यमन में संघर्ष विराम की घोषणा

यमन
प्रकाशित

सऊदी अरब के नेतृत्व वाला गठबंधन यमन में विद्रोहियों पर बमबारी पांच दिन के लिए रोक देगा ताकि आम नागरिकों तक राहत और मदद पहुंच सके.

सऊदी अरब की आधिकारिक न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, संघर्ष विराम रविवार आधी रात से प्रभावी होगा.

लेकिन गठबंधन बल का कहना है कि संघर्ष विराम के दौरान हूथी विद्रोहियों की 'सैन्य हरक़त' होने पर उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जा सकती है.

यमन

संघर्ष विराम की ये घोषणा ताइज़ सूबे में हवाई हमलों के बाद हुई है जहां आम लोगों समेत 120 लोगों के मारे जाने की ख़बर है.

सऊदी अरब का कहना है कि विद्रोही हवाई हमलों से बचने के लिए रिहाइशी इलाकों में पनाह ले रहे हैं.

लेकिन संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि आबादी वाले इलाकों में बमबारी करना अंतरराष्ट्रीय कानून के ख़िलाफ़ है.

ये अप्रत्याशित संघर्ष विराम तब हुआ जब यमन के राष्ट्रपति मंसूर हादी ने सऊदी अरब के शाह सलमान से इसके लिए आग्रह किया.

इस महीने की शुरुआत में भी संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में एक हफ्ते का संघर्ष विराम हुआ था जो विफल हो गया था.

यमन

यमन में लड़ाई के दौरान कम से कम 1693 नागरिक मारे जा चुके हैं जबकि 4000 अन्य घायल हुए हैं.

संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि ज्यादातर नुकसान हवाई हमलों की वजह से हुआ है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>