जब मोशे ने कहा- 'डियर मिस्टर मोदी, आई लव यू'

मोदी, मोशे के साथ

इमेज स्रोत, twitter.com/MEAIndia

प्रकाशित

इसराइल दौरे पर गए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यरुशलम में एक बच्चे से ख़ासतौर पर मुलाक़ात की है.

इस बच्चे का नाम मोशे है जिसने साल 2008 के मुंबई हमले में अपने मां-बाप को खो दिया है. तब चरमपंथियों ने चबाड हाउस पर भी हमला किया था जिसमें बेबी मोशे की जान किसी तरह बच गई थी.

बेबी मोशे की नैनी ने उसे बचाने में अहम भूमिका अदा की थी. मोशे की उम्र अब 11 साल है. वे अब इसराइल के अफुला में अपने दादा-दादी के साथ रहते हैं.

यरुशलम में इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मोशे ने मोदी के नाम एक लिखित संदेश पढ़ा.

इसमें उन्होंने कहा, डियर मिस्टर मोदी, मैं आपको और भारत के लोगों को प्यार करता हूं. मुझे खेलना पसंद है, मैं एक अच्छा छात्र बनने की कोशिश करूंगा. प्लीज़ मुझे इसी तरह प्यार करते रहें...मैं उम्मीद करता हूं कि कभी मुंबई आ सकूंगा...''

इसके जबाव में मोदी ने मोशे को भरोसा दिलाया कि वो जब चाहें भारत आ सकते हैं.

मोदी, मोशे के साथ

इमेज स्रोत, twitter.com/MEAIndia

सामरिक हितों की रक्षा पर सहमति

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने इसराइली राष्ट्रपति नेतन्याहू से मुलाक़ात की. इसके बारे में मोदी ने अपने बयान में कहा, ''हमने पश्चिम एशिया और समग्र क्षेत्र के हालात पर चर्चा की. भारत शांति, संवाद और संयम की आशा करता है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मोदी ने कहा, ''भारत हिंसा और चरमपंथ के ख़तरे झेलता रहा है. हम अपने सामरिक हितों की रक्षा करने पर सहमत हुए हैं. भारत और इसराइल औद्योगिक शोध, विकास और नवाचार के लिए 4 करोड़ डॉलर का एक कोष बनाने पर सहमत हुए हैं.

मोदी-नेतन्याहू

इमेज स्रोत, Reuters

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)