लाइव, पाकिस्तान में अमेरिका से होने वाली बातचीत से पहले ईरान ने रखी ये शर्त
ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने कहा है कि लेबनान में युद्धविराम और ईरान की फ़्रीज़ की गई संपत्तियों को बहाल करना बातचीत शुरू होने से पहले होनी चाहिए.
अमेरिका में महंगाई दो साल में सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंची, नताली शेरमन, बिजनेस रिपोर्टर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
अमेरिका में महंगाई दर पिछले महीने बढ़कर क़रीब दो साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है.
इसकी बड़ी वजह तेल की क़ीमतों में उछाल है, जो अमेरिका-इसराइल और ईरान से जुड़े संघर्ष के असर से बढ़ी हैं.
अमेरिकी श्रम विभाग के मुताबिक़, मार्च तक के 12 महीनों में उपभोक्ता क़ीमतें 3.3 फ़ीसदी बढ़ीं. फरवरी में यह दर 2.4 फ़ीसदी थी.
यह बढ़ोतरी 2022 के बाद सबसे बड़ी मासिक बढ़ोतरी में से एक है. उस समय रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा संकट देखने को मिला था.
रिपोर्ट के अनुसार, महंगाई में इस उछाल की मुख्य वजह पेट्रोल की क़ीमतों में तेज़ी है. ईरान के पास स्थित होर्मुज़ स्ट्रेट बंद होने से तेल की क़ीमतें बढ़ गई हैं, जिसका असर अब पूरी अर्थव्यवस्था पर दिखने लगा है.
पाकिस्तान में अमेरिका से होने वाली बातचीत से पहले ईरान ने रखी ये शर्त
इमेज स्रोत, NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने ईरानी नेतृत्व में अहम भूमिकाएं निभाई हैं, वो इस समय संसद के स्पीकर हैं
ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने कहा है कि लेबनान में युद्धविराम और ईरान की फ़्रीज़ की गई संपत्तियों को बहाल करना बातचीत शुरू होने से पहले होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि ये दोनों शर्तें पहले ही तय हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक लागू नहीं की गई हैं.
यह बयान ऐसे समय में आया है, जब अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ईरान के साथ बातचीत के लिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने पाकिस्तान जा रहे हैं.
इस हफ़्ते की शुरुआत में युद्धविराम लागू होने के बाद से ही इस बात पर विवाद बना हुआ है कि क्या इसमें लेबनान को भी शामिल किया गया है.
इस बीच लेबनान में इसराइली हमले जारी हैं.
नेतन्याहू ने इस देश के ख़िलाफ़ जताई नाराज़गी, ये कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि इसराइल उन लोगों के ख़िलाफ़ चुप नहीं रहेगा जो उनके देश पर हमला करते हैं.
उन्होंने कहा, "स्पेन ने हमारे सैनिकों, आईडीएफ़ के जवानों पर झूठे आरोप लगाए हैं. ये दुनिया की सबसे नैतिक सेना है."
उन्होंने आगे कहा, "इसी वजह से मैंने किर्यात गात स्थित कोऑर्डिनेशन सेंटर से स्पेन के प्रतिनिधियों को बाहर करने का निर्देश दिया है. क्योंकि स्पेन बार-बार इसराइल के ख़िलाफ़ खड़ा हुआ है."
प्रधानमंत्री ने कहा, "जो लोग आतंकवादी शासन के ख़िलाफ़ खड़े होने के बजाय इसराइल पर हमला करते हैं, वे क्षेत्र के भविष्य में हमारे साझेदार नहीं हो सकते."
ईरान-अमेरिका वार्ता से पहले पाकिस्तान में कैसी तैयारी, कैरी डेविस, इस्लामाबाद से रिपोर्टिंग
इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock
इस्लामाबाद में अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडलों के पहुंचने का इंतज़ार किया जा रहा है और शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
पाकिस्तानी राष्ट्रपति कार्यालय और संसद के सामने मुख्य चौराहे के पास स्थित डी-चौक इलाके में बीबीसी की टीम के वीडियो बनाने के दौरान पुलिस ने मीडिया टीमों को पीछे हटाना शुरू कर दिया.
इस्लामाबाद पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें प्रतिनिधिमंडलों के जल्द पहुंचने की उम्मीद है, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि कौन से प्रतिनिधिमंडल कब पहुंचेंगे.
