केप वर्डे ने दी अर्जेंटीना को कड़ी टक्कर, रोमांचक मुक़ाबले में ऐसे जीती मौजूदा चैंपियन टीम

इमेज स्रोत, CHANDAN KHANNA / AFP via Getty Images
फ़ीफ़ा वर्ल्ड के राउंड ऑफ़ 32 के एक मुक़ाबले में अर्जेंटीना ने केप वर्डे को 3-2 से हरा दिया है. इस रोमांचक मैच में केप वर्डे ने मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को काफ़ी चुनौती दी.
हालांकि, अर्जेंटीना ने आख़िरी पलों में निर्णायक गोल दागकर बढ़त हासिल की और मैच अपने नाम किया.
अगर केप वर्डे इस मैच को जीतने में कामयाब होती तो यह फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के इतिहास के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक होता.
90 मिनट के बाद स्कोर 1-1 से बराबर था और कमज़ोर मानी जा रही केप वर्डे ने अपने से कहीं ज़्यादा मज़बूत प्रतिद्वंद्वी को अतिरिक्त समय में खेलने पर मजबूर कर दिया.
मैच के 111वें मिनट में केप वर्डे के डाइनी बोर्गेस के ऑन गोल ने अर्जेंटीना को जिता दिया.
केप वर्डे की टीम पहली बार फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप खेल रही है और यह फ़ीफ़ा रैंकिंग में 64वें स्थान पर है. केप वर्डे ने दुनिया की दूसरे नंबर की टीम अर्जेंटीना के ख़िलाफ़ मैच में दो बार बराबरी की.
इसके बाद 92वें मिनट में लिसांद्रो मार्टिनेज़ ने शानदार फ़िनिश के साथ अर्जेंटीना को बढ़त दिलाई और लगा कि मुक़ाबला वहीं तय हो गया है.
लेकिन 11 मिनट बाद सिडनी लोपेस काब्राल ने वर्ल्ड कप के बेहतरीन गोलों में से एक दागा. उन्होंने बॉक्स के बाएं हिस्से से अंदर की ओर कट किया और गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज़ के ऊपर से शानदार कर्व शॉट लगाकर गेंद को सीधे गोल के ऊपरी कोने में पहुंचा दिया, जिससे स्कोर 2-2 हो गया.
इस मैच में लियोनेल मेसी ने टूर्नामेंट में अपना सातवां गोल किया. उन्होंने मैच के 29वें मिनट में अपना जादू दिखाया और टीम को बढ़त दिलाई.










