अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ हाज़िर होंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.
जॉर्डन में अंतिम संस्कार के दौरान गोलीबारी, छह लोगों की मौत, यारोस्लाव लुकिव
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, एएफ़पी न्यूज़ एजेंसी से बात करने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक़, गोलीबारी के समय चर्च में 150 से 200 लोग मौजूद थे
जॉर्डन में एक चर्च में अंतिम संस्कार के दौरान बंदूकधारियों की गोलीबारी में छह लोगों की मौत हो गई है और 28 लोग घायल हुए हैं.
सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक़, घटना कराक गवर्नरेट के हमूद गांव में हुई. बंदूकधारी एक कार से आए, चर्च में दाखिल हुए और गोलीबारी करने के बाद फ़रार हो गए.
सरकारी प्रवक्ता डॉ. अल-मोमानी मोहम्मद ने इसे "घिनौना हमला" बताया है.
गोलीबारी में तीन हमलावर शामिल थे?
बीबीसी द्वारा सत्यापित सीसीटीवी फुटेज में तीन बंदूकधारी सड़क से चर्च की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं.
दो हमलावर चर्च परिसर के वाहन प्रवेश द्वार की तरफ़ जाते हैं और कुछ देर बाद एक तीसरे व्यक्ति के साथ वापस आते दिखाई देते हैं. तीनों के हाथों में बंदूकें दिखाई दे रही हैं.
अंतिम संस्कार में शामिल एक व्यक्ति ने जॉर्डन के सरकारी टीवी चैनल अल-ममलका को बताया कि दो हमलावरों ने कई मिनट तक गोलीबारी की. उनका निशाना एक शोक सभा में आए लोग बने.
किंग अब्दुल्लाह ने कड़ी कार्रवाई की बात कही
जॉर्डन के किंग अब्दुल्लाह द्वितीय ने कहा है कि अधिकारी कराक में हुए "आतंकी कृत्य" के ज़िम्मेदार लोगों को कड़ी सज़ा देंगे.
हमले की ज़िम्मेदारी अभी तक किसी संगठन या व्यक्ति ने नहीं ली है.
गृह मंत्रालय के अधिकारियों की प्रेस ब्रीफिंग जल्द होने की उम्मीद है. सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक़, प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में सुरक्षा परिषद की बैठक भी होगी, जिसमें सभी मंत्री शामिल होंगे.
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ़ आउन ने चर्च पर हुए हमले को "घिनौना आतंकी हमला" बताया है.
बहुसंख्यक मुस्लिम आबादी वाले जॉर्डन के कराक इलाके में ईसाई समुदाय की भी बड़ी आबादी है. जॉर्डन में इस तरह की हिंसा कम ही हुई है, हालांकि अतीत में देश में जानलेवा हमले हो चुके हैं.
बेंगलुरु में फिर निकला तिरंगा मार्च, पुलिस ने लगाई ख़ास शर्त, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, IMRAN QURESHI
इमेज कैप्शन, बेंगलुरु में एसआईआर के सवाल पर शुक्रवार को तिरंगा मार्च निकाला गया
बेंगलुरु पुलिस ने शुक्रवार को तिरंगा मार्च की अनुमति तब जाकर दी जब कुछ युवाओं ने वोटर लिस्ट से जुड़ी एसआईआर(विशेष गहन पुनरीक्षण) की आलोचना वाले प्लेकार्ड हटा दिए.
करीब 400 से 500 लोग टाउन हॉल में इकट्ठा हुए थे. वे फ़्रीडम पार्क तक मार्च निकालने वाले थे, जिसे बेंगलुरु में विरोध-प्रदर्शन के लिए निर्धारित जगह माना जाता है.
आयोजकों ने टाउन हॉल से तिरंगा यात्रा निकालने की अनुमति मांगी थी. पुलिस ने इस शर्त पर अनुमति दी थी कि फ़्रीडम पार्क पहुंचने के रास्ते में कोई विरोध प्रदर्शन नहीं होगा.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "लेकिन कुछ युवा इस बात पर अड़ गए और हमारे अधिकारियों से बहस करने लगे कि उन्हें विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है. आयोजकों ने शर्त मानने पर सहमति जताई. आखिरकार हमने युवाओं से कहा कि या तो वे पोस्टर हटा दें, या पुलिस उन्हें हटा देगी. आख़िरकार वे मान गए."