इस्लामाबाद के रेड ज़ोन, जहां अधिकांश सरकारी इमारतें और विदेशी दूतावास स्थित हैं, उसे कंटीले तारों से घेर दिया गया है. शहर में चौकियों की संख्या बढ़ा दी गई है और सड़कों पर यातायात सामान्य से कम है.
सुरक्षा के लिए पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है, वहीं अंतरराष्ट्रीय पत्रकार भी शहर में आ रहे हैं.
पाकिस्तान ने वार्ता के लिए कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया है, लेकिन व्हाइट हाउस ने पहले ही कह दिया है कि वार्ता शनिवार सुबह होगी.
वहीं पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में युद्धविराम को लेकर होने वाली बातचीत में शामिल होने वाले देशों के प्रतिनिधियों और पत्रकारों को वीज़ा-फ्री यात्रा की सुविधा दी है.
यह सुविधा सिर्फ़ बातचीत की अवधि तक लागू रहेगी.
हालांकि, यह व्यवस्था तीसरे देशों के नागरिकों पर लागू नहीं होगी. यानी ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधियों और पत्रकारों पर लागू होगी.
गौरतलब है कि पाकिस्तान की मध्यस्थता के बाद अमेरिका और ईरान ने दो हफ़्तों के लिए युद्धविराम पर सहमति जताई थी.
पाकिस्तान के लिए रवाना होने से पहले बोले जेडी वेंस ‘अगर ईरान ने अच्छी नीयत से काम लिया तो अमेरिका मदद का हाथ बढ़ाएगा’
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान में अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडलों के बीच होने वाली बातचीत से पहले एयर फोर्स टू में सवार हो गए हैं.
उन्होंने विमान में चढ़ने से पहले कहा, ''हम बातचीत को लेकर उत्साहित हैं.''
उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर ईरान ''अच्छी नीयत'' से काम करता है तो अमेरिका ''मदद का हाथ बढ़ाने'' के लिए तैयार है.
हालांकि वेंस ने यह भी कहा कि अगर ईरान ''हमें भ्रमित करने की कोशिश करता है'' तो अमेरिका सकारात्मक रुख़ नहीं अपनाएगा.
उन्होंने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें बातचीत के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं.
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट ने पहले घोषणा की थी कि ये बातचीत पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होगी और इसके शनिवार से शुरू होने की उम्मीद है.
पाकिस्तान में बीबीसी संवाददाता के मुताबिक़ वेंस के साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर भी होंगे.
मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी में ग्यारह हज़ार लीटर दूध बहाए जाने पर आज का कार्टून
वृंदावन में नाव पलटने से कम से कम 10 लोगों की मौत, सुरेश सैनी, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
उत्तर प्रदेश के वृंदावन में केशी घाट के पास यमुना नदी में एक नौका दुर्घटना हुई है.
पुलिस के अनुसार, 22 लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, लेकिन कितने लोग लापता हैं, यह पता लगाने के लिए जांच जारी है.
मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा, "मथुरा के थाना वृंदावन इलाके़ में आज केशी घाट पर बड़ा हादसा हुआ, जब बोटिंग के दौरान पंजाब से आए श्रद्धालुओं की नाव अचानक पलट गई. इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि क़रीब एक दर्जन लोग घंटों तक लापता रहे."
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह के मुताबिक़, नाव में पंजाब से आए क़रीब 30 लोग सवार थे.
इसराइल के साथ बातचीत में हिस्सा लेने को लेकर लेबनान ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Sally Hayden/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
इमेज कैप्शन, बेरूत में मलबे में बड़ा एक खिलौना (तस्वीर 9 अप्रैल)
लेबनान के राष्ट्रपति कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया है कि लेबनान अगले हफ़्ते इसराइल के साथ सीधे बातचीत में हिस्सा लेगा. लेकिन यह तभी होगा, जब उससे पहले युद्धविराम लागू हो जाए.
बैठक की तारीख़ और समय अभी तय नहीं किया गया है.
लेबनान और इसराइल के बीच सीधी बातचीत कोई नई बात नहीं है, लेकिन ऐसा कम ही होता है.
आम तौर पर दोनों देश अमेरिका जैसे मध्यस्थों के ज़रिए बातचीत करते हैं.
नवंबर 2024 में हुए युद्धविराम समझौते के बाद से बातचीत की कोशिशें जारी हैं. पहले अमेरिका के दूत दोनों पक्षों के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका निभा चुके हैं.
