You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
क्या होती हैं कॉमनवेल्थ प्रमुख की ज़िम्मेदारियां?
बीबीसी को मिली जानकारी के मुताबिक प्रिंस ऑफ़ वेल्स कॉमनवेल्थ देशों के अगले प्रमुख होंगे.
अभी महारानी एलिज़ाबेथ इस पद पर आसीन हैं. अब प्रिंस चार्ल्स इस पदभार को संभालेंगे. महारानी एलिज़ाबेथ ने कहा है कि उनकी इच्छा है कि प्रिंस चार्ल्स इस पद की ज़िम्मेदारी को एक दिन संभाल लेंगे.
हालांकि यह कोई ऐसा पद नहीं है जो पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़े. माना जा रहा है कि प्रिंस चार्ल्स को कॉमनवेल्थ में शामिल नेताओं की सलाह और विचार-विमर्श के बाद ज़िम्मेदारी सौंपने का फ़ैसला हुआ है.
बीबीसी के राजनयिक संवाददाता जेम्स लैंडेल ने कहा कि प्रिंस चार्ल्स के प्रमुख बनने पर कॉमनवेल्थ नेताओं ने भी सहमति जताई है. ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरिज़ा मे और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो ने पहले ही चार्ल्स को अपन समर्थन दे दिया था.
ये भी बताया जा रहा है कि ये फ़ैसला कॉमनवेल्थ देशों की दो दिवसीय सम्मेलन में लिया गया है, इसमें 46 प्रतिनिधि देश और अन्य सात देशों के विदेश मंत्री शामिल हुए.
आख़िर कॉमनवेल्थ प्रमुख को काम क्या करना होता है?
फिलहाल तक ये ज़िम्मेदारी महारानी के पास है, मुख्य रूप से यह एक प्रतीकात्मक पद है और इस पद पर बने रहने की कोई अधिकतम तय सीमा नहीं है.
यह पद मुख्यरूप से 53 देशो को आपस में जोड़ने का काम करता है. साथ ही ये भी कि कॉमनवेल्थ के मूल उद्देश्य बने रहें.
कॉमनवेल्थ देशों के प्रमुख सदस्य देशों के बाज़ार और उनके अंतरराष्ट्रीय संबंधों को भी आपस में जोड़ते हैं.
कॉमनवेल्थ का प्रमुख, साथी देशों के व्यक्तिगत दौरे करता है ताकि आपसी संबंध मज़बूत बनें.
कॉमनवेल्थ से जुड़े तमाम तरह फ़ैसले लेने का अधिकार भी प्रमुख को होता है.
इस बीच कॉमनवेल्थ मुख्य सचिव और सचिव, इसके केंद्र में होते हैं ताकि कॉमनवेल्थ से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को क्रियान्वित किया जा सके.
प्रिंस हैरी को कॉमनवेल्थ देशों का यूथ अंबेसडर नियुक्त किया गया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)