अमेरिका और ईरान तनाव कम करने और 'पीछे हटने' पर सहमत हुए - मीडिया रिपोर्ट, योलांडे नेल, मध्य-पूर्व संवाददाता, और टैबी विल्सन

इमेज स्रोत, Reuters
मीडिया रिपोर्ट्स में एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों में ईरान और अमेरिका के बीच हमलों के बाद दोनों देश तनाव कम करने और 'पीछे हटने' पर सहमत हुए हैं.
यह सहमति होर्मुज़ स्ट्रेट और उसके आसपास हुए कई हमलों के बाद बनी है. इन घटनाओं के बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे पर युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था.
अधिकारी ने बीबीसी के अमेरिकी पार्टनर सीबीएस न्यूज़ से पुष्टि करते हुए कहा कि अब जहाज़ इस समुद्री रास्ते से 'स्वतंत्र रूप से' आवाजाही कर सकेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से नई वार्ताएं जारी रहेंगी.
होर्मुज़ स्ट्रेट में हमले रोकने पर सहमति की रिपोर्ट्स पर ईरान ने अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है.
17 जून को अमेरिका और ईरान ने 14 बिंदुओं वाले एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें "सभी मोर्चों पर सैन्य अभियानों को तत्काल और स्थायी रूप से समाप्त करने" का प्रावधान शामिल था.












