्रा को क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ाने और विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से हल करने के लिए पाकिस्तान के प्रयासों का हिस्सा बताया.

    बयान में कहा गया है, "फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर मध्य पूर्व में चल रहे संघर्षों का शांतिपूर्ण, स्थायी और व्यापक समाधान हासिल करने के लिए चल रहे प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए ईरान के प्रमुख नेताओं से मुलाक़ाल करेंगे."

    छह महीने से भी कम समय में आसिम मुनीर की यह चौथी तेहरान यात्रा है.

    ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी, आईआरएनए ने लिखा, "हाल के हफ़्तों में ईरान के आधिकारिक रुख़ से नज़र आता है कि वह पहले अमेरिका से उन प्रतिबद्धताओं पर लौटने की मांग करता है जिन पर इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन (एमओयू) में हस्ताक्षर किए थे, लेकिन कभी लागू नहीं किया."

  10. गुरुग्राम में 25 अगस्त को स्कूल, सरकारी और निजी दफ़्तरों को वर्क फ़्रॉम होम की सलाह

    गुरुग्राम में सोमवार की बारिश के बाद छोटे-छोटे बच्चों तक को परेशानी झेलनी पड़ी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गुरुग्राम में सोमवार की बारिश के बाद छोटे-छोटे बच्चों तक को परेशानी झेलनी पड़ी

    दिल्ली के सटे गुरुग्राम के डीसी (ज़िलाधिकारी) ने बारिश और ख़राब मौसम की वजह से एडवाइज़री जारी की है.

    इसमें कहा गया है, "सभी कॉरपोरेट कार्यालयों, सरकारी और निजी स्कूलों तथा संस्थानों को सलाह दी जाती है कि वे अपने कर्मचारियों और स्टाफ़ को 25 अगस्त 2026 को घर से काम करने के लिए कहें."

    डीसी ने कहा है कि 24 अगस्त 2026 को गुरुग्राम में हुई भारी बारिश को देखते हुए ज़िले के अलग-अलग इलाक़ों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की संभावना है.

    उनके मुताबिक़, "इस एडवाइज़री से ट्रैफिक जाम कम करने और नागरिक एजेंसियों को सड़कों और नालों पर मरम्मत और रखरखाव का काम सुचारू रूप से करने में मदद मिलेगी."

    उन्होंने लोगों से सहयोग करने और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है.

    सोमवार को दिल्ली और इसके आसपास के इलाक़ों में भारी बारिश की वजह से लोगों को काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा है.

    इसकी वजह से कई इलाक़ों में घुटनों से कमर तक जलभराव देखा गया है, जिससे स्कूली छात्र और छात्राओं को भी समस्या झेलनी पड़ी है.

  11. कोलंबो टेस्ट: भारत ने पारी घोषित की, देवदत्त के बाद ध्रुव जुरेल ने जड़ा शतक

    ध्रुव जुरेल ने शतक लगाकर भारत को काफ़ी मज़बूत स्थिति में पहुंचा दिया है

    इमेज स्रोत, Viraj Kothalawala/MB Media/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ध्रुव जुरेल ने शतक लगाकर भारत को काफ़ी मज़बूत स्थिति में पहुंचा दिया है

    श्रीलंका के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने अपनी पहली पारी घोषित कर दी है. भारत ने नौ विकेट पर 503 रन बनाए हैं.

    कोलंबो में खेले जा रहे मैच के दूसरे दिन ध्रुव जुरेल 115 रन बनाकर नॉट आउट रहे.

    इससे पहले मैच में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक जड़ा था. वह 117 रन बनाकर आउट हुए थे. वहीं भारतीय पारी में रिषभ पंत ने 63 और कप्तान शुभमन गिल ने 50 रनों की पारी खेली.

    इसके साथ ही यशस्वी जायसवाल ने 45 और रवींद्र जडेजा ने 43 रनों का योगदान दिया.

    श्रीलंका की ओर से तेज़ गेंदबाज़ असिथा फ़र्नांडो ने सबसे ज़्यादा 4 विकेट लिए.

    कोलंबो टेस्ट मैच के पहले दिन रविवार को जब 45 रनों पर निजी स्कोर पर जायसवाल को फ़र्नांडो ने क्लीन बोल्ड किया तो दोनों के बीच नोंकझोंक देखने को मिली.

