राहुल गांधी और विपक्ष के प्रदर्शन पर बीजेपी ने क्या कहा

बीजेपी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को लॉन्च करने के लिए लगातार विफल प्रयास किए जा रहे हैं.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
  • रात में थाने के बाहर बैठे पत्रकार
  • तोशिसुके कनाज़ावा
  • नुसरत भरूचा
  • modi captain smit talk
  • कैप्टन स्मित जिन्हें सब बता रहे हीरो
  • दोनों पत्थरों की तस्वीर

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. राहुल गांधी और विपक्ष के प्रदर्शन पर बीजेपी ने क्या कहा

    बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी
    इमेज कैप्शन, बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी

    नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के बाद बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन पर निशाना साधा.

    बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ़ हंगामा खड़ा करने में विश्वास करती है और उसका झूठ एक बार फिर बेनकाब हो गया है.

    उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने जब यह प्रस्ताव दिया कि एक वरिष्ठ अधिकारी उनसे मिलकर ज्ञापन ले लेंगे, तो कांग्रेस ने इससे इनकार कर दिया.

    उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को राजतंत्र में तब्दील करने के लिए यह पूरा प्रपंच रचा गया था.

    त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस के सभी सांसद प्रदर्शन में नहीं पहुंचे थे और 300 सांसदों की संख्या बताकर झूठ बोला गया. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को लॉन्च करने के लिए लगातार विफल प्रयास किए जा रहे हैं.

    राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन में धरने पर बैठे थे. वो चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया.

    इसके बाद वे वहीं धरने पर बैठ गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

  3. जहां राहुल गांधी को हिरासत में रखा गया वहां का गेट खोलकर अंदर पहुंची प्रियंका गांधी

    प्रियंका गांधी

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा किंग्सवे कैंप का गेट खोलकर अंदर पहुंच गईं.

    पुलिस ने यहां राहुल गांधी और हिरासत में लिए गए दूसरे विपक्षी नेताओं को रखा है.

    इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अन्य प्रदर्शनकारी भी कैंप के अंदर घुस गए.

    मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर राजधानी दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन में राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी कांग्रेस के अन्य नेताओं के साथ धरने पर बैठे थे.

    मंगलवार देर शाम पुलिस ने वहां पहुंचकर दोनों को हटा दिया है.

    मौक़े पर मौजूद बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा ने जानकारी दी है कि राहुल गांधी को हिरासत में लेकर पुलिस किंग्सवे कैंप पहुंची है.

  4. हिरासत में लिए जाने के बाद क्या बोले राहुल गांधी

    राहुल गांधी

    मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हिरासत में लिए जाने के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा है, "लोकतंत्र के गद्दारों को बचाने के लिए बचे-खुचे लोकतंत्र को घसीटा गया है. हिसाब होगा-एक भी देशद्रोही बख्शा नहीं जाएगा."

    राजधानी दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन में राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, कांग्रेस के अन्य नेताओं के साथ धरने पर बैठे थे.

    मंगलवार देर शाम पुलिस ने वहां पहुंचकर दोनों को हटा दिया.

    मौक़े पर मौजूद बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा ने जानकारी दी है कि राहुल गांधी को हिरासत में लेकर पुलिस किंग्सवे कैंप पहुंची है.

    कांग्रेस ने राहुल गांधी को 'जबरन' ले जाती पुलिस का वीडियो डालते हुए एक्स पर लिखा है, 'सब याद रखा जाएगा.'

  5. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ टी20 सिरीज़ के लिए टीम इंडिया का एलान, इस खिलाड़ी की 4 साल बाद वापसी

    कप्तान श्रेयस अय्यर

    न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ 5 मैचों की टी20 सिरीज़ के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है. इस टीम में सबसे ज्यादा चौंकाने वाला नाम है भुवनेश्वर कुमार का.

    भुवनेश्वर कुमार की लगभग चार साल बाद टीम इंडिया में वापसी हुई है. वहीं वरुण चक्रवर्ती को भी टीम में जगह मिली है. टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में ही है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है.

