मौसम साफ़ होने पर तलाशे जाएंगे शव

प्रकाशित

नेपाल के मीडिया के मुताबिक़ मौसम में सुधार के बाद नेपाल के पहाड़ी क्षेत्र में विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के बचे हुए शव तलाशने की कोशिश की जाएगी. इन शवों को गुरुवार तक पोखरा लाया जाना है.

सेना अधिकारियों के मुताबिक़ मौसम ख़राब होने के कारण बुधवार रात इलाक़े में जाना मुश्किल हो गया था. इससे शव ढूंढने में बाधा खड़ी हो गई थी.

तारा एयरलाइंस के इस विमान ने पोखरा से जोमसोम के लिए बुधवार सुबह उड़ान भरी थी. इसमें सवार सभी 23 लोगों की मौत हो गई.

मरने वालों में ज़्यादातर नेपाली नागरिक हैं. नेपाल के विमानन उद्योग का सुरक्षा रिकॉर्ड बेहद कमज़ोर माना जाता है.

विमान दुर्घटना की वजह का पता नहीं चला है. मारे गए लोगों में तीन क्रू मेंबर और 20 यात्री थे. इनमें एक चीनी और एक कुवैती नागरिक हैं. दो बच्चे भी इसमें सवार थे.

नागरिक उड्डयन प्रधिकरण के महानिदेशक संजीव गौतम के मुताबिक़ तारा एयरलाइंस के इस विमान का मलबा मिल गया है.

उन्होंने बीबीसी को बताया कि विमान का पोखरा से उड़ान भरने के 10 मिनट बाद ही एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल से संपर्क टूट गया था.

तारा एयरलाइंस ने अपनी वेबसाइट पर लगाई सूचना में कहा कि उड़ान के समय पोखरा और जोमसोम दोनों जगह मौसम साफ़ था.

(बीबीसी हिंदी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> क्लिक कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)