कौन है ऑरलैंडो का हमलावर?

उमर मतीन
प्रकाशित

अमरीका में फ़्लोरिडा प्रांत के ऑरलैंडो शहर के संदिग्ध हमलावर की पहचान उमर मतीन के रूप में की गई है.

अधिकारियों का कहना है कि 29 साल का मतीन ऑरलैंडो के दक्षिण में सेंट लुसी काउंटी के फ़ोर्ट पियर्स शहर का रहनेवाला था.

एफ़बीआई के एक प्रवक्ता ने कहा कि ऐसा लगता है कि हमलावर मतीन कट्टरपंथी इस्लामिक विचारधारा से जुड़ा था. हालांकि अभी तक ये साफ़ नहीं हो सका है कि ये घरेलू चरमपंथ का मामला था या कि अंतरराष्ट्रीय चरमपंथ का.

उमर मतीन

एफ़बीआई ने पुष्टि की है कि उमर मतीन ने हमले से पहले इमरजेंसी नंबर 919 पर कॉल किया था और इस्लामिक स्टेट नामक चरमपंथी संगठन के बारे में बात की थी.

एजेंसी ने ये भी कहा है कि पिछले तीन साल में एफ़बीआई ने संभावित चरमपंथी संपर्क को लेकर तीन बार मतीन का इंटरव्यू किया था.

एफ़बीआई एजेंट रोनाल्ड हॉपर ने कहा कि एजेंसी को पहली बार मतीन के बारे में साल 2013 में पता चला था जब उन्होंने अपने सहकर्मियों के ख़िलाफ़ भड़काऊ बयान दिया था और चरमपंथियों के साथ संबंध होने का दावा किया था.

उमर मतीन

उन्होंने बताया कि उसके बाद मामले की पूरी तहकीक़ात की गई थी लेकिन बाद में केस को बंद कर दिया गया था.

पुलिस का कहना है कि उमर मतीन एक असॉल्ट राइफ़ल, एक हैंडगन और कुछ संदिग्ध उपकरण से लैस था.

मतीन के पिता मीर सादिक़ ने एनबीसी न्यूज़ को बताया कि इस घटना का धर्म से कोई संबंध नहीं है, लेकिन हो सकता है कि मयामी में एक समलैंगिक जोड़े को चुंबन लेता देख हमलावर गुस्से में आ गया हो.

उमर मतीन

उन्होंने अपने परिवार की तरफ़ से माफ़ी मांगते हुए कहा कि सभी अमरीकियों की तरह वो भी इस घटना से सदमे में हैं.

ऑरलैंडो के एक नाइट क्लब पल्स में हुए हमले में अब तक 50 लोगों की मौत हो गई है और 50 से ज़्यादा लोग ज़ख्मी हुए हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.com/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)