    इस पर आईसीसी ने यशस्वी जायसवाल और असिथा फ़र्नांडो पर मैच फ़ीस का 25 फ़ीसदी जुर्माना लगाया है. इसके साथ ही आईसीसी ने दोनों खिलाड़ियों को एक डीमेरिट पॉइंट दिया है.

  12. तस्वीरें: दिल्ली में भारी बारिश के बाद कई इलाक़ों में सड़कों पर भरा पानी

    दिल्ली के संगम विहार इलाक़े में फंसी वैन. यहां स्कूली छात्राएं घुटने से ऊपर तक जमा पानी में सड़क पार करती दिख रही हैं.

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली के संगम विहार इलाक़े में फंसी वैन. यहां स्कूली छात्राएं घुटने से ऊपर तक जमा पानी में सड़क पार करती दिख रही हैं.

    राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाक़ों में सोमवार को भारी बारिश की वजह से लोगों को परेशानी से दो-चार होना पड़ा.

    कई इलाक़ों में स्कूली बच्चों को इस परेशानी का सामना करना पड़ा है. हालात ऐसे हुए कि कनॉट प्लेस जैसे पॉश इलाक़े में भी जलभराव देखा गया.

    दिल्ली के दुर्गा विहार में गलियों में भरा पानी और उससे होकर घर जाते स्टूडेंट्स

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली के दुर्गा विहार में गलियों में भरा पानी और उससे होकर घर जाते स्टूडेंट्स.
    दुर्गा विहार की गलियों में पानी का बहाव किसी नदी की तरह दिख रहा है

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दुर्गा विहार की गलियों में पानी का बहाव किसी नदी की तरह दिखा.
    भारी बारिश की वजह से दिल्ली के कई इलाक़ों में सोमवार को ट्रैफ़िक जाम की स्थिति पैदा हो गई. यह तस्वीर दिल्ली के आईटीओ इलाक़े की है

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारी बारिश की वजह से दिल्ली के कई इलाक़ों में सोमवार को ट्रैफ़िक जाम की स्थिति पैदा हो गई. यह तस्वीर दिल्ली के आईटीओ इलाक़े की है.
    दक्षिणी दिल्ली के मुनिरका इलाक़े में पंप की मदद से सड़कों पर जमा पानी को निकालने की कोशिश करते कर्मचारी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दक्षिणी दिल्ली के मुनिरका इलाक़े में पंप की मदद से सड़कों पर जमा पानी को निकालने की कोशिश करते कर्मचारी.
    दिल्ली का दिन कहे जाने वाले कनॉट प्लेस में भी भारी बारिश की वजह से कई गाड़ियों के पहिए नज़र नहीं आ रहे

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस में भी भारी बारिश की वजह से कई गाड़ियों के पहिए नज़र नहीं आ रहे थे.
  13. दिल्ली: ख़राब मौसम का फ़्लाइट्स पर असर, मुसाफ़िरों के लिए सलाह जारी

    दिल्ली में भारी बारिश और ख़राब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर पड़ा है

    इमेज स्रोत, Ritesh Shukla/Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली में भारी बारिश और ख़राब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर पड़ा है

    राजधानी दिल्ली में ख़राब मौसम और भारी बारिश की वजह से 15 फ़्लाइट्स को डायवर्ट किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से इसकी जानकारी दी है.

    इंडिगो एयरलाइन्स ने सोशल मीडिया एक्स पर मुसाफ़िरों के लिए सलाह जारी की है.

    इंडिगो ने कहा, “दिल्ली में ख़राब मौसम का असर उड़ानों के संचालन पर पड़ा है. हम मौसम की स्थिति पर लगातार नज़र रख रहे हैं और आपको सुरक्षित और सुगम तरीके से मंज़िल तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं.”

    इंडिगो ने कहा है कि जो भी मुसाफ़िर दिल्ली से फ़्लाइट की यात्रा करने वाले हैं वो वेबसाइट के ज़रिए इसका स्टेटस पता कर लें.

    इसके साथ ही इंडिगो ने सलाह दी है कि जिन लोगों को फ़्लाइट के लिए एयरपोर्ट आना हो, वो ट्रैफ़िक को ध्यान में ज़रूर रखें.