एक अन्य अधिकारी ने कहा, "हमारे अधिकारियों ने उन्हें यह भी बताया कि कर्नाटक हाई कोर्ट के फ़ैसले का पालन करने के अलावा पुलिस के पास कोई विकल्प नहीं है. अदालत ने कहा है कि विरोध प्रदर्शन केवल फ़्रीडम पार्क में ही किए जा सकते हैं."
टाउन हॉल से फ़्रीडम पार्क तक 2.7 किलोमीटर का तिरंगा मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा.
फ़्रीडम पार्क में पूर्व महाधिवक्ता प्रोफ़ेसर रविवर्मा कुमार ने मतदाता सूची में लोगों को शामिल करने के लिए भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से पहले किए गए व्यापक प्रयासों को याद किया.
उन्होंने कहा, "लेकिन मौजूदा निर्वाचन आयोग मतदाता सूचियों से लोगों के नाम हटा रहा है. कानून में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का प्रावधान है, लेकिन विशेष गहन पुनरीक्षण का कोई प्रावधान नहीं है."
प्रदर्शन के दौरान समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल हुए. इनमें युवा और बुज़ुर्ग, दोनों थे.
एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बार है, जब पुलिस ने तिरंगा मार्च निकालने की अनुमति दी है.
महिला क्रिकेट: भारत ने पहले वनडे में ज़िम्बाब्वे को नौ विकेट से हराया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रतीका रावल ने इस मैच में शतक बनाया (फ़ाइल फ़ोटो)
प्रतीका रावल के तीसरे वनडे शतक और श्री चरणी के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (4/23) की बदौलत भारत ने शुक्रवार को तीन मैचों की सिरीज़ के पहले महिला वनडे में ज़िम्बाब्वे को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी.
वडोदरा में हुए मैच में श्री चरणी की शानदार गेंदबाज़ी की मदद से भारत ने बल्लेबाज़ी के लिए अनुकूल पिच पर ज़िम्बाब्वे की पूरी टीम को महज़ 197 रन पर समेट दिया.
इसके बाद ओपनिंग की ज़िम्मेदारी मिलने पर प्रतीका ने इस मौके का पूरा फ़ायदा उठाया.
उन्होंने नाबाद 100 रन बनाकर लक्ष्य का पीछा करने में अहम भूमिका निभाई.
भारत ने 27.1 ओवर में एक विकेट पर 200 रन बनाकर जीत हासिल कर ली.
नियमित सलामी जोड़ी के तौर पर कप्तान स्मृति मंधाना (32) और उपकप्तान शेफाली वर्मा (नाबाद 64) ने भी इस मौके का पूरा फ़ायदा उठाया.
दिल्ली हाई कोर्ट ने नेहा बोरा की 'पीस बॉन्ड' के ख़िलाफ़ याचिका ख़ारिज की, विनीत भल्ला, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नेहा बोरा को राहत नहीं (फ़ाइल फ़ोटो)
दिल्ली हाई कोर्ट ने 'पीस बॉन्ड' भरने संबंधी नोटिस को चुनौती देने वाली नेहा बोरा की याचिका ख़ारिज कर दी है.
कोर्ट ने कहा कि इस स्तर पर पर्याप्त कानूनी सुरक्षा उपाय मौजूद हैं.
हाई कोर्ट ने स्पेशल एग्ज़ीक्यूटिव मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि वह उन सभी दस्तावेज़ों और सामग्रियों को उपलब्ध कराएं, जिनके आधार पर उन्होंने नेहा को नोटिस जारी किया था.
बोरा ने 16 अक्तूबर को हुए 'लहरा दो तिरंगा' विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के बाद एक जांच के दौरान शांति बनाए रखने के लिए 10,000 रुपये का पर्सनल बॉन्ड और एक ज़मानती देने के नोटिस को चुनौती दी थी.
दिल्ली हाई कोर्ट में बुधवार को सुनवाई के दौरान नेहा की ओर से पेश सीनियर वकील शंकरनारायणन ने दलील दी कि शांति बनाए रखने के लिए बॉन्ड भरने के संबंध में स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट ने उन्हें जो कारण बताओ नोटिस भेजा, वह बिना सोच-विचार किए और किसी सामग्री पर भरोसा किए बिना जारी किया गया.
उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट ने इस मामले में कोई राय भी जाहिर नहीं की.
उन्होंने कहा कि उनकी मुवक्किल ने न तो हिंसा या अशांति भड़काने की कोई अपील की और न ही किसी को आपराधिक अपराध करने के लिए उकसाया.
