रॉक स्टार ब्रायन एडम्स के दूसरे शौक़

प्रकाशित

दुनिया भर में मशहूर रॉक स्टार ब्रायन एडम्स की पहचान एक बेहतरीन फ़ोटोग्राफ़र की भी है.

उन्होंने हाल ही में उन ब्रितानी सैनिकों की तस्वीरों ली हैं जो इराक़ और अफ़गानिस्तान में तैनाती के दौरान घायल हो गए थे.

ब्रायन एडम्स ने बीबीसी को बताया कि वे युद्ध में गंभीर रूप से घायल सैनिकों के जीवन पर दस्तावेज़ तैयार करना चाहते थे.

इनमें से कई सैनिकों के पांव काटने पड़े. कइयों के हाथ नहीं हैं. ऐसे सैनिकों की तस्वीरों को देखकर युद्ध के ख़तरों का एहसास भी होता है.

सेना से अपने लगाव का ज़िक्र करते हुए ब्रायन एडम्स ने बताया, "मेरे पिता भी कनाडाई सेना में थे. दादा जी ब्रितानी सेना में थे. मेरे कजिन भी ब्रितानी सेना में हैं."

संगीत के प्रति लगाव कैसे शुरू हुआ. पूछे जाने पर ब्रायन एडम्स ने बताया, "मेरे माता-पिता के बीच घर में इतने झगड़े होते थे कि मैं घर से बाहर निकल आता था. इसी दौर में मेरी दिलचस्पी संगीत में हुई."

संगीत ही सब कुछ

म्यूज़िकल कंसर्ट में अपना कार्यक्रम पेश करते ब्रायन एडम्स.
इमेज कैप्शन, म्यूज़िकल कंसर्ट में अपना कार्यक्रम पेश करते ब्रायन एडम्स.

ब्रायन एडम्स पहले ड्रम बजाया करते थे. लेकिन उनके पिता ने उन्हें तोहफे में स्पेनिश गिटार भेंट दी. इसके बाद वे गिटार बजाने लगे.

ब्रायन एडम्स गिटारिस्ट से सिंगर कैसे बने, इसकी कहानी भी दिलचस्प है. दरअसल, गिटारवादक के तौर पर उन्हें किसी बैंड में काम नहीं मिला.

ऐसे में वे एक संगीतकार के पास गिटार का रियाज कर रहे थे और उस संगीतकार को कोई गाने वाला नहीं मिल रहा था. ब्रायन एडम्स खुशी-खुशी गाने के लिए तैयार हो गए.

आज ब्रायन एडम्स संगीत को अपने जीवन में सब कुछ मानते हैं.

स्टेज का डर

ब्रायन एडम्स के नाम पर लाखों रिकॉर्ड्स बिकते हैं, उनके नाम पर लाखों फ़ैंस म्यूज़िकल कंसर्ट में पहुंचते हैं लेकिन एडम्स को आज भी स्टेज पर डर लगता है.

उन्होंने बताया, "मुझे आज भी डर लगता है. क्या पता माइक काम नहीं करे?, क्या पता गिटार काम नहीं करे?"

जिन पिता से तोहफ़े में मिले गिटार से ब्रायन एडम्स का संगीत से नाता जुड़ा. उन्हीं का जब मां से अलगाव हुआ तो ब्रायन एडम्स का साथ भी छूट गया.

करीब दस साल के अंतराल के बाद उन्होंने अपने पिता को ढूंढ़ा और उनसे मिलने जापान पहुंच गए.

पिता भी अपने रॉक स्टार बेटे से मिलकर ख़ूब प्रसन्न हुए.

फोटोग्राफ़ी से लगाव के बारे में ब्रायन एडम्स ने बताया कि अलग-अलग शहरों में होने वाले अपने म्यूज़िकल कंसर्ट को सहेजने के लिए उन्होंने इसकी शुरुआत की थी.

एडम्स को ब्रिटिश महारानी की फोटो खींचने का मौका भी मिला है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi " platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi " platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>