उत्तर कोरिया ने छोटे परमाणु बम बना लिए

उत्तर कोरिया का मिसाइल परीक्षण.
प्रकाशित

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने दावा किया है कि उनके वैज्ञानिकों ने छोटे परमाणु हथियार विकसित कर लिए हैं, जिन्हें बैलिस्टिक मिसाइलों पर लगाया जा सकता है.

सरकारी नियंत्रण वाली मीडिया केसीएनए में यह दावा पहले भी किया जा चुका है. लेकिन किम जोंग उन ने ख़ुद यह दावा पहली बार किया है.

इस साल के शुरू में परमाणु और रॉकेट परिक्षण के बाद संयुक्त राष्ट्र की ओर से उत्तर कोरिया पर लगाए गए कड़े प्रतिबंधों के बाद वह इस तरह के बड़बोले दावे अधिक कर रहा है.

अमरीका और दक्षिण कोरिया की ओर से शुरू किए गए अबतक के सबसे बड़े सैन्य अभ्यास के बाद उत्तर कोरिया ने अमरीका और दक्षिण कोरिया पर अंधाधुंध परमाणु हमले की चेतावनी दी थी.

अमरीका और दक्षिण कोरिया का संयुक्त सैन्य अभ्यास.

इस सैन्य अभ्यास को 'की रिज़ॉल्व एंड 'फोल ईगल' के नाम से जाना जाता है. हर साल होने वाले इन युद्धाभ्यासों से दोनों देशों में तनाव बढ़ जाता है.

किम जोंग उन ने यह दावा बुधवार को एक परमाणु प्रतिष्ठान का दौरा करने के बाद किया.

केसीएनए ने उन्हें यह कहते हुए लिखा है, ''परमाणु हथियारों को बैलिस्टिक मिसाइलों में लगाने के लिए छोटा बनाया गया है.''

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन.

एजेंसी ने कहा है कि किम जोंग उन ने उन परमाणु हथियारों को भी देखा जिन्हें थर्मो न्यूक्लियर रिएक्शन के लिए तैयार किया गया था. इनका इस्तेमाल हाइड्रोजन बम में किया जाता है.

अगर उत्तर कोरिया के ये दावे सही हैं कि वह परमाणु हथियारों को अपने बैलिस्टिक मिसाइल में लगा सकता है तो यह उसके पड़ोसियों और अमरीका के लिए चेतावनी है.

दक्षिण कोरिया में मौजूद अमरीकी सेना के कमांडर जनरल क्रूटिस स्क्रैपोर्टी ने कहा था कि उनका मानना है कि उत्तर कोरिया के पास परमाणु हथियारों को छोटा करने की क्षमता है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> क्लिक कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)