उन्होंने केवल शांतिपूर्ण प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जो संविधान के तहत संरक्षित अधिकार है.
सीजेपी नेताओं का आंदोलन जारी रखने का फ़ैसला, कहा- ज्ञानेश कुमार को इस्तीफ़ा देना होगा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आशुतोष रांका और सौरव दास ने एसआईआर के ख़िलाफ़ आंदोलन जारी रखने की बात कही है
कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने एसआईआर के ख़िलाफ़ आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ कॉकरोच जनता पार्टी के सौरव दास और आशुतोष रांका ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफ़ा देना होगा.
दोनों नेताओं की यह टिप्पणी मंदिर मार्ग पुलिस थाने में दर्ज अलग-अलग मामलों के सिलसिले में स्पेशल एग्ज़ीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (एसईएम) के सामने पेश होने के बाद आई.
रांका ने एसईएम के सामने पेश होने के बाद पत्रकारों से कहा, "आंदोलन जारी रहेगा. देश के लोगों ने हमें यह मंच दिया है और हम इसके संरक्षक हैं. हम बस अपना सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश कर रहे हैं. जेल में रहने के दौरान भी आंदोलन जारी रहता है."
एसआईआर के ख़िलाफ़ दिल्ली में प्रदर्शन, तस्वीरों में देखें
इमेज स्रोत, SHAAD MIDHAT/BBC
एसआईआर को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग लेकर लोगों ने गुरुवार को दिल्ली में प्रदर्शन किए.
पीपल अगेंस्ट एसआईआर के बैनर तले 23 अक्तूबर को देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन किए जा रहे हैं.
दिल्ली में एसआईआर के ख़िलाफ़ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर छात्र, किसान, मज़दूर और एक्टिविस्ट दोपहर क़रीब एक बजे बंगला साहिब गुरुद्वारे के पास जुटे.
इमेज स्रोत, SHAAD MIDHAT/BBC
इमेज स्रोत, SHAAD MIDHAT/BBC
इमेज स्रोत, SHAAD MIDHAT/BBC
इमेज स्रोत, SHAAD MIDHAT/BBC
इमेज स्रोत, SHAAD MIDHAT/BBC
भारत-चीन सीमा विवाद : फिर क्यों उठे सवाल? | 23 अक्तूबर, 2026 | दिनभर (बीबीसी हिन्दी)
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
पेरिस के उपनगर में गोलीबारी में एक शख़्स की मौत, आतंकी वारदात का संदेह, जैक बर्गेस और पॉल किर्बी, यूरोप डिजिटल एडिटर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और आपातकालीन सेवाओं की टीमें तैनात हैं
पेरिस के एक उपनगर में गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए. पुलिस इसे आतंकवादी घटना मानकर जांच कर रही है.
शुक्रवार को कई जगहों पर चलते वाहन से गोलीबारी की गई. पहली घटना पेरिस के दक्षिण-पश्चिम में स्थित त्राप शहर में हुई और इसके बाद पास के ला वेरिएर में गोलीबारी हुई.
स्थानीय मेयर ने बताया कि घायलों में 12 साल की एक लड़की भी शामिल है.
फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबास्तियन लेकोर्नू ने कहा कि हमले के संदिग्ध को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में ले लिया गया है.
राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी अभियोजक कार्यालय ने बताया कि उसने इस मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है.
शुरुआती तौर पर यह मामला "आतंकवादी साजिश से जुड़े हत्या के अपराध" का लग रहा है.
त्राप के मेयर अली रबेह ने बताया कि शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति ने अपने वाहन से उन कई लोगों पर गोलियां चलाईं, जो उसके रास्ते में आए.
रबेह ने बीएफएमटीवी को बताया कि संदिग्ध कई इलाकों में बिना किसी स्पष्ट दिशा के घूमता रहा और बेतरतीब ढंग से गोलियां चलाता रहा. ऐसा लग रहा था कि उसका मकसद "जितना संभव हो, उतने लोगों को हताहत करना" था. उन्होंने कहा, "वह बड़े पैमाने पर तबाही मचाना चाहता था."
मेयर के मुताबिक, हमलावर ने त्राप में एक पेट्रोल पंप, एक अस्पताल और बच्चों के खेलने की जगह पर लोगों को निशाना बनाया.
इसके बाद वह पास के ला वेरिएर चला गया. वहां के मेयर निकोलस डैनविल ने बताया कि चारों घायल गंभीर हालत में हैं.
