वो जिनकी मौत की उड़ीं 'झूठी' ख़बरें

प्रकाशित

फ़िल्मकार मृणाल सेन के निधन की ‘अफ़वाहों’ ने गुरूवार को ज़ोर पकड़ा, लेकिन यह पहला मौक़ा नहीं है जब किसी स्टार की मौत की 'झूठी' ख़बरें उड़ी हैं.

इस लिस्ट में सबसे पहला नाम ट्रेजेडी किंग दिलीप कुमार का आता है.

जब भी कभी वो अस्पताल में रूटीन चेकअप के लिए जाते हैं, तब इस तरह की अफ़वाहें उड़नी शुरू हो जाती हैं.

बीते दिनों ऐसी ही अफ़वाह आने के बाद दिलीप कुमार की पत्नी और बीते ज़माने की हीरोइन सायरा बानो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उनके सेहतमंद होने की जानकारी दी थी.

दिलीप कुमार के बाद अमिताभ बच्चन का नाम आता है. अमिताभ बच्चन के बारे में ख़बर आई कि उनका अमेरिका में सड़क हादसे में निधन हो गया है.

सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले अमिताभ बच्चन ने कोई प्रतिक्रिया न देना ही बेहतर समझा.

मौत की झूठी ख़बरों से स्वर कोकिला लता मंगेशकर भी नहीं बच पाईं. कभी कभार ट्विटर पर लता मंगेशकर के मरने की ख़बरें भी आने लगती हैं.

झूठी ख़बरों पर विराम लगाते हुए उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ नमस्कार. कृपया मेरी सेहत को लेकर आने वाली ख़बरों पर यक़ीन न करें. भगवान की कृपा से मैं स्वस्थ हूं.’’

दक्षिण के सुपरस्टार रजनीकांत साल 2011 में सांस संबंधी दिक्कतों की वजह से अस्पताल क्या गए, उनके बारे में ऐसी ख़बरें आने लगीं. इन ख़बरों पर विराम लगाने के लिए रजनीकांत की पत्नी आगे आईं.

अभिनेता शक्ति कपूर को भी पिछले साल 21 फरवरी की सुबह जगने के बाद अपने मरने की ख़बर मिली.

व्हाट्सएप और ट्विटर पर ख़बर थी कि अभिनेता शक्ति कपूर फ़िल्म की शूटिंग के बाद खंडाला से लौटते समय सड़क हादसे में मारे गए.

शक्ति कपूर बैंकॉक से शूटिंग करके लौटे थे. जब इस ख़बर ने ज़्यादा तूल पकड़ा तो शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत ने शक्ति कपूर के सेहतमंद होने की जानकारी दी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)