श्रीनगर: सीआरपीएफ कैंप पर 'आत्मघाती हमला' नाकाम,ऑपरेशन जारी

सीआरपीएफ कैंप
    • Author, रियाज़ मसरूर
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर से
  • प्रकाशित

भारत प्रशासित कश्मीर के श्रीनगर में सीआरपीएफ ने सोमवार को अपने एक कैंप पर 'आत्मघाती हमले' को नाकाम कर दिया लेकिन चरमपंथियों के साथ मुठभेड़ में सीआरपीएफ के एक जवान की मौत हो गई.

पुलिस के एक अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि सोमवार तड़के चरमपंथियों ने श्रीनगर के करन नगर इलाके में स्थित 23 बटालियन कैंप में दाखिल होने की कोशिश की. सुरक्षा जवानों ने उन पर फायरिंग की और चरमपंथी भागकर पास की एक इमारत में दाखिल हो गए.

अधिकारियों के मुताबिक मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हुए 49 बटालियन के मुजाहिद खान की अस्पताल में मौत हो गई है.

सीआरपीएफ
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

श्रीनगर में अलर्ट जारी

सीआरपीएफ के प्रवक्ता राजेश यादव ने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है. इमारत में दाखिल दो चरमपंथियों और सुरक्षाबलों के बीच फायरिंग जारी है.

पुलिस ने पूरे श्रीनगर में अलर्ट जारी कर दिया है. जिस इलाके में मुठभेड़ हो रही है उसे सील कर दिया गया है.

करन नगर श्रीनगर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक हैं. यहां मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं.

बीते हफ्ते लश्कर का एक आला चरमपंथी नवीद जट मेडिकल चेकअप के दौरान अस्पताल से फरार हो गया था. नवीद जट बीते तीन साल से जेल में बंद था. अस्पताल पर हुए हमले के दौरान दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)