पेरिस: 'मास्टरमाइंड' की खोज में ऑपरेशन, दो की मौत

प्रकाशित

फ़्रांस की सरकार के मुताबिक उत्तरी पेरिस के सेंट डेनिस में पुलिस ने एक बड़े आतंकवाद विरोधी अभियान को अंजाम दिया है जो कई घंटे तक चला.

ये ऑपरेशन शुक्रवार के पेरिस हमलों के संदिग्धों को निशाना बनाकर एक फ़्लैट पर केंद्रित था. पुलिस के अनुसार इसमें एक महिला समेत दो संदिग्ध मारे गए हैं.

ऑपरेशन के दौरान कई धमाके और गोलीबारी हुई. सात लोगों को इस ऑपरेशन के बाद गिरफ़्तार किया गया है.

पेरिस पुलिस प्रमुख के दफ़्तर के अनुसार मृतकों में से एक संदिग्ध महिला थी जिसने ख़ुद को आत्मघाती बेल्ट में विस्फोट कर उड़ा लिया.

रिपोर्टों के मुताबिक महिला संदिग्ध आईएस चरमपंथी अब्दलहमीद अबाउद की रिश्तेदार थी.

चार पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं और पुलिस के एक कुत्ते की गोली लगने से मौत हो गई है.

शुक्रवार को पेरिस में हुए आत्मघाती हमलों और धमाकों में 129 लोग मारे गए थे, 221 अब भी घायल हालत में अस्पताल में भर्ती हैं और 57 का गहन चिकत्सा कक्ष में इलाज चल रहा है.

बुधवार तड़के पुलिस का ऑपरेशन हमलों के संदिग्ध मास्टरमाइंड अब्दलहमीद अबाउद और फ़रार हमलावर सालाह अब्देसलाम को निशाना बनाकर किया गया.

पुलिस को शक था कि ये लोग इसी फ़्लैट में छिपे हुए थे, हालाँकि अभी स्पष्ट नहीं है कि इनका क्या हुआ.

सेंट डेनिस के आस-पास की सड़कें बंद हैं. मेयर ने उस इलाके के 15 से 20 हज़ार निवासियों से घर के अंदर रहने की अपील की है.

इस बीच इलाक़े के सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं.

फ़्रांस का नेशनल स्टेडियम इसी इलाक़े में है, जहां चरमपंथियों ने शुक्रवार को हमला किया था.

इससे पहले सुरक्षाकर्मियों का कहना था कि शुक्रवार को हुए हमले के सर्विलांस वीडियो में एक व्यक्ति को देखा गया है जो नौवां हमलावर हो सकता है.

चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट ने शुक्रवार के हमलों की ज़िम्मेदारी ली थी.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>