उत्तर प्रदेश में एसआईआर की अंतिम सूची जारी, 84 लाख नए मतदाता जुड़े
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
उत्तर प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में 84 लाख से ज़्यादा की बढ़ोतरी हुई है और अब कुल मतदाता संख्या 13.39 करोड़ हो गई है. यह जानकारी शुक्रवार को जारी अंतिम मतदाता सूची में सामने आई है.
अंतिम मतदाता सूची में 42,27,902 पुरुष और 42,00,778 महिला मतदाताओं को जोड़ा गया है.
6 जनवरी 2026 को जारी मसौदा सूची में 12,55,56,025 मतदाता थे.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, लोक भवन मीडिया सेंटर में एक प्रेस कॉन्फ्ऱेंस को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान 27 अक्तूबर 2025 से 10 अप्रैल 2026 तक चलाया गया.
यह अभियान राज्य के सभी 75 ज़िलों, 403 विधानसभा क्षेत्रों और सभी मतदान केंद्रों पर किया गया.
लेबनान में आम लोगों के हताहत होने की ख़बरों पर भारत ने जताई चिंता, जानिए क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल
भारत ने लेबनान में 'नागरिकों के हताहत होने की ख़बरों' पर गहरी चिंता जताई है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा, "लेबनान में बड़ी संख्या में नागरिकों के हताहत होने की ख़बरों से हम बहुत ज़्यादा चिंतित हैं."
उन्होंने कहा, "भारत हमेशा नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर ज़ोर देता रहा है. अंतरराष्ट्रीय क़ानून का पालन करना और देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना बेहद ज़रूरी है."
"लेबनान में हमारा दूतावास वहां मौजूद भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए लगातार संपर्क में बना हुआ है."
इसराइल ने दक्षिण लेबनान में हमले जारी रखे हैं. इस बीच हिज़्बुल्लाह ने भी इसराइल पर जवाबी हमले किए हैं.
पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी का संकल्प पत्र जारी, ममता बनर्जी ने साधा निशाना, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले बीजेपी पर कई आरोप लगाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तंज़ कसा है. वो शुक्रवार को नॉर्थ 24-परगना ज़िले के बशीरहाट में पार्टी की एक चुनावी रैली में बोल रही थी.
इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी चुनाव से पहले एक तरह से वार करती है, चुनाव के बाद दूसरी तरह से.
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के लिए बीजेपी का संकल्प पत्र जारी करते हुए महिलाओं और युवा बेरोज़गारों को हर महीने तीन-तीन हज़ार रुपये की सहायता के अलावा बंगाल के लिए कई अन्य योजनाओं का वादा दिया.
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि इस चुनाव में दिल्ली के ज़मींदारों से मुक़ाबला करना होगा.
उनका आरोप है कि बीजेपी और केंद्र सरकार परिसीमन के ज़रिए बंगाल के तीन टुकड़े करना चाहती है. वह पहले एनआरसी लागू करेगी और उसके बाद परिसीमन के ज़रिए राज्य के तीन टुकड़े करेगी.
ममता ने कहा, "एसआईआर की कवायद सिर्फ़ वोटरों के नाम काटने के लिए की गई थी. केंद्र सरकार लगातार बंगाल और इसके लोगों की उपेक्षा कर रही है."
उन्होंने कहा कि 'अगर बंगाल में सीमा पार से कोई घुसपैठ होती है तो अमित शाह को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए, बंगाल घुसपैठियों की शरणस्थली नहीं है.'
वहीं ममता ने बीजेपी पर चुनाव से पहले दूसरे राज्यों से भारी तादाद में लोगों को बंगाल ले आने का आरोप दोहराया.
होर्मुज़ स्ट्रेट से अमेरिकी जहाज़ों की आवाजाही पर ईरान ने रखी ये शर्त
इमेज स्रोत, Shady Alassar/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, दो हफ़्ते के युद्धविराम की घोषणा के बाद होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों को गुज़रते देखा गया (8 अप्रैल की तस्वीर)
ईरान के उप विदेश मंत्री सईद ख़ातिबज़ादेह का कहना है कि अमेरिकी जहाज़ भी होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र सकते हैं, बशर्ते वे कोई शत्रुतापूर्ण व्यवहार न करें.
बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, ख़ातिबज़ादेह ने ईरानी मीडिया को बताया, "होर्मुज़ स्ट्रेट खुला है, लेकिन तकनीकी कारणों से जहाज़ों के लिए ईरानी सेनाओं के साथ संपर्क बनाए रखना ज़रूरी है."
