जिनके संग देव, राज और प्राण उतरे पर्दे पर

कामिनी कौशल
    • Author, सुशांत एस मोहन
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, मुंबई
  • प्रकाशित

40 और 50 की दशक की मशहूर अभिनेत्री कामिनी कौशल 88 साल की हैं और मुंबई के मालाबार हिल इलाके में रहती हैं.

कामिनी कौशल

कभी किसी ज़माने में रेडियो, फ़िल्मों और नाटकों की लंबी लंबी स्क्रिप्ट याद कर लेने वाली कामिनी अब 10 मिनट पहले की गई बात भूल जाती हैं.

कामिनी कौशल

उम्र ने भले ही उनके शरीर और याद्दाश्त को नुकसान पहुंचाया हो लेकिन वो अभी अपने सुनहरे दिनों को भूली नहीं हैं और ये कैसे भुलाया जा सकता है कि यही वो अभिनेत्री थीं जिनके साथ प्राण, राज कपूर और देव आनंद ने अपनी पहली फ़िल्म की थी.

कामिनी कौशल

ऐसा अब कम ही देखा जाता है कि किसी फ़िल्म में अभिनेत्री का नाम हीरो के नाम से पहले आए लेकिन 40 के दशक में कामिनी कौशल की फ़िल्मों में उनका नाम हीरो से पहले आता था.

कामिनी कौशल

कामिनी के करियर से कई ऐसी चीज़ें जुड़ी हैं जो पहली बार हुईं और उसमें एक बड़ी बात थी लता मंगेशकर के करियर की शुरुआत.

कामिनी कौशल

कामिनी कौशल ही वो अभिनेत्री थी जिनके लिए लता ने पहली बार किसी मुख़्य अभिनेत्री के लिए पार्श्व गायन किया था.

देव आनंद जो आगे चलकर कामिनी कौशल के अच्छे दोस्त बने.

कामिनी कौशल

उनके बारे में कामिनी कहती हैं, "वो बेहद शर्मीला था, इतना कि सेट पर बात ही नहीं करता था और उसके फ़ैन्स को यह बात मालूम नहीं थी."

कामिनी कौशल

जितेंद्र के बारे में याद करते हुए वो कहती हैं, "वो एनर्जी से भरा हुआ था, जंपिंग जैक के नाम को सार्थक करता हुआ जब भी वो आसपास होता माहौल में जोश रहता था."

कामिनी कौशल

कभी टॉप अभिनेत्री रहीं कामिनी कौशल ने एक वक़्त बाद अभिनय से ब्रेक ले लिया और वे ऑल इंडिया रेडियो, दूरदर्शन के साथ मिलकर बच्चों के लिए कठपुतली और कहानियों के कार्यक्रम बनाने लगीं.

कामिनी कौशल

बच्चों के लिए बनाए गए उनके कार्यक्रम की सीरीज़ 'चांद सितारे' को दूरदर्शन पर प्रदर्शित किया गया और उनकी बाल कहानियां 'पराग' मैग़ज़ीन में प्रकाशित हुईं.

राज कपूर की फ़िल्म 'आग' में उन्होंने नरगिस के साथ मुख्य अभिनेत्री का रोल निभाया.

कामिनी कौशल

राज कपूर को याद करते हुए वो कहती हैं, "वो एक शानदार व्यक्तित्व के स्वामी थे और उनका एक करिश्मा था जो उन्हें हीरो बनाता था."

कपूर खानदान की क़रीबी रहीं कामिनी कौशल ने एक बार खिलौनों की दुकान लगाई थी और अभिनेता शशि कपूर ने वहां से कई खिलौने खरीदे थे, रील लाईफ़ में नहीं रीयल लाईफ़ में.

कामिनी कौशल

फ़िल्म 'नदिया के पार' को याद करते हुए कामिनी कहती हैं, "इस फ़िल्म में मुझे एक साड़ी पहननी थी जिसमें मेरे कंधे दिखने थे, मैंने मना कर दिया कि ये तो बहुत हो जाएगा लेकिन फिर मेरे पति के कहने पर मैंने वो साड़ी पहनी."

कामिनी को बहुत दुख है कि अब उनके अभिनय वाली 'नदिया के पार' को कोई टीवी पर नहीं दिखाता लेकिन सचिन वाली 'नदिया के पार' आती रहती है.

कामिनी कौशल

1946 में अपनी पहली फ़िल्म 'नीचा नगर' के लिए कान्स फ़िल्म समारोह में प्रतिष्ठित गोल्डन पाम अवार्ड जीतने वाली कामिनी को उनकी दूसरी फ़िल्म 'बिराज बहू' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फ़िल्म फ़ेयर अवॉर्ड भी मिला.

कामिनी कौशल

दिलीप कुमार के साथ सुपरहिट जोड़ी सुपरहिट होने के बाद उन्होंने मनोज कुमार के साथ 8 फ़िल्में कीं.

वो बताती हैं, "अगर आप मुझसे पूछेंगे कि मेरा कोई इंडस्ट्री में दोस्त है तो मैं कहूंगी हाँ, मनोज कुमार."

कामिनी कौशल और इंदिरा गांधी

तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सामने कई कार्यक्रमों की प्रस्तुति कर चुकीं कामिनी के अभिनय और ख़ासकर बाल कहानियों को इंदिरा गांधी ने काफ़ी सराहा था.

साल 2015 में फ़िल्म फ़ेयर की ओर से उन्हें लाइफ़ टाईम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया है और वो आज भी कैमरे के सामने एक्शन बोलते ही अभिनय करना भूली नहीं हैं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>