पुलिस यूनियन के एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध को ला वेरिएर में शहर से गुजरने वाले मुख्य एन10 मार्ग पर हिरासत में लिया गया.
एशियन पैरा गेम्स में भारतीय तैराकों ने जीते 11 मेडल
इमेज स्रोत, SAI MEDIA/X
इमेज कैप्शन, भारतीय तैराक हिमांशु नंदल ने ब्रॉन्ज़ मेडल की हैट्रिक लगाई है
एशियन पैरा गेम्स ने भारतीय पैरा तैराकों ने 11 पदकों के साथ अपना अभियान समाप्त किया है. भारतीय तैराक हिमांशु नंदल ने ब्रॉन्ज़ मेडल की हैट्रिक लगाई है.
पिछले एशियन पैरा गेम्स में भारत ने सिर्फ़ एक ब्रॉन्ज मेडल मिला था.
भारतीय तैराकों ने तीन सिल्वर और आठ ब्रॉन्ज़ के साथ मिलकर प्रतियोगिता को अलविदा कहा.
हिमांशु नंदल और रवि बुडिगिना ने भारत के लिए तीन-तीन पदक जीते.
नंदल ने शुक्रवार को पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस11 स्पर्द्धा में तीसरा स्थान हासिल कर अपना तीसरा कांस्य पदक जीता.
एशियन पैरा गेम्स जापान के आइची-नागोया शहर में 18 अक्तूबर से 24 अक्तूबर तक आयोजित हो रहे हैं.
पदक तालिका में अबतक चीन शीर्ष पर बना हुआ है. चीन ने 427 मेडल जीते हैं. इनमें 204 गोल्ड, 1154 सिल्वर और 108 ब्रॉन्ज़ हैं.
भारत ने 114 मेडल जीते हैं. इनमें 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज़ हैं.
दिल्ली पुलिस को मिली कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन की रिमांड
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली पुलिस की हिरासत में आमिर शौकीन
कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को तीस हज़ारी कोर्ट ने एक दिन की रिमांड पर भेजा है.
आमिर शौकीन को त्रिपुरा के एक युवक से नस्लीय भेदभाव के करने के आरोप पर दिल्ली पुलिस ने 22 अक्तूबर को हिरासत में लिया गया था.
आमिर के ख़िलाफ़ बीएनएस की धारा 192, 196, 352 और 353 के तहत सदर बाज़ार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, दिल्ली पुलिस ने छह दिनों की रिमांड मांगी थी, लेकिन तीस हज़ारी कोर्ट के ड्यूटी मज़िस्ट्रेट ने सिर्फ एक दिन की रिमांड दी है.
वहीं, त्रिपुरा पुलिस ने भी आमिर शौकीन के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है.
उत्तराखंड के सीएम ने बताया- दलेर मेहंदी से क्या बात हुई?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि उन्होंने गायक दलेर मेहंदी से बात की है
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उन्होंने प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी से बात कर उनका हाल-चाल पूछा है.
इससे पहले उन्होंने दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह से बात की थी.
दलेर मेहंदी से बातचीत के बारे में उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि हाल-चाल पूछने के साथ उनसे पिछले दिनों हुए घटनाक्रम पर भी चर्चा की.
उन्होंने लिखा, ''देवभूमि उत्तराखण्ड ‘अतिथि देवो भवः’ की समृद्ध परंपरा का संवाहक है. हमारी लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द की भावना ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान है. यहां कला, संस्कृति और कलाकारों का सदैव स्वागत एवं सम्मान किया जाता रहा है.''
''हमारा प्रयास है कि इस घटनाक्रम को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मकता की भावना के साथ आगे बढ़ा जाए.''
दरअसल उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल ज़िले के नरेंद्र नगर में 18 अक्तूबर को कुंजापुरी मेले के दौरान गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर विवाद हो गया था.
कार्यक्रम के दौरान राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर ही उनके गायन पर सवाल उठाए.
यह कार्यक्रम नवरात्र के मौके पर आयोजित किया गया था.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उनियाल, दलेर मेहंदी से कह रहे हैं,"इतना पैसे देकर हमने आपको बुलाया है. आप बेवकूफ बना रहे हैं हमें. बोला तो जा नहीं रहा, गाना क्या गाओगे?"
