सनी को सवालों और तानों से समस्या नहीं

    • Author, सुशांत एस मोहन
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, मुंबई
  • प्रकाशित

उन्होंने पोर्न फ़िल्में करते वक़्त भी अपनी शर्तों पर काम किया था और वो बॉलीवुड में भी अपनी शर्तों पर काम करती हैं.

आप उन्हें बॉलीवुड में पैर जमाने कि कोशिश कर रहीं एक विदेशी पोर्न एक्ट्रेस समझ कर मिलने जाएंगे, तो वो आपको अपनी बिज़नेस की समझ और सवालों के चतुर जवाबों से हैरान भी कर सकती हैं.

करणजीत कौर वोहरा उर्फ़ सनी लियोनी के 35वें जन्मदिन पर पढ़िए कैसे वो सिर्फ़ किस्मत से नहीं, बल्कि अपने टैलेंट और बिज़नेस स्किल से आज एक 'सेलिब्रिटी' बन गई हैं.

सनी लियोनी की सफलता की ओर हमारा ध्यान उस समय जाता है, जब ठाणे में उन पर अश्लीलता फ़ैलाने का एक केस दर्ज़ होता है.

सनी इस केस में ठाणे पुलिस के सामने पेश होती हैं, लेकिन वहां पुलिस के अलावा उनके फ़ैन्स भी उनके साथ फ़ोटो खिंचवाते हैं.

उस दिन यह साबित हो जाता है कि सनी लियोनी ने अब बॉलीवुड में अपनी पहचान बना ली है और भले ही वो कुछ लोगों के लिए 'पोर्न' फ़िल्मों की 'अश्लील' हीरोइन हों, लेकिन एक बड़े तबके के लिए वो अब बॉलीवुड सिलेब हैं.

सिख परिवार की सनी भारत से कनाडा और फिर अमरीका गईं. उनके बारे में कम ही लोग जानते हैं कि वो न सिर्फ़ स्कूल में एक हॉकी खिलाड़ी रही हैं, बल्कि एक टैक्स फ़र्म में काम भी कर चुकी हैं और उनकी बिज़नेस की समझ बहुत अच्छी है.

सनी लियोनी सिर्फ़ एक पोर्न अभिनेत्री नहीं रही हैं, बल्कि वो एक प्रोडक्शन हाउस की मालकिन भी रही हैं और भारत आने के बाद उन्होनें अपनी एक ई कॉमर्स वेबसाइट भी शुरू की, जिसपर वो 'एग्ज़ोटिक' सामान उपलब्ध करवा रही हैं.

लेकिन सिर्फ़ यही सब उन्हें नारी शक्ति की मिसाल नहीं बनाता, इसके अलावा ऐसी बहुत सी चीज़ें हैं, जिनसे सनी एक मज़बूत व्यक्तित्व के तौर पर सामने आती हैं.

सनी ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया है, "मैंने जब पोर्न करने का फ़ैसला किया था, मैं तभी अपने परिवार के लिए 'अलग' हो गई थी, लेकिन यह मेरा फ़ैसला था और मैं अपने फ़ैसले के साथ थी."

सनी एक बेहद सफल अदाकारा रहीं और मशहूर एडल्ट मैग़ज़ीन 'पेंटहाउस' ने उन्हें 'पेंटहाउस गर्ल' के ख़िताब से भी नवाज़ा.

इसके बाद सनी ने कमाई के मामले में पोर्न फ़िल्म इंडस्ट्री के कई रिकॉर्ड तोड़े और फिर 2009 में अपना प्रोडक्शन हाउस भी खोला.

सनी ने हाल ही में बीबीसी से बातचीत में कहा था, "मुझे मालूम है कि एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री किस तरह से काम करती है और इसलिए मैं अभी तक यहां हूं, लेकिन मुझे इस कारोबार को आगे ले जाना है."