ईरानी मंत्री ने कहा कि हम होर्मुज़ स्ट्रेट में अपने सुरक्षित मार्गों के माध्यम से उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेंगे.
इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की आलोचना करते हुए कहा था कि वह होर्मुज़ स्ट्रेट से तेल परिवहन में 'बहुत ख़राब व्यवस्था' कर रहा है.
उन्होंने कहा कि 'यह वह समझौता नहीं है जो हमारे बीच हुआ था.'
नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद पद की शपथ लेने पर पीएम मोदी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नीतीश कुमार 16 मार्च को बिहार से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद पद की शपथ लेने पर उन्हें बधाई दी है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं. सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है."
प्रधानमंत्री ने कहा, "उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है. उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा. सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी."
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री और एलजेपी (आर) के नेता चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी नीतीश कुमार को बधाई दी है.
सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा, "आदरणीय नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार ने सुशासन, बेहतर व्यवस्था और हर क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है. न्याय के साथ विकास के संकल्प ने बिहार को नई पहचान दी है. हमें पूर्ण विश्वास है कि संसद में आपका अनुभव और दूरदर्शिता देशहित में नई दिशा देगा."
चिराग पासवान ने एक्स पर लिखा, "आपका यह नया दायित्व केवल एक संवैधानिक ज़िम्मेदारी नहीं, बल्कि बिहार की आकांक्षाओं और देशहित के व्यापक संकल्प को संसद के उच्च सदन में सशक्त स्वर देने का महत्वपूर्ण अवसर है. आपके दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता और जनकल्याण हेतु अटूट समर्पण ने बिहार को नई दिशा और नई पहचान प्रदान की है."
उपेंद्र कुशवाहा ने एक्स पर लिखा, "बिहार के यशस्वी मुख्यमंत्री आदरणीय नीतीश कुमार जी को राज्यसभा सदस्य के रुप में शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं. हमें विश्वास है कि आपका अनुभव बिहार और देश की प्रगति में और अधिक सार्थक होगा."
उन्होंने 30 मार्च को बिहार की विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था, हालांकि उन्होंने अब तक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा नहीं दिया है.
नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह अब तक तय नहीं हो पाया है.
इसराइल के तेल अवीव में हमलों की चेतावनियों के बीच सड़कों पर भागते दिखे लोग
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल की आपात सेवा ने कहा है कि शेल्टर की ओर भागते वक़्त 'कुछ लोग घायल हुए' हैं
इसराइल के तेल अवीव में गुरुवार और
शुक्रवार की रात के दौरान लेबनान से हिज़्बुल्लाह की ओर से संभावित हमलों की
चेतावनी के बाद लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागते नज़र आए.
लोगों के भागने की कुछ
तस्वीरें भी सामने आई हैं.
इसराइल की आपात सेवा मागेन डेविड
अडोम ने स्थानीय समयानुसार क़रीब 01:30 बजे कहा कि हमले की चेतावनी के बाद किसी के
घायल होने की ख़बर नहीं है, लेकिन
"कुछ लोग शेल्टर की ओर जाते वक़्त घायल हुए हैं."
इससे पहले इसराइली मीडिया ने कहा था कि हाइफ़ा में सायरन बजे. वहीं रॉयटर्स के अनुसार, इसराइल के तेल अवीव में एयर रेड सायरन बजे.
इसराइल ने दक्षिण लेबनान में हमले
जारी रखे हैं. इस बीच हिज़्बुल्लाह ने भी इसराइल पर जवाबी हमले किए हैं.
हिज़्बुल्लाह ने एक बयान जारी कर
उत्तरी इसराइल में रॉकेट हमले की पुष्टि की थी.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रॉयटर्स ने भी इसराइल के तेल अवीव में एयर रेड सायरन बजने के बारे में रिपोर्ट किया
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह
आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर
लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
आर्मी चीफ़ जनरल द्विवेदी ने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नमाज़ के वक़्त नहीं किया हमला'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पहलगाम हमलेे के बाद अपनी सैन्य कार्रवाई को भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम दिया था (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत के आर्मी चीफ़ जनरल उपेंद्र
द्विवेदी ने कहा है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के वक़्त भारतीय सेना ने 'पाकिस्तान स्थित आतंकवादी शिविरों में उस समय हमला करने का फ़ैसला
किया जब नमाज़ अदा न हो रही हो'.
जनरल द्विवेदी ने यह बयान एक इंटरव्यू के दौरान दिया. यह इंटरव्यू बुधवार, आठ अप्रैल को प्रकाशित हुआ था.
