चर्च पर हमला: अभियुक्त पर हत्या के नौ आरोप

चर्च पर हमले में मारे गए लोग
इमेज कैप्शन, बुधवार को चर्च पर हुए हमले में मारे गए लोग.
प्रकाशित

साउथ केरोलाइना के चार्लस्टन में अफ़्रीकी-अमरीकी चर्च पर हमला कर नौ लोगों की जान लेने वाले अभियुक्त को अदालत में पेश किया गया.

उन पर हत्या के 9 आरोप और हथियार रखने से जुड़ा एक आरोप लगाया गया है.

21 वर्षीय डिलन रूफ़ को नॉर्थ केरोलाइना में गिरफ़्तार किया गया था और चार्लस्टन लाया गया.

पुलिस हत्याओं के पीछे नफ़रत को वजह मान रही है.

बुधवार रात हुए हमले में मारी गईं छह महिलाओं और तीन पुरुषों को श्रद्धांजलि देने के लिए चार्लस्टन और अमरीका के अन्य इलाक़ों में प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं.

मारी गई महिला शारोंडा सिंगलटन के बच्चों ने बीबीसी से कहा कि उन्होंने हत्यारे को माफ़ कर दिया है और अब वे जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं.

माफ़ी

उनके बेटे क्रिस ने कहा, "हमने उसे पहले ही माफ़ कर दिया है. हमारे पास कुछ और नहीं सिर्फ़ प्यार है. प्यार नफ़रत से ताक़तवर होता है."

रूफ़ को वीडियो लिंक के ज़रिए अदालत में पेश किया गया.

काउंटी के शेरिफ़ के मुताबिक उन्हें चार्लस्टन में ही एक डिटेंसन सेंटर में रखा गया है.

उन्हें गुरुवार को नॉर्थ केरोलाइना में गिरफ़्तार किया गया था.

रूफ के सोशल मीडिया प्रोफ़ाइल से पता चलता है कि वो गौरों के प्रभुत्व के पक्षधर हैं.

समर्थन

चार्ल्सटन चर्च पर हमला

उनके एक मित्र ने एबीसी न्यूज़ से कहा कि वे नस्लीय भेदभाव का समर्थन करते हैं और गृहयुद्ध शुरू करना चाहते थे.

अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का कहना है कि इन हत्याओं ने एक बार फिर अमरीका में बंदूक रखने के अधिकार के मुद्दे को उठाया हो.

उन्होंने कहा, "कभी ना कभी एक राष्ट्र के रूप में हमे ये तथ्य स्वीकार करना होगा कि दूसरे विकसित देशों में इस तरह के नरसंहार नहीं होते हैं."

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>