ओबामा की क्यूबा यात्रा के क्या मायने हैं?

प्रकाशित

अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा क्यूबा पहुंच चुके हैं. वे तीन दिनों के क्यूबा दौरे पर हैं.

अमरीकी इतिहास में ओबामा क्यूबा की यात्रा करने वाले दूसरे राष्ट्रपति बन गए हैं. अमरीका में रिपब्लिकन पार्टी ने बराक ओबामा की इस यात्रा की आलोचना की है.

रिपब्लिकन पार्टी के लोगों का कहना है कि जब तक कास्त्रो परिवार सत्ता में है तब तक ये दौरा नहीं होना चाहिए.

अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकार प्रोफ़ेसर मुक़्तदर ख़ान का मानना है कि ओबामा की क्यूबा यात्रा कई मायनों में अहम है और इससे क्यूबा को कई फ़ायदे हो सकते हैं.

वे कहते हैं कि अगर अमरीका की तरफ़ से आर्थिक प्रतिबंध हटा दिए जाते हैं तो क्यूबा के लिए आर्थिक तौर पर बहुत लाभ होगा.

अमरीका ने पिछले 55 सालों से क्यूबा पर आर्थिक प्रतिबंध लगा रखे हैं जिससे कई महत्वपूर्ण चीज़ें जैसे चीनी, हवाना सिगार यहां नहीं आ सकती.

यही नहीं, मुक़्तदर ख़ान ये भी मानते हैं कि यदि क्यूबा के साथ ताल्लुक़ात सुधरते हैं तो अमरीका की घरेलू सियासत पर बहुत ज़्यादा प्रभाव पड़ सकता है.

अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव जीतने के लिए फ्लोरिडा और ओहायो राज्य जीतना बहुत ज़रूरी है और फ्लोरिडा में क्यूबा के नागरिकों का बहुत ज़्यादा प्रभाव है.

अमरीका और क्यूबा के बीच पिछले साल के जुलाई महीने में कूटनीतिक संबंध फिर बहाल हुए हैं और अमरीका ने यात्रा और व्यापार संबंधी पाबंदियों पर 54 साल के बाद छूट दी थी.

अमरीकी राष्ट्रपति ने एक ट्वीट के ज़रिए फ़रवरी में क्यूबा दौरे की पुष्टि करते हुए कहा था, "अगले महीने मैं प्रगति की रफ़्तार को तेज़ करने और क्यूबाई लोगों के जीवन स्तर को और बेहतर करने की कोशिश के तहत क्यूबा का दौरा करूंगा."

इस दौरे पर उनके साथ उनकी पत्नी मिशेल सहित पूरा परिवार है.

राउल कास्त्रो

व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "पिछले क़रीब 90 सालों में पहली बार किसी अमरीकी राष्ट्रपति की होने वाली क्यूबा की यह ऐतिहासिक यात्रा अमरीका और क्यूबा के बीच नए सिरे से संबंधों को बनाने और अमरीकी और क्यूबाई नागरिकों को पर्यटन, व्यापार और सूचनाओं के माध्यम से जोड़ने के प्रति राष्ट्रपति की प्रतिबद्धता को दिखाता है."

इससे पहले अमरीकी राष्ट्रपति के तौर पर कैल्वीन कूलीज ने 1928 में क्यूबा की यात्रा की थी.

1948 में अमरीकी राष्ट्रपति हैरी ट्रुमैन ने अमरीकी नियंत्रण वाले ग्वांतानामो बे की यात्रा की थी और पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर ने ज़रूर कई बार क्यूबा की यात्रा की है लेकिन उन्होंने ये यात्राएं राष्ट्रपति के तौर पर नहीं की हैं.

उम्मीद है कि राष्ट्रपति ओबामा सिविल सोसायटी, उद्यमियों और क्यूबा में सार्वजनिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों से मुलाक़ात करेंगे.

लेकिन रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार मार्को रुबियो और टेड क्रूज़ पिछली यात्रा को एक भूल बताते हैं. ये दोनों ही क्यूबाई प्रवासी के बेटे हैं.

उनसे जब पूछा गया कि अगर वे राष्ट्रपति होंगे तो क्यूबा जाएंगे तो रुबियो ने कहा, "अगर ये आज़ाद क्यूबा नहीं होगा तो बिल्कुल नहीं."

इस सवाल पर टेड क्रूज़ ने कहा कि ओबामा "माफ़ी मांगने वाले की तरह" व्यवहार कर रहे हैं और अमरीका के दुश्मनों के प्रति 'कमज़ोरी और तुष्टीकरण' का रूख़ अपना रहे हैं.

दिसंबर में ओबामा ने याहू न्यूज़ से कहा था कि वे क्यूबा में राजनीतिक विरोधियों से मिलना चाहते है ताकि 'क्यूबाई सरकार को नई दिशा की ओर ले जाया जाए'.

क्यूबा की सरकार ने ओबामा की यात्रा का स्वागत किया है लेकिन साथ में यह भी कहा है कि उन्हें देश के आंतरिक मामलों में दख़ल नहीं देना चाहिए.

हाल ही में अमरीका और क्यूबा ने पांच दशकों में पहली बार व्यवसायिक हवाई यात्रा को फिर से बहाल किया है.

हालांकि अमरीकी संसद में रिपब्लिकन पार्टी ने क्यूबा के साथ लंबे समय से चले आ रहे व्यापारिक प्रतिबंध को खत्म करने के राष्ट्रपति ओबामा के प्रस्ताव को पारित नहीं होने दिया है.

इस प्रतिबंध की वजह से क्यूबा के साथ व्यापारिक संबंध पर रोक लगी हुई है और ये अमरीकी पर्यटकों को क्यूबा जाने की इजाज़त नहीं देता है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)