    बैटर के तौर पर अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी जैसे आक्रामक बल्लेबाजों को शामिल किया गया है.

    विकेटकीपिंग का जिम्मा संजू सैमसन और ईशान किशन के कंधों पर रहेगा जो टॉप ऑर्डर में टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाने में सक्षम हैं.

    टीम इस प्रकार है- श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दूबे, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव

  6. राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन के बीच चुनाव आयोग ने क्या कहा

    चुनाव आयोग ऑफ़िस
    इमेज कैप्शन, आयोग ने बताया कि शाम 4 बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने अधिकृत प्रतिनिधि के जरिये बैठक के लिए समय नहीं मांगा था

    मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर विपक्ष के प्रदर्शन के बीच चुनाव आयोग ने मंगलवार शाम प्रेस रिलीज़ जारी अपनी स्थिति स्पष्ट की.

    नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विपक्ष के सांसदों के साथ चुनाव आयोग कार्यालय जाना चाहते थे और चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते थे. लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक लिया.

    आयोग ने जारी प्रेस नोट में कहा कि शाम 4 बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने अधिकृत प्रतिनिधि के जरिये बैठक के लिए समय नहीं मांगा था.

    चुनाव आयोग के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल आयोग से मिलकर ज्ञापन सौंपना चाहता है.

    आयोग ने कहा कि राजनीतिक दलों के साथ बैठकों के लिए पहले से तय प्रक्रिया है, जिसके तहत अधिकृत प्रतिनिधि समय मांगते हैं और आपसी सहमति से बैठक तय होती है.

    आयोग ने बताया कि उसे बाद में जानकारी दी गई कि 240 सांसदों के समूह के साथ संसद भवन एनेक्सी में बैठक का प्रस्ताव रखा गया था.

    आयोग ने इसे असामान्य बताते हुए कहा कि प्रोटोकॉल के तहत ऐसी मुलाकातें चुनाव आयोग के परिसर में ही होती हैं.

    चुनाव आयोग का प्रेस नोट
    इमेज कैप्शन, चुनाव आयोग का प्रेस नोट

    प्रेस नोट के मुताबिक, "आयोग ने समाधान के तौर पर अपने सबसे वरिष्ठ कार्यरत अधिकारी को ज्ञापन लेने के लिए भेजने का प्रस्ताव भी दिया, लेकिन इसे स्वीकार नहीं किया गया."

    चुनाव आयोग के दफ़्तर तक जाने से रोके जाने पर राहुल गांधी आकाशवाणी भवन परिसर के भीतर बैठ गए थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

  7. राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने पर क्या बोले अभिजीत दीपके

    अभिजीत दीपके

    लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने एक्स पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने लिखा,"स्टूडेंट्स को हिरासत में लिया गया, पत्रकारों को हिरासत में लिया गया और अब विपक्ष के नेता को भी हिरासत में ले लिया गया. तानाशाह को तो हर चीज़ से ज़्यादा ज्ञानू से प्यार है."

    वहीं सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने लिखा, "बीजेपी विपक्ष के नेता को मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने से क्यों रोक रही है? चुनाव आयोग को तो एक स्वतंत्र संस्था होना चाहिए ना?"

    मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर राजधानी दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन में धरने पर बैठे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को पुलिस ने हटा दिया है.

  8. राहुल गांधी के प्रदर्शन पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू

    किरेन रिजिजू
    इमेज कैप्शन, रिजिजू ने कहा कि जनता का विश्वास सेवा से अर्जित होता है, आरोपों और ड्रामे से नहीं (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा है.

    राहुल गांधी आकाशवाणी भवन परिसर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

    इस पर प्रतिक्रिया देते हुए किरेन रिजिजू ने एएनआई से कहा, "राहुल गांधी और उनके साथी जिस तरह लगातार चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट पर हमला करते रहते हैं, अब इस ड्रामे को बंद करने का समय आ गया है."

    उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 2014 से इसी तरह की राजनीति कर रहे हैं. रिजिजू ने कहा, "आखिर यह नाटक कब तक चलेगा? लोकतंत्र में जनता की सेवा से जनादेश मिलता है, ऐसे ड्रामे करने से नहीं."