सनी ने हॉलीवुड की कई फ़िल्मों में काम किया है और वो व्यक्तिगत तौर पर जानवरों के लिए काम करने वाली संस्था 'पेटा' के साथ जुड़ी भी रही हैं.

लेकिन सनी की ज़िंदगी का सबसे दिलचस्प और बड़ा क़दम रहा साल 2011 में बिग बॉस में आना, क्योंकि बिग बॉस से जितनी लोकप्रियता उन्हें हासिल हुई, वह इससे पहले उन्हें नहीं मिली थी.

सनी के पार्टनर डेनियल ने बीबीसी को बताया, "वो इतनी व्यस्त हो गई थी कि सुबह से शाम तक या तो लोगों से मिलना होता था या किसी प्रोमोशनल इवेंट में जाना होता था."

सनी को बिग बॉस के घर में कई आरोप झेलने पड़े और भाजपा की ओर से उन पर अश्लीलता फ़ैलाने के लिए सूचना प्रसारण मंत्रालय को शिकायत भी की गई, लेकिन यहीं महेश भट्ट ने उन्हें अपनी फ़िल्म 'जिस्म 2' का ऑफ़र भी दिया.

2012 में आई 'जिस्म 2' एक बॉक्स ऑफ़िस हिट साबित हुई और सभी विरोधों का सामना करने के बाद भी सनी ने बॉलीवुड में अपनी जगह बना ली.

'जिस्म 2' के बाद 'जैकपॉट' (2013), 'रागिनी एमएमएस 2' (2014), 'एक पहेली लीला' (2015) और 'मस्तीज़ादे' (2016) जैसी फ़िल्मों ने उन्हें लाइमलाइट में ला दिया.

सनी पर फ़िल्माए गए कुछ आइटम सॉन्ग्स 'लैला तेरी' (शूटआउट एट वडाला), 'बेबी डॉल' (रागिनी एमएमएस 2) और 'पिंक लिप्स' (हेट स्टोरी 2) सुपरहिट हो गए और सनी हर दूसरे म्यूज़िक चैनल पर दिन में चार बार दिखने लगीं.

बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में सनी ने कहा था, "मुझसे ए लिस्ट के स्टार कतराते हैं और वे मेरे साथ काम नहीं करना चाहते. मैं ऐसी दो फ़िल्मों से सेलेक्ट हो जाने के बाद निकाली जा चुकी हूं, क्योंकि स्टार मेरे साथ काम नहीं करना चाहते."

बाद में आमिर ख़ान ने सनी के समर्थन में कहा था, "मुझे उनका काम पसंद है और उनके अतीत से मुझे कोई परेशानी नहीं है. अगर कल मौक़ा मिले तो मैं उनके साथ काम करना चाहूंगा."

सनी हमेशा से ही मुखर रही हैं और यही बात उनके बारे में ख़ास है कि वो किसी से डरती नहीं हैं.

फ़िल्म एक पहेली लीला के दौरान एक इंटरव्यू में उन्होनें कहा था, "मैं दिल से अपने धर्म का पालन करती हूं, मंदिर जाती हूं, पूजा करती हूं और धर्म हमें फ़र्क करना नहीं सिखाता. लेकिन अगर धर्म मेरे काम को लेकर मुझे अलग करेगा, तो ऐसे धर्म से अलग होने में मुझे भी दिक्कत नहीं है."

अपने फ़ैसले पर अडिग रहने वाली यह पूर्व पोर्न स्टार आज एक बॉलीवुड अभिनेत्री, एक लेखिका होने के साथ साथ सफल बिज़नेस वूमैन है. सबसे मुश्किल सवाल का जवाब भी वो अपनी 'सनी' स्माइल के साथ देती हैं.

फ़ोन पर एक बातचीत में उन्होेंने कहा, "सवालों और तानों से दिक्कत उसे होती है, जिसे कुछ छिपाना होता है, मुझे तो सब बताना ही है."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)