जनरल द्विवेदी से सवाल किया गया था
कि 'ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, क्या कभी कोई ऐसा मौक़ा आया जब आपने पीछे मुड़कर
कृष्ण और अर्जुन के बीच हुई बातों को याद किया हो? क्योंकि आपने ही कहा कि कभी-कभी जब आप दूसरों को तकलीफ़ पहुँचा रहे
होते हैं, तो उस वक़्त आपको यह सोचना पड़ता है
कि आप आख़िर कर क्या रहे हैं?'
इस पर आर्मी चीफ़ ने जवाब दिया,
"हाँ, आप सही हैं. मैं एक घटना के बारे में आपको बताता हूँ कि जब हम
टारगेट्स को तबाह करने जा रहे थे, तो उसकी
टाइमिंग दो बजे, चार बजे या किसी भी वक़्त हो सकती
थी."
"लेकिन हमने यह सुनिश्चित किया कि जब
दूसरी तरफ़ (पाकिस्तान) के लोग आतंकवादी शिविरों में नमाज़ अदा कर रहे हों,
हमने कहा कि उस समय हम हमला नहीं करेंगे, क्योंकि सबका मालिक एक है. इसी वजह से हमने ऐसा
समय चुना जब हमें पता था कि नमाज़ नहीं हो रही होगी."
पिछले साल अप्रैल महीने में पहलगाम
हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष हुआ था. भारत ने अपनी सैन्य
कार्रवाई को 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम दिया था.
नीतीश कुमार ने राज्यसभा के सांसद पद की ली शपथ
इमेज स्रोत, Sansad TV
इमेज कैप्शन, नीतीश कुमार ने अब तक बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा नहीं दिया है
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने
शुक्रवार को राज्यसभा के सांसद पद की शपथ ली. वह पिछले महीने 16 मार्च को बिहार से
राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे.
उन्होंने 30 मार्च को बिहार की विधान
परिषद की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था, हालांकि
उन्होंने अब तक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा नहीं दिया है.
नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला
मुख्यमंत्री कौन होगा, यह अब तक तय नहीं हो पाया है.
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने
गुरुवार को कहा था, "नए
मुख्यमंत्री के चयन को लेकर कहीं कोई मतभेद नहीं है. सब कुछ तय कार्यक्रम के
अनुसार चल रहा है. सारी बातें नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही तय हो रही हैं."
पवन खेड़ा को तेलंगाना हाई कोर्ट से मिली अग्रिम ज़मानत, असम के सीएम हिमंत की पत्नी ने कराई थी एफ़आईआर
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पवन खेड़ा के ख़िलाफ़ हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी ने एफ़आईआर दर्ज कराई थी (फ़ाइल फ़ोटो)
तेलंगाना हाई कोर्ट ने कांग्रेस नेता
पवन खेड़ा को एक हफ़्ते की अग्रिम ज़मानत दी है.
कोर्ट ने यह फ़ैसला असम के
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी की ओर से दायर एफ़आईआर मामले में सुनाया
है.
पवन खेड़ा ने हिमंत बिस्वा सरमा की
पत्नी पर 'तीन पासपोर्ट रखने' का आरोप लगाया था. इसके बाद हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी ने आरोपों को झूठा क़रार दिया था और उनकी शिकायत के आधार पर असम पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की थी.
लाइव लॉ के मुताबिक़, कांग्रेस नेता ने इस मामले में अग्रिम ज़मानत के
लिए तेलंगाना हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी.
शुक्रवार को सुनवाई के दौरान जस्टिस
के. सुजाना ने कहा, "याचिकाकर्ता
को संबंधित अदालत के सामने आवेदन दाखिल करने के लिए एक हफ़्ते का समय दिया जाता
है... याचिकाकर्ता को कुछ शर्तों के साथ एक हफ़्ते की राहत दी जाती है."
उपसभापति हरिवंश नारायण राज्यसभा के लिए फिर हुए नॉमिनेट
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, संविधान के तहत भारत के राष्ट्रपति के पास राज्यसभा में कुछ सदस्यों को नामित करने की शक्ति होती है (फ़ाइल फ़ोटो)
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण
सिंह को एक बार फिर राज्यसभा के लिए नॉमिनेट किया गया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय
ने एक अधिसूचना जारी कर इसकी जानकारी दी है.
अधिसूचना में कहा गया, "भारत के संविधान के अनुच्छेद 80 के खंड (3) के
साथ पठित खंड (1) के उपखंड (क) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए
राष्ट्रपति राज्यसभा के लिए हरिवंश को नामित करती हैं."