    उन्होंने कहा, "मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के कार्यकर्ताओं से सीखिए, जो अपने लिए नहीं बल्कि समाज और देश के लिए निस्वार्थ भाव से काम करते हैं."

    रिजिजू ने कहा कि जनता का विश्वास सेवा से अर्जित होता है, आरोपों और ड्रामे से नहीं.

    राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन में धरने पर बैठे थे. वो चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया.

    इसके बाद वे वहीं धरने पर बैठ गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

  9. पहले टी20 मैच में वेस्ट इंडीज ने भारत को 172 रन का लक्ष्य दिया, नमन धीर ने तीन विकेट लिए

    साई होप
    इमेज कैप्शन, कप्तान और सलामी बल्लेबाज़ साई होप ने 37 गेंदों पर 52 रन बनाए

    लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारत और वेस्ट इंडीज़ के बीच खेले जा रहे पहले टी20 मैच में वेस्ट इंडीज़ ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत को 172 रनों का लक्ष्य दिया है.

    भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए वेस्ट इंडीज़ की टीम 19.1 ओवर में 171 रन बनाकर आउट हो गई.

    कप्तान और सलामी बल्लेबाज़ साई होप ने 37 गेंदों पर 52 रन बनाए.उन्होंने छह चौके और दो छक्के लगाए.

    वहीं, शेरफेन रदरफोर्ड ने 34 गेंदों में शानदार 56 रन की पारी खेली. उन्होंने छह चौके और तीन छक्के लगाए.

    भारत की ओर से नमन धीर ने चार ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट लिए. वहीं, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला.

  10. भगवंत मान का बीजेपी पर आरोप, 'मेरे कैंप ऑफिस पर सीबीआई रेड कराई गई', केजरीवाल ने क्या कहा

    भगवंत मान
    इमेज कैप्शन, बीजेपी पर आरोप लगाते हुए भगवंत मान ने कहा कि वो पंजाब में जीत नहीं सकती इसलिए ईडी-सीबीआई के सहारे चुनाव लड़ना चाहती है

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने उनके कैंप कार्यालय पर रेड की है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा,"भाजपा ने पंजाब चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है. मेरे कैंप कार्यालय में सीबीआई की रेड करवाई गई. अब पंजाब में ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग किया जाएगा, ताकि पंजाब सरकार और मुझे बदनाम किया जा सके."

    उन्होंने कहा कि उन्हें लोगों से प्यार और समर्थन मिल रहा है और ये देखकर बीजेपी घबरा गई है.

    इसके बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर इसे बीजेपी की बौखलाहट बताया.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "चुनाव से दो महीने पहले पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय पर सीबीआई की रेड बीजेपी की बौखलाहट का नतीजा है."

    उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो पंजाब में जीत नहीं सकती इसलिए ईडी-सीबीआई के सहारे चुनाव लड़ना चाहती है.

    उन्होंने कहा कि पंजाबियों ने अपना मन बना लिया है और बीजेपी के सीबीआई रेड का जवाब आने वाले चुनाव ने भगवंत मान को सौ से ज़्यादा सीटों से जिता कर दोबारा मुख्यमंत्री बना कर देंगे.

  11. फ़्रांस में शिक्षा व्यवस्था के ख़िलाफ़ प्रदर्शन तेज़, हज़ारों स्कूल बंद

    प्रदर्शन के दौरान आगजनी
    इमेज कैप्शन, प्रदर्शनों में कम से कम 215 लोग घायल हुए हैं और पांच हज़ार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है

    फ़्रांस में स्टूडेंट्स, पैरेंट्स और ट्रेड यूनियन हाई स्कूलों में कम निवेश के विरोध में देशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं.

    एक छात्र संगठन का दावा है कि देशभर में दो हज़ार हाई स्कूल बंद हो गए हैं और लगभग सभी विश्वविद्यालयों में आंदोलन चल रहा है.

