पीयूष गोयल ने जर्मनी में कहा- यूरोप भारत से ज़्यादा कार्बन उत्सर्जन करता है

इमेज स्रोत, Getty Images
केंद्रीयवाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि यूरोप भारत के मुक़ाबले सात या आठ गुना ज़्यादा कार्बन का उत्सर्जन करता है, जबकि दुनिया की आबादी में उसकी हिस्सेदारी महज तीन या चार प्रतिशत है.
जर्मनी के दौरे पर गोयल ने बर्लिन में इंडिया सेंटर एंड इंडो जर्मन बिज़नेस फ़ोरम का उद्घान किया. वह 22 से 27 अक्तूबर के बीच जर्मनी और नीदरलैंड्स की यात्रा पर हैं.
शुक्रवार को बर्लिन में एक राउंडटेबल ग्लोबल डायलॉग के दौरान उन्होंने पर्यावरण को लेकर प्रतिबद्धताओं पर विकसित देशों देशों को घेरा.
पीयूष गोयल ने कहा, "इस गड़बड़ी के लिए सबसे पहले ज़िम्मेदार कौन है? ओजोन परत को नुक़सान कहाँ से पहुँचा? वायुमंडल में इतना सारा कार्बन किसने छोड़ा?"
"भारत में दुनिया की 17% आबादी है, लेकिन वैश्विक कार्बन उत्सर्जन में योगदान 3% से भी कम है. यूरोप में दुनिया की कुल आबादी का शायद 3% या 4% है, लेकिन कार्बन उत्सर्जन योगदान बहुत बड़ा है... यह समस्या आपने पैदा की है."
"आज भी, जब हम यहां बैठे हैं, तब प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन में मेरा योगदान शायद आपके योगदान के 10% या 15% से भी कम है. आज भी, प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन और प्रति व्यक्ति पर्यावरणीय प्रभाव के मामले में यूरोप का योगदान भारत से शायद सात या आठ गुना ज़्यादा है."
"भारत में दुनिया की 17% आबादी है और कचरे के प्रबंधन और सर्कुलर इकोनॉमी को लेकर ज़्यादा जागरूक है. मुझे 1.4 अरब लोगों की जरूरतें भी पूरी करनी हैं. मुझे उनकी ऊर्जा और भोजन की ज़रूरतें पूरी करनी हैं और यह भी सुनिश्चित करना है कि मेरा देश सुरक्षित रहे. इन सबके बावजूद, स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में हमारा कार्यक्रम दुनिया में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाले कार्यक्रमों में से एक है."