गृह मंत्रालय के मुताबिक़, राज्यसभा में एक नामित सदस्य की सेवा समाप्त होने
के कारण एक पद खाली हुआ था.
संविधान के अनुच्छेद 80 के खंड 3 के
तहत, भारत के राष्ट्रपति के पास राज्यसभा में 12 सदस्यों को नामित या मनोनीत करने की शक्ति होती है.
इन सदस्यों को साहित्य,
विज्ञान, कला और
समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में विशेष ज्ञान या अनुभव के आधार पर नॉमिनेट किया जाता
है.
ओवैसी की पार्टी ने हुमायूं कबीर की पार्टी से तोड़ा गठबंधन, बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का एलान
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एआईएमआईएम ने कहा है कि वह किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी (फ़ाइल फ़ोटो)
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल
मुसलिमीन (एआईएमआईएम) ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर की जनता
उन्नयन पार्टी से गठबंधन तोड़ दिया है और अकेले चुनाव लड़ने का एलान किया है.
हुमायूं कबीर तृणमूल कांग्रेस से
निकाले गए नेता हैं. उन्होंने हाल ही में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में 'बाबरी मस्जिद' के नाम पर एक मस्जिद की नींव रखी थी. इसके बाद वह देशभर में चर्चा में
आए थे. वह अपने बयानों की वजह से भी चर्चा में बने रहते हैं.
पिछले साल दिसंबर महीने में पार्टी
से निष्कासित होने के बाद उन्होंने एक नई पार्टी बनाने की घोषणा की थी.
चार दिसंबर को तृणमूल कांग्रेस ने
हुमायूं कबीर को पार्टी से निष्कासित कर दिया था. पार्टी का कहना था कि वह 'सांप्रदायिक राजनीति' कर रहे हैं.
एआईएमआईएम ने हुमायूं कबीर की पार्टी
से गठबंधन तोड़ने के पीछे की वजह उनके बयान को बताया है.
एआईएमआईएम की ओर से एक्स पर बयान
जारी कर कहा गया, "हुमायूं कबीर के बयानों से पता चलता
है कि बंगाल के मुसलमान कितने असुरक्षित हैं. एआईएमआईएम किसी भी ऐसे बयान से ख़ुद
को नहीं जोड़ सकती है, जिसमें मुसलमानों की साख पर सवाल
उठाया गया हो."
पार्टी ने कहा, "आज से एआईएमआईएम कबीर की पार्टी से अपना गठबंधन
वापस लेती है. बंगाल के मुसलमान सबसे गरीब, उपेक्षित और दबे हुए समुदायों में से एक हैं. दशकों के धर्मनिरपेक्ष
शासन के बावजूद उनके लिए कुछ नहीं किया गया है."
एआईएमआईएम ने यह भी कहा,
"हम बंगाल चुनाव स्वतंत्र रूप से
लड़ेंगे और आगे किसी भी पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा."
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और
29 अप्रैल को मतदान होना है. चुनावी नतीजे चार मई को जारी किए जाएंगे.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, हुमायूं कबीर ने दिसंबर में नई पार्टी बनाई थी (फ़ाइल फ़ोटो)
हुमायूं कबीर से जुड़ा क्या है विवाद
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने गुरुवार
को एक्स पर एक वीडियो साझा किया था, जिसको
लेकर दावा किया गया कि इस वीडियो में 'हुमायूं
कबीर अल्पसंख्यकों को गुमराह करने के लिए बीजेपी से एक हज़ार करोड़ रुपये लेने'
की बात कह रहे हैं.
वहीं, इस पर बीजेपी का कहना है कि उनका इस वीडियो से 'कोई लेना-देना नहीं' है.
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता
सुकांता मजूमदार ने कहा, "हमें
वीडियो के बारे में कुछ पता नहीं है. हुमायूं कबीर का वीडियो है, वही बताएंगे क्या है क्या नहीं है. हुमायूं कबीर
हमारे लिए चिंता का विषय नहीं है. तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के बीच लड़ाई है,
दोनों को लेकर ही बात होनी चाहिए."
इस वीडियो को लेकर हुमायूं कबीर ने
सफाई भी दी है. उन्होंने कहा, "भारत के
प्रधानमंत्री क्या इतने कमज़ोर आदमी हैं कि हुमायूं कबीर को एक हज़ार करोड़ रुपये
दे देंगे?"