    वहीं स्पाइस जेट ने भी कहा है कि ख़राब मौसम का उड़ानों पर असर पड़ने की संभावना है. इसलिए मुसाफ़िरों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी फ़्लाइट का स्टेटस वेबसाइट पर देख लें.

  14. राजस्थान: 13 दिन से धरने पर बैठे ग्रामीणों ने 108 गांवों की महापंचायत क्यों बुलाई?, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिन्दी के लिए

    धौलपुर

    इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena

    इमेज कैप्शन, बीते 13 दिनों से बड़ी संख्या में धौलपुर और करौली ज़िलों के ग्रामीण अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं

    राजस्थान में धौलपुर ज़िले के सरमथुरा में बीते 13 दिनों से बड़ी संख्या में धौलपुर और करौली ज़िलों के ग्रामीण अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं.

    25 अगस्त को इन्होंने दोनों ज़िलों के 108 गांवों की महापंचायत का आह्वान किया है.

    ग्रामीण 'प्रस्तावित धौलपुर-करौली टाइगर रिज़र्व के प्रोजेक्ट' का विरोध कर रहे हैं.

    टाइगर रिज़र्व नोटिफिकेशन साल 2023 के मुताबिक़ क्षेत्र रिजर्व के लिए चिन्हित किया गया है, इस क्षेत्र में आने वाले 108 गांवों को अब विस्थापन का डर सता रहा है.

    ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों को इस मामले में ज्ञापन सौंपे हैं. लेकिन, सुनवाई नहीं होने के बाद अब यह एक बड़े आंदोलन की राह पर धरने पर बैठ गए हैं.

    ग्रामोत्थान संस्था के अध्यक्ष रघुवीर प्रसाद ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "मौजूदा रिकॉर्ड के अनुसार धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व का कुल क्षेत्रफल 1,057.88 वर्ग किलोमीटर है. जिसमें 599.64 वर्ग किमी क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट और 458.24 वर्ग किमी बफर क्षेत्र शामिल है."

    वह कहते हैं, "लोगों को अब अपने आशियाने, रोज़गार और खेती की ज़मीनों से बेदखल होने का डर सता रहा है."

    रघुवीर प्रसाद ने राज्य प्रशासन से लेकर दिल्ली तक पत्र लिख कर आंदोलनकारियों की मांगे रखी हैं.

    ग्रामीणों की मांगें हैं कि धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व की सीमाओं का पुनर्निर्धारण किया जाए और मानव आबादी वाले क्षेत्रों, गांवों और खनन क्षेत्रों को इससे पूरी तरह बाहर किया जाए.

    दूसरी मांग है कि जब तक सभी गांवों की ग्राम सभाओं में वन अधिकार अधिनियम के तहत दावों का निपटारा नहीं हो जाता, तब तक किसी भी प्रकार के विस्थापन पर तुरंत रोक लगाई जाए.

    आंदोलनकारी अपनी तीसरी मांग बताते हुए दो बार टाइगर रिज़र्व के क्षेत्रफल को बढ़ाने का आरोप लगाते हुए जांच की भी मांग करते हैं.

    उनकी तीसरी मांग है कि क्षेत्रफल में आई विसंगतियों और अवैध सीमा विस्तार की जांच के लिए एक स्वतंत्र उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाए.

  15. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को इजाज़त दीजिए. अब से रात दस बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. कपिल देव ने पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान ख़ान पर ये कहा

    कपिल देव

    इमेज स्रोत, Daniel Berehulak/Getty Images

    इमेज कैप्शन, पूर्व कप्तान कपिल देव ने कहा कि इमरान ख़ान के साथ जेल में मानवता वाला व्यवहार होना चाहिए (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज क्रिकेटर इमरान ख़ान को अच्छा इलाज और सुविधाएं दी जानी चाहिए.

    कपिल देव ने कहा कि वह पाकिस्तान के क़ानून पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन उन्होंने अपील करते हुए कहा कि इमरान के साथ जेल में मानवता वाला व्यवहार होना चाहिए.

    उन्होंने सोमवार को कहा, "हम उस देश के क़ानून को नहीं जानते. लेकिन हर क़ैदी को, चाहे वह कोई भी हो, मानवता वाला व्यवहार और ज़रूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए. वह देश के पूर्व प्रधानमंत्री और दुनिया के बड़े क्रिकेटर रहे हैं."