इस पूरे विवाद के बीच दलेर मेहंदी के छोटे भाई और गायक मीका सिंह ने वीडियो जारी कर उनका बचाव किया था.
एसआईआर को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन फिर शुरू, पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया, शुभ राणा, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, SHAAD MIDHAT/BBC
इमेज कैप्शन, दिल्ली में एसआईआर रद्द करने की मांग लेकर फिर प्रदर्शन शुरू
पीपल अगेंस्ट एसआईआर के बैनर तले 23 अक्तूबर को देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन किए जा रहे हैं.
दिल्ली में एसआईआर के ख़िलाफ़ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर छात्र, किसान, मज़दूर और एक्टिविस्ट दोपहर क़रीब एक बजे बंगला साहिब गुरुद्वारे के पास जुटे.
प्रदर्शन में आइसा, एआईएसएफ़, एसएफ़आई और केवाईएस समेत कई वामपंथी छात्र संगठन शामिल हुए.
इसके अलावा किसान और महिला संगठनों के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया.
इमेज स्रोत, SHAAD MIDHAT/BBC
इमेज कैप्शन, पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है
प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग के दफ़्तर तक मार्च निकालने का आह्वान किया था. उनकी प्रमुख मांगों में एसआईआर को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग शामिल थी.
इस दौरान दिल्ली पुलिस लगातार अनाउंसमेंट कर रही थी कि नई दिल्ली इलाके में बीएनएसएस की धारा 163 लागू है और वहां लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध है.
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से वहां से हटने की अपील की. हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया.
ट्रंप के पाबंदियां हटने के दावे के बावजूद यूक्रेन में स्टारलिंक पर अब भी प्रतिबंध: सूत्र, गैब्रिएला पोमरॉय और हफ़्सा ख़लील
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यूक्रेन की नेशनल पुलिस के जवान दोनेत्स्क क्षेत्र में मोर्चे पर स्टारलिंक टर्मिनल लगाते हुए
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने बताया है कि यूक्रेन में स्टारलिंक नेटवर्क की सेवाओं में अब भी दिक्कतें आ रही हैं.
यह स्थिति तब भी बनी हुई है, जब डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि एलन मस्क ने सैटेलाइट अपलिंक पर लगाई गई पाबंदियां हटा दी हैं.
सूत्रों ने बीबीसी को बताया कि 161 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से उड़ने वाले ड्रोन का कनेक्शन टूटने की घटनाएं दर्ज की जा रही हैं. इससे सैन्य अभियानों में बाधा आ रही है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने पहले इस बात से इनकार किया था कि उन्होंने टेक अरबपति एलन मस्क को स्टारलिंक की सैन्य-स्तर की समकक्ष सेवा स्टारशील्ड की कनेक्टिविटी सीमित करने का निर्देश दिया था. हालांकि, गुरुवार को उन्होंने कहा कि मस्क ने पाबंदियां हटा दी हैं.
मस्क ने पहले कहा था कि इस नेटवर्क की रफ़्तार धीमी करने के पीछे उनका हाथ नहीं था. इससे यूक्रेन की हमलावर ड्रोन इस्तेमाल करने और रक्षात्मक अभियानों में तालमेल बिठाने की क्षमता प्रभावित हुई थी.
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि सेना स्टारलिंक और स्टारशील्ड, दोनों नेटवर्क के प्रदर्शन पर लगातार नज़र रख रही है.
नेतन्याहू ने हमास के हमले की आशंका जताई, कहा- 'हम उनका पीछा करेंगे'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि सुरक्षाबल आतंकवाद को नाकाम करने के लिए अभियान चला रहे हैं
इसराइल के प्रधानमंत्री ने आशंका जताई है कि हमास फिर हमला कर सकता है.
प्रधानमंत्री दफ़्तर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा है, ''मैंने रक्षा मंत्री, आईडीएफ़ (इसराइली सेना) के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़, इसराइल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी (आईएसए) के निदेशक, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और आईडीएफ़ की सेंट्रल कमान के कमांडर के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की है.''
इसमें लिखा गया है, ''ऐसा लगता है कि हमास के आतंकवादी बड़े हमले की योजना बना रहे थे, जिसका मक़सद निर्दोष नागरिकों की हत्या करना था. वहां बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद मिलने से इसका संकेत मिलता है. हमारे बहादुर सैनिकों ने साहस और दृढ़ संकल्प के साथ इस हमले को नाकाम कर दिया. मैं उनकी कार्रवाई के लिए उनकी सराहना करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.''
