एक विज्ञापन ने छीन ली मॉडल की नींद

हीदी येह का फ़ोटो शूट
प्रकाशित

प्लास्टिक सर्जरी के एक विज्ञापन में बिना इजाज़त अपनी तस्वीर दिए जाने से नाराज़ एक ताइवानी मॉडल ने क्लीनिक और विज्ञापन एजेंसी के ख़िलाफ़ मुक़दमा करने की धमकी दी है.

हीदी ये की यह तस्वीर इंटरनेट पर 'मीम' (लोगों के मज़ाक का विषय) बन गई है

ताइपेई में बीबीसी की सिंडी सुई से हीदी ने कहा कि इस तरह से बिना इजाज़त के तस्वीर इस्तेमाल करने से उनकी जिंदगी नरक बन गई है.

अपने आंसुओं को रोकने की कोशिश करते हुए हीदी ने कहा, “इस घटना से मेरा जो सबसे बड़ा नुकसान हुआ है वो ये कि अब मैं मॉडल नहीं रहना चाहती, क्योंकि मॉडल होने के नाते ही लोगों ने मुझे इस तरह ठेस पहुंचाई. मैं अब कहीं छुप जाना चाहती हूँ.”

हीदी येह

उनकी मुश्किलें साल 2012 में तब शुरू हुई जब ताइवानी कॉस्मेटिक क्लीनिक में प्लास्टिक सर्जरी को बढ़ावा देने के संबंध में एक विज्ञापन का फ़ोटो शूट हुआ था.

फ़ोटो में बड़ी आंखों और सुगढ़ नाक वाले वाले एक जोड़े और उनके तीन बच्चों को दिखाया गया था. इन बच्चों की तस्वीरों में उनकी आंखें बहुत छोटी और नाक को बहुत चपटी बना दिया गया था.

इसके नीचे कैप्शन दिया गया थाः आप निश्चित ही इन बच्चों के बारे में सोच रहे होंगे.

हीदी का कहना है कि ताइपेई में अमरीकी विज्ञापन कंपनी जे वॉल्टर थॉम्प्सन (जेडब्ल्यूटी) और उनकी एजेंसी के बीच जो करार हुआ था, उसमें कहा गया था कि यह तस्वीर केवल अख़बारों, पत्रिकाओं और उस क्लीनिक द्वारा ही इस्तेमाल की जाएंगी.

लेकिन जेडब्ल्यूटी ने एक और प्लास्टिक सर्जरी क्लीनिक ‘सिम्पल ब्यूटी’ को उसकी वेबसाइट पर इसके इस्तेमाल की इजाजत दे दी.

हीदी येह

इस तस्वीर को जेडब्ल्यूटी की वेबसाइट पर भी लगा दिया गया.

लेकिन अभी बहुत वक़्त नहीं बीता था कि नए कैप्शन के साथ यह इंटरनेट पर वायरल हो गई. कैप्शन में लिखा थाः प्लास्टिक सर्जरी- ‘आप हमेशा के लिए नहीं छुपा सकते.’

इसके बाद साल 2012 में एक चीनी टैबलॉयड ने वर्ष 2004 की एक कहानी फर्जी तरीके से छापी और इसमें हीदी के फ़ोटोशूट वाली तस्वीर लगा दी.

कहानी थी कि हीलोंगजियांग के एक आदमी ने अपनी पत्नी पर ये आरोप लगाते हुए मुक़दमा दायर कर दिया कि उसने शादी से पहले प्लास्टिक सर्जरी कराई थी क्योंकि उनके बच्चे अपनी मां जैसे बिल्कुल नहीं दिखते थे.

हीदी कहती हैं, “जब मेरे एक दोस्त ने ये कहानी बताई तो मैंने सोचा यह अफवाह है, लेकिन इसके बाद मैंने पाया कि पूरी दुनिया में अलग-अलग भाषा में इसे फैलाया जा रहा है. लोगों ने सोचा कि यह असली कहानी है. यहां तक कि उस समय मेरे ब्वॉय फ़्रेंड ने भी इसके बारे में मुझसे पूछा.”

