म्यांमार से चीन की ओर उड़ा सौर विमान

सोलर इंपल्स
प्रकाशित

सौर ऊर्जा से चलने वाले बिना ईंधन के विमान सोलर इंपल्स (एसई)-2 ने म्यांमार से चीन जाने के लिए उड़ान भर ली है.

आबूधाबी से यात्रा शुरू करने के बाद से ये उसकी पांचवी उड़ान है.

ये विमान पूरी दुनिया का चक्कर लगाने के लिए निकला है और इस दौरान 35 हज़ार किलोमीटर की यात्रा तय करेगा.

19 घंटे की यात्रा

सोलर इंपल्स

विमान ने पायलट बरट्रांड पिकार्ड के नियंत्रण में सोमवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे म्यांमार के मांडले से चीन के चोंगछिंग के लिए उड़ान भरी.

19 घंटे की इस यात्रा के दौरान ये 1,375 किलोमीटर की दूरी तय कर चीन पहुंचेगा.

यहां कुछ देर रुकने के बाद यह विमान चीन के पूर्वी तट पर स्थित नानचिंग जाएगा.

महासागर के ऊपर उड़ान

सोलर इंपल्स

इसके बाद हवाई जाने के लिए यह पहली बार महासागरों के ऊपर से सबसे लंबी यात्रा करेगा. इसके लिए यह पांच दिन और पांच रातें लगातार उड़ेगा.

चीन के ट्रैफिक अधिकारियों ने कहा है कि वे चाहते हैं कि विमान अपनी छठी उड़ान उनके यहां से अगली सुबह जल्दी ही करे और यदि उसे बैटरी चार्ज करनी है तो वह कुछ समय और रुक सकता है.

क्योंकि चीन में आने वाले कुछ दिनों में खराब मौसम का अनुमान है, इसलिए अधिकारियों का कहना है कि यदि यह जल्दी नहीं गया तो इसे करीब एक हफ्ते तक और रुकना पड़ सकता है.

सोलर इंपल्स

सोलर इंपल्स ने 20 दिन पहले अबू धाबी से अपने सफ़र की शुरुआत की थी.

यह विमान 12 उड़ानों में विश्व का पूरा चक्कर लगाकर अबू धाबी वापस आएगा. इसको पूरा चक्कर लगाने में कुछ महीनों का समय लग सकता है.

दो विश्व रिकॉर्ड

सोलर इंपल्स

पायलट बर्ट्रांड पिकार्ड इस विमान को अपने सहयोगी एंड्रे ब्रोर्शबर्ग के साथ मिलकर चला रहे हैं.

पिछले महीने सौर ऊर्जा से चलने वाले इस पहले मानवयुक्त विमान ने दो विश्व रिकॉर्ड बनाए.

पहला रिकॉर्ड अपनी उड़ान के पहले दिन ही मस्कट (ओमान) से अहमदाबाद (भारत) के लिए 1,468 किलोमीटर की दूरी तय कर सबसे ज्यादा दूरी तय करने का रिकॉर्ड.

और दूसरा- वाराणसी से मांडले के लिए अपनी तेज़ गति (117 नॉट्स या 216 किलोमीटर प्रति घंटा) के लिए, सबसे ज़्यादा गति का रिकॉर्ड.

इससे पहले किसी और सौर विमान ने इस प्रकार विश्व का चक्कर नहीं लगाया.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>