    वहीं, फ़्रांस की सरकार का कहना है कि 891 स्कूलों में कक्षाएं पूरी तरह या आंशिक रूप से निलंबित की गई हैं.

    स्ट्रासबर्ग में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, लियोन में प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स में आग लगा दी, जबकि रेनेस में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया.

    पेरिस में एक 17 वर्षीय छात्रा ने कहा, "हम 35 स्टूडेंट्स वाली भरी हुई कक्षाओं में पढ़ते हैं. हम कई मुद्दों पर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब भी लगता है कि हमारी आवाज़ नहीं सुनी जा रही है."

    मार्सेई से बीबीसी संवाददाता मार्क लोवेन की रिपोर्ट के अनुसार, बढ़ते सार्वजनिक खर्च पर नियंत्रण की कोशिश कर रही सरकार के लिए प्रदर्शनकारियों की मांगों को पूरा करना आसान नहीं होगा.

    पिछले एक सप्ताह में स्टूडेंट्स ने सैकड़ों स्कूलों को बंद कराया है. इन प्रदर्शनों में कम से कम 215 लोग घायल हुए हैं और पांच हज़ार से अधिक लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

  12. एयर मार्शल अशुतोष दीक्षित होंगे भारतीय वायुसेना के अगले प्रमुख

    अशुतोष दीक्षित
    इमेज कैप्शन, एयर मार्शल अशुतोष दीक्षित एक प्रायोगिक परीक्षण पायलट और क्वालीफाइंग फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं

    भारत सरकार ने वर्तमान में वायुसेना के उप प्रमुख के पद पर कार्यरत एयर मार्शल अशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का 29वां प्रमुख नियुक्त किया है.

    रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी.

    एयर मार्शल दीक्षित 31 अक्तूबर 2026 की दोपहर से एयर चीफ़ मार्शल अमर प्रीत सिंह की जगह लेंगे. एयर चीफ़ मार्शल अमर प्रीत सिंह 31 अक्तूबर को रिटायर हो रहे हैं.

    एयर मार्शल अशुतोष दीक्षित एक प्रायोगिक परीक्षण पायलट और क्वालीफाइंग फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं. उनके पास 3500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है.

    उन्होंने अपने करियर में कई अहम पदों पर सेवाएं दी हैं. इनमें चीफ़ ऑफ़ इंटीग्रेटेड स्टाफ़ कमेटी टू द चेयरमैन, मुख्यालय इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ़ और एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, सेंट्रल एयर कमांड जैसे पद शामिल हैं.

  13. एसआईआर के मुद्दे पर राहुल और प्रियंका धरने पर बैठे- LIVE

    एसआईआर के मुद्दे पर दिल्ली में विपक्षी सांसदों ने मंगलवार को मार्च निकाला, हालांकि उन्हें निर्वाचन आयोग नहीं पहुंचने दिया गया और बीच में ही रोक दिया गया था.

    इस बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बाकी नेताओं के साथ आकाशवाणी भवन के पास धरने पर बैठ गए हैं. आकाशवाणी भवन के पास अभी कैसा माहौल है, बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  14. महिला सुरक्षा की मांग को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्राओं का प्रदर्शन, शुभ राणा, बीबीसी संवाददाता

    प्रदर्शन करतीं छात्राएं
    इमेज कैप्शन, प्रदर्शन में मैत्रेयी कॉलेज, गार्गी कॉलेज, हंसराज कॉलेज और जीसस एंड मैरी कॉलेज समेत कई कॉलेजों की छात्राएं शामिल हुईं.

    मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्राओं ने महिला सुरक्षा की मांग को लेकर दिल्ली के दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस मेट्रो स्टेशन के पास प्रदर्शन किया.

    हाल ही में आस्था कुंज पार्क में गैंगरेप का मामला सामने आया था. इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया.

    इससे पहले भी लेडी श्रीराम कॉलेज, जीसस एंड मैरी कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज समेत दिल्ली के कई कॉलेजों के बाहर छात्र-छात्राएं यौन हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर प्रदर्शन कर चुके हैं.

    मंगलवार को साउथ कैंपस में भी विभिन्न कॉलेजों की छात्राएं एकजुट हुईं और सुरक्षित माहौल की मांग की.

