कल मंत्री से कहासुनी, आज एसपी का तबादला

अनिल विज

इमेज स्रोत,

इमेज कैप्शन, हरियाणा के स्वास्थ्यमंत्री अनिल विज
प्रकाशित

हरियाणा के फतेहाबाद में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के साथ हुई बहस के 24 घंटे के भीतर ही फतेहाबाद की महिला पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया का स्थानांतरण कर दिया गया है.

उन्हें मानेसर की रिज़र्व बटालियन में तैनात किया गया है.

अनिल विज ने मीडिया से बातचीत में कहा, "एसपी ने आरोप लगाए थे कि सरकार ड्रग माफिया को बढ़ावा दो रही है. यही नहीं, उन्होंने माफिया के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने में भी खुले आम असमर्थता जाहिर की थी."

दरअसल, शुक्रवार को फतेहाबाद में ज़िला कष्ट निवारण समिति की बैठक थी जिसमें स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज शिकायतें सुनने के लिए आए थे.

इस बैठक में ज़िला प्रशासन के सभी अधिकारियों के साथ पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया भी मौजूद थीं.

अन्य शिकायतों के साथ ज़िले में अवैध शराब की तस्करी की भी समस्या उठाई गई.

इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने पुलिस अधीक्षक से पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर सवाल पूछे.

संगीता कालिया

इमेज स्रोत,

इमेज कैप्शन, फतेहाबाद की पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया

कुछ ही देर में ये चर्चा बहस में तब्दील हो गई और गुस्से में स्वास्थ्य मंत्री ने संगीता कालिया को 'गेटआउट' कह दिया.

पुलिस अधीक्षक ने बैठक से बाहर जाने से इनकार किया तो मंत्री खुद उत्तेजना में बैठक छोड़ कर बाहर निकल गए.

बाद में पत्रकारों से बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे इन एसपी की शिकायत मुख्यमंत्री से करेंगे.

संगीता कालिया 2009 बैच की आईपीएस हैं और तेज़तर्रार पुलिस अधिकारी के तौर पर जानी जाती हैं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक </caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link>और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>