'ट्रंप की नीतियां धर्मांधता से कम नहीं'

डोनाल्ड ट्रंप
प्रकाशित

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त ने डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों की आलोचना की है. उन्होंने ट्रंप की नीतियों को धर्मांधता के समान कहा है.

अमरीका में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी हासिल करने के लिए ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी की ओर से रेस में हैं.

ज़ैद राद अल-हुसैन ने ट्रंप का नाम लिए बिना उनके टॉर्चर को समर्थन करने और मुसलमानों के प्रति उनकी नीतियों का ज़िक्र करते हुए कहा, "कट्टरपंथ एक सशक्त नेतृत्व का सबूत नहीं होता."

टेड क्रूज़

उन्होंने टेड क्रूज़ की भी उस योजना की आलोचना की जिसमें उन्होंने मुस्लिम इलाकों की निगरानी करने का सुझाव दिया था.

क्लीवलैंड, ओहायो में लोगों को संबोधित करते हुए हुसैन ने कहा, "नफ़रत भरे भाषण, भड़काना और 'दूसरे' लोगों को हाशिए पर धकेलने की कोशिशें न तो मनोरंजन का कोई छुपा हुआ तरीका है और न ही राजनीतिक लाभ का हासिल करने का सम्मानजनक तरीका."

ज़ैद राद अल-हुसैन

उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति पद के एक प्रमुख उम्मीदवार ने कुछ ही महीने पहले, जोश से टॉर्चर का, लोगों को असहनीय पीड़ा देने का समर्थन किया था ताकि वह ऐसेी जानकारी दें या गढें जो शायद उनके पास हो ही न."

अमरीका में संदिग्ध चरमपंथियों पर इस्तेमाल होने वाले वॉटरबोर्डिंग और दूसरे कठोर पूछताछ तकनीक पर ओबामा सरकार ने प्रतिबंध लगा रखा है.

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन, मैक्सिको के राष्ट्रपति एनरिक पेना नीटो और पोप फ्रांसिस ने पहले ही ट्रंप के विवादित बयानों की आलोचना की है.

डेविड कैमरन

मुस्लिमों को अमरीका में आने पर रोक लगाने वाले ट्रंप की योजना को कैमरन ने भेदभाव पूर्ण, बेवकूफी भरा और गलत करार दिया है.

ट्रंप के अमरीका और मैक्सिको की सीमा के बीच दीवार खड़ी करने की योजना की पेना नीटो और पोप आलोचना कर चुके हैं.

हालांकि संवाददाताओं का मानना है कि हुसैन के कड़े बयान से भी ट्रंप झुकने वाले नहीं हैं.

डोनाल्ड ट्रंप

इससे पहले न्यूयॉर्क के अरबपति ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र की भी आलोचना की थी. मार्च में उन्होंने इसराइली कार्यकर्ताओं से कहा था कि संयुक्त राष्ट्र लोकतंत्र का दोस्त नहीं हैं.

ट्रंप ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र अमरीका का दोस्त नहीं है जहां उसका घर है और वो इसराइल का भी दोस्त नहीं है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर </caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link>पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)