जयपुर: राजे ने खेद जताया, एसएचओ हटाए गए

गाय की डमी
    • Author, आभा शर्मा
    • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
  • प्रकाशित

राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक आर्ट समिट के दौरान आसमान में लटकाई गई गाय की डमी को लेकर शनिवार को हुए विवाद में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दख़ल दिया है.

वसुंधरा राजे ने अपने आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट पर रविवार को लिखा कि “थाना प्रभारी एवं सम्बंधित पुलिसकर्मी को हटा दिया गया है और उन्होंने स्वयं भी कलाकार से व्यक्तिगत तौर पर बात की है.”

राजे का ट्वीट

उन्होंने आगे लिखा कि “जवाहर कला केंद्र पर कल जो भी घटित हुआ उस पर उन्हें बहुत दुःख है. पुलिस कमिश्नर ने भी घटना पर माफ़ी मांगी है.”

सिद्धार्थ करावल द्वारा बनाई गई गाय की डमी को एक नीले रंग के ग़ुब्बारे के सहारे आर्ट समिट के स्थल जवाहर कला केंद्र पर लगाया गया था जिस पर कई लोगों ने आपत्ति की.

गाय की डमी

इस दौरान आयोजकों और कलाकारों के बीच बहस हुई और पुलिस दो प्रतिभागियों अनीश अहलुवालिया और चिंतन उपाध्याय को पुलिस थाने ले गई. गाय की डमी हटाने की शर्त पर इन्हें छोड़ा गया.

उधर विश्व हिन्दू परिषद्, जयपुर के अध्यक्ष नरपत सिंह शेखावत ने कहा कि “कलाकारों को भी अपनी भावनाएं देख समझकर पेश करनी चाहिए. और ऐसी कोई घटना होती है तो उन्हें समझाना चाहिए न कि उनके साथ अभद्रता की जानी चाहिए.”

यह जयपुर आर्ट समिट का तीसरा संस्करण था जो शुरुआत में ही विवाद में घिर गया.

पिछले साल गणेश की एक आपत्तिजनक कृति को लेकर विवाद हुआ था.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>