''मैंने आईडीएफ़ और सुरक्षा बलों को हेब्रोन शहर की तत्काल घेराबंदी करने और यहूदिया और सामरिया से होने वाले आतंकवादी हमलों को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय करने का निर्देश दिया है.''
नेतन्याहू ने लिखा है, ''हमारे सुरक्षा बल अतिरिक्त जवानों की तैनाती के साथ आतंकवाद को नाकाम करने के लिए अभियान चला रहे हैं और बड़े पैमाने पर गिरफ़्तारियाँ कर रहे हैं.''
''हम हमास के आतंकवादियों और उन्हें भेजने वालों का पीछा करेंगे, चाहे वे कहीं भी हों और किसी भी समय.''
''तुम्हारे छिपने की कोई जगह नहीं है.''
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, यह हमला हेब्रोन शहर के प्रवेश द्वार पर स्थित एक सैन्य चेकपोस्ट पर हुआ
इसराइली अधिकारियों के मुताबिक, क़ब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में गोलीबारी की घटना के बाद पांच इसराइली घायल हो गए, जबकि इसराइली सुरक्षा बलों ने फ़लस्तीनी हमलावर होने के संदेह में दो लोगों को मार दिया.
सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपुष्ट वीडियो में हेब्रोन शहर के प्रवेश द्वार पर स्थित एक सैन्य चेकपोस्ट पर सैनिकों और बंदूकधारियों के बीच भीषण गोलीबारी होती दिख रही है.
यह हमला वेस्ट बैंक में बढ़ते तनाव के बीच हुआ है. जैतून की सालाना फसल की कटाई के दौरान चरमपंथी यहूदी बस्तियों के निवासी फ़लस्तीनियों को निशाना बना रहे हैं. वहीं, इसराइल में चार दिन बाद आम चुनाव होने हैं.
कस्टमर सेफ़्टी को लेकर एसबीआई ने अपने ग्राहकों को किया सतर्क, ये सलाह दी
इमेज स्रोत, Getty Images
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने कहा है कि डार्क वेब पर उसके जिन ग्राहकों की जानकारियां मिली हैं उनके खाते में मौजूद रकम और फंड्स सुरक्षित हैं.
एसबीआई ने एक्स पर पोस्ट किए गए एक अपडेट में लिखा है, ''हाल की साइबर घटना के बाद बैंक ने उन सभी ग्राहकों को सूचना भेजी है जिनके डेटा डार्क वेब पर पाए गए हैं. उन्हें ई-मेल और व्हॉट्सएप पर इसकी जानकारी दी है.''
''हम एक बार फिर बताना चाहते हैं कि उनका अकाउंट बैलेंस और फंड्स हमारे पास सुरक्षित हैं.''
''बैंक ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वो सेफ़ बैंक प्रैक्टिस का पालन करें. अपने ओटीपी, पिन या पासवर्ड किसी के साथ शेयर न करें. साथ ही संदिग्ध कॉल, मैसेज या ई-मेल को लेकर सतर्क रहें.''
दो दिन पहले स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के हज़ारों ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर लीक होने की ख़बर आई थी.
बैंक ने बताया कि डार्क वेब पर लीक डेटा में से 3,897 कस्टमर रिकॉर्ड्स में पर्सनली आइडेंटिफिएबल इनफॉर्मेशन (पीआईआई) पाई गई है. पीआईआई का मतलब है नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल, पता, आधार या बैंक CIF नंबर जैसी डिटेल्स हैं.
सऊदी अरब पर हूती हमलों का असर, कच्चे तेल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सऊदी अरब ऑयल फ़ैक्ट्री (फ़ाइल फ़ोटो)
सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच कच्चे तेल की कीमतें अपने रिकॉर्ड स्तर 113.75 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं.
शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड ऑयल 0.5 प्रतिशत बढ़कर 113.75 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया है. जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट क्रूड ऑयल की कीमत 0.7 प्रतिशत बढ़कर 100.13 डॉलर प्रति बैरल हो गया है.
4 मई 2026 के बाद पहली बार ब्रेंट क्रूड ऑयल में इतनी तेजी देखी गई है.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको ने हूती विद्रोहियों के हमलों को देखते हुए पहले ही धाहरान शहर स्थित अपने मुख्यालय को खाली करने का आदेश दिया है.