    उन्होंने इमरान ख़ान को लेकर कहा, "मैं अपने उस दोस्त का समर्थन करता हूं, जिसके साथ हमने खेला और जिनकी क्रिकेट स्किल्स की सराहना की."

    कपिल देव ने कहा, "हम बस यह चाहते हैं कि उन्हें सबसे अच्छा इलाज और सुविधाएं मिलें. हम यही मांग रहे हैं. हम कुछ और नहीं मांग रहे, हम किसी जवाब की मांग नहीं कर रहे, हम सिर्फ़ अपील कर रहे हैं."

    गौरतलब है कि कपिल देव समेत क्रिकेट जगत के 21 पूर्व कप्तानों ने हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के स्वास्थ्य को लेकर पीएम शहबाज़ शरीफ़ को पत्र भी लिखा है.

  17. यशस्वी जायसवाल ने श्रीलंकाई गेंदबाज़ के साथ हुई तीखी बहस पर क्या कहा

    यशस्वी जायसवाल

    इमेज स्रोत, Gareth Copley/Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल ने श्रीलंका के तेज़ गेंदबाज़ असिथा फर्नांडो के साथ हुई तीखी बहस को लेकर हो रही आलोचना का जवाब दिया है.

    उन्होंने कहा कि लोगों को इस घटना पर फ़ैसला देने से पहले यह जानना चाहिए कि फर्नांडो ने उनसे क्या कहा था.

    दरअसल, कोलंबो टेस्ट (भारत बनाम श्रीलंका) के दौरान यशस्वी जायसवाल 45 रन बनाकर आउट होने के असिथा फर्नांडो से भिड़ गए थे. इस दौरान दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी.

    इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए क्रिकबज़ के एक वीडियो पर कमेंट करते हुए जायसवाल ने लिखा, "अगर आपको नहीं पता कि उसने क्या कहा, तो कृपया फ़ैसला न करें. अगर कोई हद पार करता है, तो हमें उसे बताना होगा कि भारत लड़ेगा और जवाब देगा."

    उल्लेखनीय है कि जायसवाल ने जिस वीडियो पर कमेंट किया, उसमें जाने-माने कमेंटेटर हर्षा भोगले कह रहे थे कि जायसवाल के लिए सबसे आसान तरीका यही होता कि वो बस वहां से चले जाते.

  18. राहुल गांधी के 'मनुस्मृति' वाले बयान पर क्या बोले योगी आदित्यनाथ?

    योगी आदित्यनाथ

    इमेज स्रोत, ANI Video Grab

    इमेज कैप्शन, योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष के तौर पर देश के लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह होना चाहिए

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता और रायबरेली सांसद राहुल गांधी के 'मनुस्मृति' वाले बयान को लेकर उन पर सोमवार को तीखा हमला बोला है.

    योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष के तौर पर देश के लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह होना चाहिए.

    योगी आदित्यनाथ ने कहा, "राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में एक बयान दिया है कि महिलाएं मनुस्मृति के बंधन को तोड़कर अब बाहर आ जाएं. देश उनसे राहुल गांधी के रूप में बहुत अपेक्षा नहीं करता है, लेकिन भारत की संसद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में देश आपको लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह बनाता है."

    उन्होंने कहा, "संविधान की शपथ लेकर आप भारत की परंपरा और विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं. आप उत्तर प्रदेश के बाहर जाते हैं तो यूपी को अपमानित करते हैं और भारत के बाहर जाते हैं तो भारत का अपमान करते हैं."

    "आतंकवाद के ख़िलाफ़ देश की लड़ाई में देशद्रोही तत्वों को आप प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहित करते हैं. अयोध्या में प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर आपकी पार्टी प्रश्न खड़ा करती है और लोकतंत्र के प्रति आपकी निष्ठा क्या है, यह तो देश ने 1975 में आपातकाल के काले साये को देखा है."

    योगी आदित्यनाथ ने कहा, "ऐसा कौन है जिसके जीवन में किसी न किसी रूप में महिला का सहारा न हो- चाहे वह मां, बहन, पत्नी या बेटी के रूप में हो? ऐसा कौन व्यक्ति है? क्या बिना पिता के कोई बेटी होती है? क्या बिना भाई के कोई बहन होती है? क्या कोई पत्नी पति के बगैर अपने अस्तित्व को मानती है. क्या कोई मां बेटे के बगैर अपने अस्तित्व को पूर्ण मानती है."