हीदी येह

यह कहानी गूगल पर अरबी, अंग्रेजी और जापानी समेत कई भाषाओं में आ गई और एक ग्लोबल ‘मीम’ (मज़ाकिया तस्वीर) बन गई.

फ़ास्टफ़ूड शृंखला केएफ़सी, कंप्यूटर कंपनी वायो और जापानी फ़ेशियल प्रोडक्ट के बड़े ब्रांड के लिए टीवी कमर्शियल कर चुकी हीदी को काम मिलना धीरे-धीरे कम हो गया.

वो कहती हैं, “लोगों को मेरे ऊपर भरोसा ही नहीं रह गया कि मैंने कभी प्लास्टिक सर्जरी नहीं कराई थी. क्लाइंट पूछते कि क्या आप वही महिला हैं. इसके बाद मुझे विज्ञापन मिलने कम हो गए.”

उनके मुताबिक़, इस घटना ने उनकी निजी ज़िंदगी पर भी असर डाला. उन्हें लगता है कि उनका ब्वॉयफ़्रेंड इन अफ़वाहों की वजह से ही उनसे अलग हो गया.

हीदी ने बताया कि उनके परिवार और उनके मंगेतर के परिवार ने भी इस बारे में उनसे पूछताछ की. यहां तक कि सार्वजनिक जगहों पर अनजान लोग भी उन्हें पहचान जाते थे और फुसफुसाहट शुरू हो जाती थी.

सोशल मीडिया

उन्होंने जेडब्ल्यूटी और क्लीनिक पर 50 लाख डॉलर का मुकदमा करने धमकी दी है.

वो कहती हैं कि उन्होंने काफी कोशिश की कि क्लीनिक और विज्ञापन एजेंसी इस तस्वीर को हटा लें लेकिन अभी थोड़े दिन पहले तक उन्होंने ऐसा नहीं किया.

ताइपेई के सिटी काउंसलर की मदद से उन्होंने अभी कुछ दिन पहले ही एक प्रेस कान्फ्रेंस में मुक़दमे की धमकी दी.

हालांकि बीबीसी को भेजे बयान में जेडब्ल्यूटी ने कहा कि विज्ञापन को बहुत ही मजाकिया अंदाज में प्लास्टिक सर्जरी को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया था.

जेडब्ल्यूटी का कहना है कि चूंकि इस तस्वीर का कॉपीराइट उसके पास है इसलिए इसमें बदलाव करना, सुधार करना और इसका इस्तेमाल करने की उसे इजाजत है.

लेकिन हीदी के वकील चांग यू ची का अलग मानना है, “हमने कॉपीराइट दिया था लेकिन हमने इसे किसी और कंपनी को देने के लिए और ऑनलाइन के इस्तेमाल के लिए कोई कॉपाराइट नहीं दिया था.”

हीदी येह

जेडब्ल्यूटी का कहना है कि “हम सभी जानते हैं कि इंटरनेट पर किसी का नियंत्रण नहीं है, हम केवल अनुमान लगा सकते हैं कि इसका असर क्या होगा, लोग इसे कैसे लेंगे और वो इसके साथ क्या करेंगे.”

क्लीनिक का कहना है कि उसने तस्वीर का अधिकार हासिल करने के लिए सारी प्रक्रियाएं पूरी की हैं.

हालांकि दोनों कंपनियों ने छवि धूमिल करने के आरोप में हीदी पर मुक़दमा करने की धमकी दी है. लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि हीदी अपने कैरियर को रीलॉन्च करने के लिए पब्लिसिटी कर रही हैं.

हालांकि मॉडल का कहना है कि वो साइबर बुलिंग का शिकार हुई हैं और उन्होंने खुद को हिम्मत बंधाने के लिए इसके खिलाफ़ बोलने का फैसला किया है.

तस्वीर में मौजूद छोटी बच्ची की मां ने भी कहा कि तस्वीर से छेड़छाड़ की गई है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>