वित्तीय संस्थान आईएनजी के विशेषज्ञों ने एक नोट में कहा कि दोबारा तनाव बढ़ने की संभावना को लेकर तेल और गैस बाजार बहुत चिंतित है, क्योंकि ऐसी स्थिति तेल आपूर्ति को और प्रभावित कर सकती है.
दूसरी ओर, लीबिया के हमादा और तिहारा तेल क्षेत्रों से ज़ाविया बंदरगाह तक जाने वाली तेल पाइपलाइन में एक वॉल्व भी बंद कर दिया गया है, जिसकी वजह से उत्पादन कम हो गया है.
अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल रात दस बजे तक आपतक ख़बरें पहुंचाएंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.
पाकिस्तान का इंडोनेशिया समेत तीन देशों से डिफेंस प्रोडक्शन पर समझौता, क्या भारत पर पड़ेगा असर?
इल्हान उमर ने अपने घर पर रेड के बाद लिया ये फ़ैसला
किम जोंग-उन के मरने की अफ़वाह बार-बार क्यों फैलती है?
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल के साथ तोड़े कई रिकॉर्ड
इमेज स्रोत, @Ag_Mona1
इमेज कैप्शन, भारतीय निशानेबाज़ मोना अग्रवाल ने तोड़ा स्वीडन की अन्ना बेंसन का रिकॉर्ड तोड़ा
एशियन पैरा गेम्स 2026 के छठे दिन भारतीय पैरा एथलेटिक्स ने गोल्ड मेडल जीतने के साथ ही कई वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़े.
संदीप कुमार, निशानेबाज़ मोना अग्रवाल और पैरा एथलेटिक्स हनी ने स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ा है.
पुरुषों की 400 मीटर टी64 स्पर्धा को संदीप कुमार ने 52.28 सेकेंड में पूरा करके गोल्ड मेडल जीता और वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.
इसी प्रतियोगिता में भारत के अजय कुमार ने कांस्य पदक जीता है.
भारतीय निशानेबाज़ मोना अग्रवाल ने 10 मीटर एयर स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में 357.5 अंक हासिल करके गोल्ड मेडल जीता है.
इसके साथ ही मोना ने स्वीडन की अन्ना बेंसन के 356 अंकों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.
जबकि 333.2 अंकों के साथ अवनि लखेरा चौथे स्थान पर रहीं.
जैवलिन थ्रो में पैरा एथलेटिक्स हनी ने भी वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया है. हनी ने F37/38 जैवलिन थ्रो स्पर्धा में 60.49 मीटर थ्रो करके ये रिकॉर्ड अपने नाम किया है.
एशियन पैरा गेम्स जापान के आइची-नागोया शहर में 18 अक्तूबर से 24 अक्तूबर तक आयोजित हो रहे हैं.
इंडिगो ने सऊदी अरब की उड़ानों के लिए की अहम घोषणा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इंडिगो की उड़ानें अभी रद्द रहेंगी
भारतीय एयरलाइंस इंडिगो ने सऊदी अरब के रियाद से आने-जाने वाली उड़ानों को 31 अक्टूबर, 2026 तक (इस तारीख सहित) रद्द रखने का फ़ैसला किया है.
इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ''बदलती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए रद्द रखने का फ़ैसला किया है. वहीं, जेद्दा, दम्माम और मदीना से आने-जाने वाली उड़ानें 27 अक्टूबर, 2026 तक रद्द रहेंगी.''
इंडिगो ने कहा कि उसके यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. एयरलाइन स्थिति पर लगातार नज़र रख रही है और हालात का आकलन करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है.
प्रभावित यात्रियों को बुकिंग के समय दिए गए संपर्क विवरण के ज़रिए सूचित किया जा रहा है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले [goindigo.in/check-flight-s](https://t.co/m6CIGr4Vss?utm_source=chatgpt.com) पर अपनी उड़ान की स्थिति ज़रूर जांच लें.
एयरलाइन ने यात्रियों की यात्रा योजनाओं में होने वाली असुविधा और अनिश्चितता के लिए खेद जताया है.
इंडिगो के इस बयान को रीपोस्ट करते हुए सऊदी अरब में भारत के दूतावास ने लिखा है, ''इंडिगो की रियाद से आने-जाने वाली उड़ानें 31 अक्टूबर, 2026 तक रद्द रहेंगी. वहीं, जेद्दा, दम्माम और मदीना से आने-जाने वाली उड़ानें 27 अक्टूबर, 2026 तक रद्द रहेंगी.''