लाइव, ईरान ने पाकिस्तान की तारीफ़ करते हुए अब क्या कहा?

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ईरान की यात्रा करके अपने देश लौट आए हैं. इसके बाद पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने बताया कि पाकिस्तान कोशिशों की वजह से हाल की बातचीत अच्छी रही है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. ईरान ने पाकिस्तान की तारीफ़ करते हुए अब क्या कहा?

    रज़ा अमीरी मुक़द्दम

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने पाकिस्तान की सरकार और सेना ने सच्ची कोशिशें की हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ईरान की यात्रा करके अपने देश लौट आए हैं.

    इसके बाद पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने बताया कि पाकिस्तान कोशिशों की वजह से हाल की बातचीत अच्छी रही है.

    रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने कहा कि अगर दूसरा पक्ष गंभीरता दिखाए, तो क्षेत्र में शांति स्थापित हो सकती है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मोहसिन नक़वी ने तेहरान से लौटने के बाद ईरानी अधिकारियों के साथ हुई बातचीत की सफलता पर मुझे बधाई दी."

    रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने लिखा, "अगर दूसरा पक्ष पूरी तरह से गंभीर रहेगा, तो एक अच्छा क़दम सामने आने वाला है. इस बातचीत में हुई तरक़्क़ी ईरान के रुख़, उसकी सेना की मज़बूती और जनता की हिम्मत का नतीजा है. साथ ही इसमें पाकिस्तान की मध्यस्थता की कोशिशें भी शामिल हैं."

    उन्होंने आगे लिखा, "मैं उम्मीद करता हूं कि पाकिस्तान की सरकार और सेना की सच्ची कोशिशें इस क्षेत्र में स्थायी शांति लाएंगी. ख़ासकर प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़, फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर, विदेश मंत्री इसहाक़ डार और गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने ईमानदारी से कोशिश की है."

    गौरतलब है कि पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर भी शुक्रवार को ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे थे. यहां उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से मुलाक़ात की थी.

  2. अमेरिका के व्हाइट हाउस के पास फ़ायरिंग, गोलियां चलाने वाला संदिग्ध मारा गया

    व्हाइट हाउस

    इमेज स्रोत, Fatih Aktas/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे

    अमेरिका के वॉशिंगटन में शनिवार को व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी में एक शख़्स घायल हो गया, जबकि गोलियां चलाने वाला संदिग्ध मारा गया.

    घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे. दरअसल, शाम क़रीब छह बजे व्हाइट हाउस में मौजूद कई पत्रकारों ने गोलियों की आवाज़ सुनी.

    सीक्रेट सर्विस के बयान के मुताबिक़, 17वीं स्ट्रीट और पेंसिलवेनिया एवेन्यू के पास एक व्यक्ति ने अपने बैग से हथियार निकाला और फ़ायरिंग शुरू कर दी.

    सीक्रेट सर्विस पुलिस ने जवाबी फायर किया और संदिग्ध को गोली लगी. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. इस गोलीबारी में एक राहगीर को भी गोली लगी.

    दौड़ते हुए लोग

    इमेज स्रोत, Aaron Schwartz/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, गोलीबारी की इस घटना में किसी अधिकारी को चोट नहीं आई है

    अधिकारियों को कोई चोट नहीं आई. घटना के समय राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में मौजूद थे, लेकिन उनकी सुरक्षा या कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा.

    सीबीएस न्यूज़ को सूत्रों ने बताया कि 15 से 30 गोलियां चलीं. ऐसा लग रहा था कि एक शख़्स ने सीक्रेट सर्विस एजेंट्स के पास जाकर उन पर गोली चलाई, लेकिन वह कामयाब नहीं हुआ. इसके बाद एजेंट्स ने जवाबी फ़ायर किया.

    एफ़बीआई डायरेक्टर काश पटेल ने कहा कि सीक्रेट सर्विस इस घटना पर कार्रवाई कर रही है. राष्ट्रपति ट्रंप की तरफ़ से अभी तक इस घटना पर कोई बयान नहीं आया है.

    गौरतलब है कि एक महीने पहले ही व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में भी गोलीबारी हुई थी. तब भी संदिग्ध हमलावर पकड़ा गया था.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.