लाइव, ईरान ने कहा, 'इस बार युद्ध केवल इसी इलाक़े तक सीमित नहीं रहेगा'

ईरानी संसद के राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख इब्राहिम अज़ीज़ी ने कहा है कि 'हम हारने वालों से लड़ने से नहीं डरते हैं.'

सारांश

  • अमेरिका ने ईरान पर फिर शुरू किया हमला, तेहरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट बंद करने की घोषणा की
  • ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना ताक़त नहीं, हताशा का प्रदर्शन है
  • ईरान ने कहा है कि उसने होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ों पर हमले किए हैं
  • अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्हें महंगाई पसंद है
  • कनाडा में किशोरों के लिए सोशल मीडिया पर रोक का प्रस्ताव

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. ईरान ने कहा, 'इस बार युद्ध केवल इसी इलाक़े तक सीमित नहीं रहेगा'

    इब्राहिम अज़ीज़ी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, @Ebrahimazizi33

    इमेज कैप्शन, ईरानी संसद के राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख इब्राहिम अज़ीज़ी (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरानी संसद के राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुखइब्राहिम अज़ीज़ी ने कहा है कि 'हम हारने वालों से लड़ने से नहीं डरते हैं.'

    उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ''ट्रंप के बताए आंकड़ों के मुक़ाबले मारे गए (ईरान युद्ध में) या घायल हुए अमेरिकियों की संख्या पहले ही कहीं ज़्यादा है, और यह संख्या और बढ़ेगी.''

    इससे पहले अमेरिका ने ईरान में कई ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. ईरान में कई जगहों पर इन हमलों की आवाज़ सुनी गई है. हालाँकि हमलों से कितना बड़ा नुक़सान हुआ है, यह अभी स्पष्ट नहीं है.

    लेकिन ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना ताक़त नहीं, हताशा का प्रदर्शन है.

    अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट को पूरी तरह बंद करने की घोषणा की है और यहां से गुज़रने की कोशिश करने वाले किसी भी पोत को निशाना बनाने की चेतावनी दी है.

    अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने बहरीन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा भी किया है.

  2. ईरान ने बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर हमले का किया दावा

    ईरानी मिसाइल फ़ाइल फ़ोटो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी हमले के बाद बहरीन ने अपने नागरिकों से शांत रहने और सुरक्षित ठिकानों पर जाने को कहा है (सांकेतिक तस्वीर)

    बहरीन के गृह मंत्रालय ने नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है. बहरीन के गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर एक संदेश में नागरिकों और निवासियों से शांत रहने और निकटतम सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की.

    गुरुवार सुबह अमेरिकी हमलों के एक घंटे बाद, ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसियों ने देश की सेना के हवाले से कहा, "बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया गया है. सेना के ड्रोन हमलों में, अमेरिका के पांचवे बेड़े की पैट्रियट सिस्टम के संचार एंटेना और रडार को निशाना बनाया गया."

    ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी आईआरएनए ने रिवॉल्यूशनरी गार्ड के हवाले से कहा कि अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में, उसने बहरीन में एक हवाई अड्डे और कुवैत में दो अन्य ठिकानों सहित "18 अहम ठिकानों पर हमले किए हैं.

    इससे पहले अमेरिका ने ईरान में कई ठिकानों पर हमले किए हैं. इसके जवाब में ईरान ने कहा है कि वह अमेरिकी हमलों के आगे नहीं झुकेगा और इसका जवाब देगा.

  3. अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने जवाब में क्या किया?

    होर्मुज़ स्ट्रेट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर ईरान और अमेरिका के अलग-अलग दावे रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका ने कहा है कि उसने ईरान में कई जगहों को निशाना बनाकर हमले किए हैं.

    ईरान में युद्ध का प्रबंधन कर रहे खातम अल-अनबिया मुख्यालय ने अमेरिकी हवाई हमलों के नए दौर के एक घंटे बाद एक बयान जारी किया है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़ उसने कहा है, "फ़िलहाल ख़तरे की वजह से होर्मुज़ स्ट्रेट को तेल टैंकरों और वाणिज्यिक जहाजों सहित किसी भी प्रकार के पोत के आवागमन के लिए बंद घोषित किया जाता है, और यहां से गुज़रने वाले किसी भी जहाज को निशाना बनाया जाएगा."

    इसके साथ ही आईआरजीसी नौसेना ने भी चेतावनी दी है कि फारस की खाड़ी और ओमान सागर में "कोई भी जहाज" अपने लंगर से बाहर न निकले.

    फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, आईआरजीसी नौसेना ने दावा किया है कि उन्होंने होर्मुज़ स्ट्रेट में दो जहाजों को निशाना बनाया है जो जलडमरूमध्य से "अवैध रूप से गुजरने का इरादा" कर रहे थे.

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने सोशल मीडिया एक्स पर एक लिखा, "महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचे लोगों की जीवन-रेखा होते हैं. ट्रांसपोर्ट से लेकर बिजली और पानी के ठिकानों को निशाना बनाने की धमकियाँ ताक़त का प्रदर्शन नहीं, बल्कि किसी देश के दृढ़ संकल्प के सामने हताशा की निशानी हैं."

    उन्होंने आगे लिखा है कि ईरान अपने विशेषज्ञों की जानकारी, उनकी क्षमता, राष्ट्रीय एकता और एकजुटता के दम पर किसी भी दबाव या धमकी का डटकर सामना करेगा.

    तसनीम न्यूज एजेंसी ने एक सैन्य अधिकारी के हवाले से कहा, "ईरान अमेरिकी सैन्य आक्रामकता का सैन्य जवाब देगा और अमेरिकियों की धमकियों और सैन्य मूर्खता के आगे कभी भी घुटने नहीं टेकेगा."

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.