फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026: स्कॉटलैंड पर ज़ोरदार जीत से अगले राउंड में पहुंचा ब्राज़ील

इमेज स्रोत, Getty Images
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप सी के एक मैच में ब्राज़ील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर राउंड ऑफ़ 32 में जगह बना ली है. अब उसका मुक़ाबला 29 जून को जापान से होगा.
ग्रुप सी में ब्राज़ील के दो जीत और एक ड्रॉ के साथ कुल 7 अंक हैं. इसी ग्रुप में मोरक्को ने भी 7 अंक के साथ राउंड ऑफ़ 32 में जगह बना ली है. मोरक्को 30 जून को नीदरलैंड्स से भिड़ेगा.
स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़ मैच में ब्राज़ील के लिए विनीशियस जूनियर ने दो गोल किए जबकि मैट्योस कुन्या ने एक गोल किया.
ब्राज़ील के स्टार स्ट्राइकर नेमार जूनियर पहली बार इस वर्ल्ड कप में मैदान में उतरे थे. चोट की वजह से वो पहले दो मैच नहीं खेल पाए थे. वो रिप्लेसमेंट के तौर पर 76वें मिनट में मैदान में आए.
24 जून को खेले गए अन्य मैचों में बोस्निया हरजेगोविना ने क़तर को 3-1 से हरा दिया. स्विटज़रलैंड ने कनाडा को 2-1 से हराया. जबकि मोरक्को ने हैती को 4-2 से हराया.
कोलंबिया ने डी आर कांगो को 1-0 से हरा दिया. जबकि क्रोएशिया ने पनामा को 1-0 से हराया.




