जडेजा-शमी की वापसी तय, युवराज पर सवाल

प्रकाशित

ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ वनडे और टी-20 सिरीज़ के लिए भारतीय टीम के चयन के लिए संदीप पाटिल की अगुवाई में चयनकर्ताओं की बैठक शनिवार शाम हो रही है.

जिन खिलाड़ियों की टीम में वापसी की उम्मीद की जा रही है, उनमें रविंद्र जडेजा सबसे आगे हैं.

जडेजा को ज़िम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ में मौका नहीं मिला था. लेकिन टेस्ट मैचों के बाद घरेलू क्रिकेट में जोरदार ऑलराउंड प्रदर्शन के चलते जडेजा की टीम में वापसी पक्की है.

इसके अलावा मोहम्मद शमी की वापसी भी पक्की मानी जा रही है. 25 साल के शमी इसी साल ऑस्ट्रेलिया-न्यूज़ीलैंड में हुए वर्ल्ड कप के दौरान भारत के सबसे कामयाब गेंदबाज़ साबित हुए थे.

उन्होंने 17.29 की औसत से इस टूर्नामेंट में 17 विकेट चटकाए थे. 47 वनडे मैचों में 87 विकेट झटकने वाले शमी ने सर्जरी के बाद विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी के दो मैचों में अच्छी गेंदबाज़ी की है.

शमी की गैर मौजूदगी में उमेश यादव, मोहित शर्मा, भुवनेश्वर कुमार ने वनडे में गेंदबाज़ी का आक्रमण संभाला है, लेकिन ये तीनों मिलकर सामने वाली टीम पर दबाव बनाने में नाकाम साबित होते रहे और इसकी वजह से इनकी आलोचना भी ख़ूब हुई है.

ऐसे में सवाल ये है कि क्या इन तीनों में किसी को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा या फिर चौथे गेंदबाज़ के तौर पर शमी शामिल होंगे. तेज गेंदबाज़ों में ईशांत शर्मा भी वापसी की उम्मीद कर रहे होंगे.

भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में पांच वनडे और तीन टी-20 मैच खेलेगी. 12 जनवरी से 31 जनवरी तक होने वाले इन मुक़ाबलों के चयनकर्ता 15 सदस्यीय टीम चुनेंगे या फिर 16 सदस्यीय, ये अभी तय नहीं है.

हालांकि टीम में कोई बहुत बदलाव की गुंजाइश नहीं दिख रही है. हालांकि युवराज सिंह ने विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी में जोरदार बल्लेबाज़ी कर चयनकर्ताओं का ध्यान जरूर खिंचा है. उन्होंने पहले चार मैचों में 243 रन बनाए हैं.

राजस्थान के ख़िलाफ़ उनकी शानदार पारी टीम को जीत दिलाने में कामयाब रही है, लेकिन एक तो युवराज की बढ़ती उम्र और दूसरी ओर वनडे कप्तान धोनी की नापसंदगी की वजह से उनके वापसी आसान नहीं दिख रही है.

अब देखना है कि युवराज की मंगेतर हेजल कीच उनके लिए लकी साबित होती हैं या नहीं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>