    प्रदर्शन में मैत्रेयी कॉलेज, गार्गी कॉलेज, हंसराज कॉलेज और जीसस एंड मैरी कॉलेज समेत कई कॉलेजों की छात्राएं शामिल हुईं.

    प्रदर्शन में शामिल लोगों के मुताबिक, यह प्रदर्शन स्वतंत्र रूप से आयोजित किया गया था.

    हालांकि, इसमें छात्र संगठन आइसा, एसएफआई और केवाईएस से जुड़े छात्र भी शामिल हुए.

    देखें तस्वीरें-

    प्रदर्शन करतीं दिल्ली विश्वविद्यालय की लड़कियां
    प्रदर्शन करतीं दिल्ली विश्वविद्यालय की लड़कियां
    दिल्ली विश्वविद्यालय की लड़कियां
  15. कार्टून: गंभीर मामला

    आज का कार्टून
    इमेज कैप्शन, एसआईआर के मुद्दे को लेकर विपक्ष के मार्च पर आज का कार्टून
  16. ओमान तट पर कमर्शियल जहाज़ पर हुए हमले को लेकर भारत ने क्या कहा?

    ओमान तट
    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के मुताबिक, हमले में चालक दल के 12 सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें 11 भारतीय शामिल हैं

    भारत ने ओमान के तट के पास पनामा के झंडे वाले कमर्शियल जहाज़ एमटी ऑन पीस पर हुए हमले की निंदा की है.

    यह हमला मंगलवार को उस समय हुआ जब जहाज़ होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहा था और एक प्रोजेक्टाइल की चपेट में आ गया.

    जहाज के कुल चालक दल के 19 सदस्यों में से 17 भारतीय नागरिक हैं.

    विदेश मंत्रालय के प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, हमले में चालक दल के 12 सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें 11 भारतीय शामिल हैं.

    भारत सरकार ने बताया कि ओमानी अधिकारियों की मदद से चालक दल के घायल सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उनका इलाज ओमान के खासाब शहर में चल रहा है.

    भारत ने सहायता के लिए ओमान सरकार का आभार व्यक्त किया है.

    भारत ने कहा कि क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले गहरी चिंता का विषय बने हुए हैं. भारत ने शांति और क्षेत्रीय स्थिरता के हित में ऐसे हमलों को तत्काल रोकने की अपनी मांग दोहराई है.

    बयान में कहा गया है कि कमर्शियल जहाजों, नाविकों और सिविलियन इंफ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाना बंद होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों में नौवहन और व्यापारिक गतिविधियों को जल्द से जल्द सामान्य किया जाना चाहिए.

  17. दिल्ली कैपिटल्स के नए हेड कोच होंगे सौरव गांगुली, अपनी नियुक्ति पर क्या कहा?

    सौरव गांगुली
    इमेज कैप्शन, गांगुली ने कहा, "मैं आईपीएल में हेड कोच की भूमिका निभाने को लेकर उत्साहित हूं"

    दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को अपना हेड कोच नियुक्त किया है.

    दिल्ली कैपिटल्स ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. डीसी ने लिखा, "दिल्ली, अब दादागिरी का वक्त है."

    गांगुली ने अपनी नियुक्ति पर कहा, "मैं आईपीएल में हेड कोच की भूमिका निभाने को लेकर उत्साहित हूं. दिल्ली कैपिटल्स मेरे दिल के बेहद करीब रही है और वर्षों से इस फ्रेंचाइजी के साथ मेरा मज़बूत रिश्ता रहा है. मैंने मालिकों, प्रबंधन, सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों के साथ करीब से काम किया है, जिससे यह ज़िम्मेदारी मेरे लिए और भी रोमांचक बन जाती है."

    आईपीएल 2026 के दौरान हेमंग बदानी दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के हेड कोच थे.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, फ्रांसिस हेलज़ेन को मिला फिज़िक्स का नोबेल पुरस्कार 2026

    फ्रांसिस हेलज़ेन
    इमेज कैप्शन, नोबेल प्राइज़ विजेता फ्रांसिस हेलज़ेन

    रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ़ साइंसेज ने 2026 के फिज़िक्स (भौतिकी) के नोबेल पुरस्कार के लिए फ्रांसिस हेलज़ेन को चुने जाने की घोषणा की है.