    गौरतलब है कि पुणे में राहुल गांधी ने शनिवार को पुणे में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में मनुस्मृति का ज़िक्र किया. राहुल ने मनुस्मृति में महिलाओं के बारे में लिखे गए एक उद्धरण को शर्मनाक बताया था.

  19. तमिलनाडु के सीएम जोसेफ़ विजय ने महिलाओं के लिए की बड़ी घोषणा

    जोसेफ़ विजय

    इमेज स्रोत, R. Satish BABU / AFP via Getty Image

    इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय ने बताया कि महिलाओं के लिए मुफ़्त बस यात्रा योजना 2 अक्तूबर, गांधी जयंती के दिन लागू की जाएगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ़ विजय ने सोमवार को विधानसभा में महिलाओं के लिए मुफ़्त बस यात्रा योजना के विस्तार की घोषणा की.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अब पात्र महिलाएं शहरी क्षेत्रों में चलने वाली एक्सप्रेस और डीलक्स सरकारी बसों में भी फ़्री यात्रा कर सकेंगी.

    वहीं, उपनगरीय और पहाड़ी इलाकों में नियमित किराये वाली सरकारी बसों में भी महिलाओं से किराया नहीं लिया जाएगा.

    मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि योजना के तहत फ़्री यात्रा का लाभ लेने के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं होगी और न ही यात्राओं की संख्या से जुड़ी कोई शर्त होगी.

    मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं के लिए मुफ़्त बस यात्रा योजना 2 अक्तूबर, गांधी जयंती के दिन लागू की जाएगी. इस योजना के विस्तार से राज्य सरकार पर हर साल क़रीब 6,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा.

    उन्होंने परंदूर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को बंद करने की भी घोषणा की. इस परियोजना का किसानों ने जोरदार विरोध किया था. किसान अपनी खेती की ज़मीन नहीं देना चाहते थे.

  20. एडिटर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया ने 'दिमाग़ी नक्सल' को लेकर क्या कहा

    एडिटर्स गिल्ड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एडिटर्स गिल्ड ने सोमवार को बयान जारी कर बीजेपी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी के बयान का भी उल्लेख किया है (सांकेतिक तस्वीर)

    एडिटर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया ने बीजेपी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पत्रकारों और सरकार की आलोचना करने वाले लोगों को ‘दिमाग़ी नक्सल’ बताए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है.

    गिल्ड ने ख़ास तौर पर वरिष्ठ पत्रकार और गिल्ड के पूर्व अध्यक्ष राजदीप सरदेसाई को निशाना बनाए जाने की निंदा की है.

    एडिटर्स गिल्ड ने सोमवार को जारी बयान में बीजेपी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि ऐसे ‘दिमाग़ी नक्सल’ नक्सलियों का समर्थन करते हैं और उन्हें बौद्धिक मदद देते हैं.

    सुधांशु त्रिवेदी ने कहा था कि ये लोग सुरक्षा बलों के जवानों की मौत का जश्न मनाते हैं और संसद के ज़रिए समाधान खोजने के बजाय सड़कों पर कार्रवाई की बात करते हैं.

    एडिटर्स गिल्ड ने कहा, "राजदीप सरदेसाई ने पत्रकार और टीवी एंकर के रूप में अपने लंबे करियर में ख़बरों को तथ्यों के आधार पर पेश किया और उनका विश्लेषण किया है. किसी भी तरह से उनके काम और बयानों को ‘दिमाग़ी नक्सल’ का काम नहीं कहा जा सकता."

    गिल्ड ने कहा, "ऐसे हमले हमारे देश की लोकतांत्रिक छवि को कमज़ोर करते हैं और मीडिया की आज़ादी को और कम करते हैं, जिसे हमारे संविधान में बोलने की आज़ादी के अधिकार के तहत जगह दी गई है."

    "स्वतंत्र मीडिया के लिए लगातार कम होती जगह की वजह से 2026 वर्ल्ड प्रेस फ़्रीडम इंडेक्स में भारत 180 देशों में 157वें स्थान पर पहुंच गया है."

    गिल्ड ने बीजेपी के सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से अपील की है कि वे अपना काम करने वाले मीडिया पेशेवरों को 'जनता के दुश्मन' के रूप में दिखाने की कोशिश न करें.