स्वीडन के मंत्री ने बढ़ाई धड़कनें

गैब्रियल विकस्ट्रॉम
प्रकाशित

स्वीडन के नए स्वास्थ्य मंत्री लोगों के दिलों की धड़कनें बढ़ा रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि स्वीडन की बजाए तुर्की में उनको लेकर हलचल सी मच गई है और इसकी वजह ट्विटर पर लगाई गई उनकी एक शानदार तस्वीर है.

पिछले हफ़्ते 29 साल के गैब्रियल विकस्ट्रॉम के ट्विटर पर हज़ारों फॉलोअर बने. पिछले शुक्रवार तक उनके 22,800 से ज़्यादा फॉलोअर थे और यह आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है.

उनके प्रशंसक उन्हें "हैंडसम मिनिस्टर" कहते हैं.

उनका कहना है कि वह इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं हैं कि यह सब कैसे शुरू हुआ लेकिन इसके तार तुर्की से जुड़े हैं.

उन्होंने कहा, "तुर्की में किसी ने मेरे बारे में ट्वीट किया जिनके काफ़ी फॉलोअर थे. सोमवार को तुर्की के कई लोग मुझे फॉलो करने लगे तो मंगलवार को मैंने सोचा कि उनका स्वागत करते हुए कुछ लिखूं."

उन्होंने अपने ट्विटर संदेश में बस इतना ही लिखा, "तुर्की के मेरे सभी फॉलोअर्स का स्वागत है और मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं."

हज़ारों रीट्वीट

उन्हें अपने संदेश पर मिली प्रतिक्रिया से काफी हैरानी हुई क्योंकि उनके संदेश को 8,500 बार रीट्वीट किया गया था.

गैब्रियल विकस्ट्रॉम
इमेज कैप्शन, गैब्रियल विकस्ट्रॉम के एक संदेश को उनके फॉलोअरों ने 8,500 बार रिट्वीट किया

उन्होंने कहा, "मैं लोगों की प्रतिक्रिया से अभिभूत हूं लेकिन मुझे नहीं लगता कि ये सब मेरे रूप-रंग की वजह से हुआ. शायद मेरी उम्र और बड़े विभाग के मंत्री होने का असर भी हो सकता है. मैं यह समझ सकता हूं कि तुर्की में ये बातें असामान्य हैं."

वह कहते हैं, "अगर मैं रोल मॉडल बन सकता हूं और युवाओं को राजनीति में लाने के लिए प्रेरित कर सकता हूं तो यह बेहद अच्छा होगा."

वह मानते हैं कि तुर्की के लोग स्वीडन के लोगों के मुक़ाबले ज़्यादा तारीफ़ करते हैं.

उनकी निजी ज़िंदगी के बारे में बस इतनी ही जानकारी है कि उनका एक बच्चा है और उन्होंने ये बात ज़ाहिर नहीं की है कि वे सिंगल हैं या नहीं.

उन्होंने यह भी बताया है कि वह तुर्की की यात्रा पर जा सकते हैं. हालांकि उन्हें एक ट्वीट में चेतावनी दी गई है, "आपको तुर्की नहीं जाना चाहिए, हमारे यहां की लड़कियां आपको खा जाएंगी."

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सक</bold>ते हैं.)