    उन्हें आइसक्यूब न्यूट्रिनो ऑब्ज़र्वेटरी में निर्णायक योगदान देने और खगोलीय स्रोतों से आने वाले उच्च-ऊर्जा न्यूट्रिनो की खोज के लिए यह सम्मान दिया गया है.

    नोबेल समिति के अध्यक्ष मार्क पीयर्स ने फ्रांसिस हेलज़ेन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने रिसर्चर्स और इंजीनियरों की एक अंतरराष्ट्रीय टीम का नेतृत्व किया, जिसने वैज्ञानिकों को एक शानदार उपकरण उपलब्ध कराया.

    पीयर्स के अनुसार, हेलज़ेन की दृढ़ता और वैज्ञानिक नज़रिये ने खगोल विज्ञान के एक नए युग की नींव रखी है.

  19. ओवैसी बोले, "मैं इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं, फिर उनके मार्च में क्यों जाऊं?"

    असदुद्दीन ओवैसी
    इमेज कैप्शन, एसआईआर का विरोध करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "यह एसआईआर ग़लत है"

    दिल्ली में निर्वाचन आयोग (ईसीआई) तक इंडिया ब्लॉक के सांसदों के विरोध मार्च पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "मैं वहां नहीं गया क्योंकि मैं गठबंधन का हिस्सा नहीं हूं. बेगानी शादी में मेरा क्या काम?"

    उन्होंने कहा, "मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन की प्रक्रिया ग़लत है. यह पूरी तरह कार्यपालिका के पक्ष में है. इस प्रक्रिया को बदलने की ज़रूरत है. मुख्य चुनाव आयुक्त का चयन सबसे बड़ी समस्या है. यह ग़लत है और इसमें सुधार होना चाहिए."

    ओवैसी ने कहा, "बिहार में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान भी मैंने अपनी बात रखी थी. मैं मांग करता हूं कि मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन से संबंधित कानून में बदलाव किया जाए. चयन की प्रक्रिया में भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई), प्रधानमंत्री और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) शामिल हों."

    उन्होंने एसआईआर का विरोध करते हुए कहा, "यह एसआईआर ग़लत है. मेरा मानना है कि यह पिछले दरवाजे से एनआरसी लागू करने जैसा है."

  20. अमेरिकी सेना ने 60 साल बाद किसी सैनिक को गोली मारकर मौत की सज़ा देने का एलान किया

    निदाल मलिक हसन
    इमेज कैप्शन, निदाल मलिक हसन ने साल 2009 में टेक्सस स्थित फोर्ट हूड सैन्य अड्डे पर 13 निहत्थे अमेरिकी सैनिकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी

    अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) ने सेना के पूर्व मेजर निदाल मलिक हसन को गोली मारकर मौत की सज़ा देने की घोषणा की है.

    पिछले 60 वर्षों से ज़्यादा समय बाद अमेरिकी सेना किसी सैनिक को गोली मारकर मौत की सज़ा देगी.

    निदाल मलिक हसन ने साल 2009 में टेक्सस स्थित फोर्ट हूड सैन्य अड्डे पर 13 निहत्थे अमेरिकी सैनिकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि 32 अन्य लोग घायल हुए थे.

    पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सोमवार को सोशल मीडिया पर बताया कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इस सज़ा को लागू करने की सिफ़ारिश की थी, जिसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंज़ूरी दे दी है.

    पार्नेल ने कहा कि सेना के सचिव मौत की सज़ा की तारीख और स्थान तय करेंगे. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "हसन के लिए आखिरकार न्याय का दिन आ गया है."

    वर्जीनिया के रहने वाले हसन अमेरिकी सेना में साइकेट्रिस्ट थे. 2013 में हुई सैन्य अदालत की सुनवाई के दौरान उन्होंने स्वीकार किया था कि वही हमलावर थे.