सोलापुर- लाखों मराठों का मूक प्रदर्शन

सोलापुर मे रैली
इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र में लाखों की संख्या में लोग जुटे हैं सोलापुर में
प्रकाशित

महाराष्ट्र के सोलापुर शहर में मराठा समुदाय के लाखों लोगों का मूक प्रदर्शन हुआ है.

शहर में लाखों लोग जमा हुए और अनोखी बात ये रही कि पूरे प्रदर्शन में कोई कुछ बोल नहीं रहा था.

सोलापुर मे रैली
इमेज कैप्शन, कई मांगें हैं मराठा लोगों की

ये सभी लोग लगभग साढ़े छह एकड़ के होम ग्राउंड पर जमा हुए थे और इनकी गाड़ियों लगभग इतने ही बड़े पार्किंग में खड़ी की गई थीं.

स्थानीय पत्रकार राकेश कदम के मुताबिक पुलिस अधिकारियों का मानना है कि लगभग 10 लाख लोगों ने इस प्रदर्शन में भाग लिया, हालाँकि इसके प्रायोजक संख्या को इससे कहीं अधिक मानते हैं.

प्रदर्शनकारियों का जुलूस लगभग 12 किलोमीटर लंबा था.

इस प्रदर्शन का नेतृत्व पांच लड़कियां कर रही थीं जिन्होंने अपनीं मांगे जिलाधीश को सौंपीं.

सोलापुर मे रैली
इमेज कैप्शन, इनमें आरक्षण की मांग भी प्रमुख है

मराठों की मुख्य मांग कोपरडीह गांव में मराठा लड़की के साथ हुए दुष्कर्म के अभियुक्त के खिलाफ़ एफआईआर दर्ज करने और त्वरित जांच की है.

उनकी दूसरी मांग मराठा लोगों को अति पिछड़ा ओबीसी वर्ग में शामिल कर नौकरी और शिक्षा में आरक्षण देने की है.

प्रदर्शनकारियों की अन्य मांगों में किसानों के लिए पेंशन और किसान आत्महत्याओं को रोकने के लिए नए प्रावधान बनाने को लेकर है.

सोलापुर मे रैली
इमेज कैप्शन, मामला एक लड़की की हत्या से शुरू हुआ था लेकिन अब ये आरक्षण के लिए आंदोलन बनता जा रहा है

महाराष्ट्र में पिछले कुछ वर्षों में आत्महत्या करने वाले किसानों में मराठा लोगों की संख्या सबसे अधिक है.

प्रदर्शनकारियों की ये भी मांग है कि दलितों की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानूनों का गलत इस्तेमाल हो रहा है और सरकार इस गलत इस्तेमाल पर भी रोक लगाए.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)