विजय माल्या ने ख़ुद को भगोड़ा बताए जाने पर किया ये दावा, बताया भारत क्यों नहीं आ सकते

इमेज स्रोत, Getty Images
पूर्व राज्यसभा सांसद और कारोबारी विजय माल्या ने ख़ुद को भगोड़ा कहे जाने पर बयान दिया है.
विजय माल्या ने सोशल मीडिया एक्स पर दावा किया, “जो कहते हैं कि मैं भारत आने से इनकार करने वाला भगोड़ा हूं, वे कृपया यह जान लें कि मैं सन 1992 से ब्रिटेन का स्थायी निवासी हूं. मुझे फिलहाल कानूनी रूप से इस देश से बाहर जाने की अनुमति नहीं है. यह सब भारत सरकार की ओर से की गई दिखावटी कार्रवाइयों से शुरू हुआ, जो मेरे मामले में बेहद अन्यायपूर्ण रही हैं.”
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, “उन सभी लोगों के लिए जो मेरी बात पर यकीन नहीं करते, कृपया ख़ुद इसकी पुष्टि करें और देखें कि ईडी ने मेरे अटैच्ड फंड में से 350 करोड़ रुपये से अधिक राशि किंगफिशर के कर्मचारियों को भुगतान करने के लिए जारी की थी.”
उन्होंने कहा, “मैं उन्हें पैसे नहीं दे सका क्योंकि ईडी ने मेरी संपत्तियों और फंड्स को अपने कब्जे में ले लिया था.
उन्होंने लिखा, “किसी पत्रकार की स्क्रिप्ट की शुरुआत में ही मुझे धोखेबाज़ क्यों कहा जाता है? यह पूछना क्यों शुरू नहीं किया जाता कि मुझे मेरा पैसा कब वापस मिलेगा?”
