अभिषेक बच्चन भी करते हैं कबड्डी कबड्डी

    • Author, राखी शर्मा
    • पदनाम, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
  • प्रकाशित

सोनीपत ज़िले के गोहाना गांव ने कई कबड्डी खिलाड़ी दिए हैं. इन्हीं में से एक हैं सुरजीत नरवाल.

25 साल के सुरजीत 2009 से भारतीय कबड्डी टीम के सदस्य रहे हैं.

दूसरे कबड्डी खिलाड़ियों की तरह सुरजीत को भी भारत का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा है.

पिछले साल प्रो-कबड्डी लीग शुरू हुई तो सुरजीत की परेशानी काफी हद तक कम हो गई.

लीग की टीम 'दबंग दिल्ली' ने उन्हें 12.20 लाख रुपए में ख़रीदा.

इस साल उनके कॉन्ट्रेक्ट में और इज़ाफ़ा हुआ है.

सुरजीत कहते हैं, "मुझे नया जीवन मिला है. लोग इस लीग को पसंद कर रहे हैं."

उनका कहना है, "पैसा आने से खिलाड़ी अपने खाने पीने का बेहतर ख़्याल रख पाते हैं. अब हम जहां भी जाते हैं लोग हमें नाम से बुलाते हैं."

'कबड्डी देखना चाहते हैं लोग'

31 साल के अनूप कुमार की कहानी इससे अलग नही हैं.

वे साल 2006 से ही भारत की कबड्डी टीम में रहे हैं.

लेकिन वे पिछले दस साल में भारत के लिए खेलते हुए जो नहीं कर पाए, इस लीग ने एक ही साल में कर दिया. वे घर-घर में पहचाने जाने लगे.

लीग में 'यू मुंबा' टीम के कप्तान अनूप कहते हैं, ''भारत के लिए जब भी हम कोई मैच खेलते थे, उसका टेलीविज़न पर सीधा प्रसारण शायद ही कभी होता था. टूर्नामेंट का प्रचार भी नहीं किया जाता था, इसलिए लोगों का ध्यान कभी इस खेल की तरफ़ नहीं गया.''

''पर प्रो-कबड्डी लीग का काफ़ी प्रचार किया जा रहा है. फ़िल्मी हस्तियां इससे जुड़ी हैं, इससे लोगों में भी इस खेल को लेकर जिज्ञासा बढ़ रही है.''

टीवी शो में कबड्डी खिलाड़ी

33 साल के राकेश कुमार को इस लीग की बदौलत एक टीवी रियालिटी शो में भी हिस्सा लेने का मौका मिला.

राकेश टीम 'पटना पायरेट्स' के कप्तान हैं.

वे कहते हैं, ''इस लीग की बदौलत मुझे पहली बार कैमरे के सामने आने का मौका मिला. अगर पहले से ही इसे इतना समर्थन मिलता तो शायद बहुत पहले ही यह खेल ओलंपिक में शामिल हो जाता.''

राकेश कहते हैं, ''लेकिन मैं खुश हूं. खिलाड़ियों को पैसा और नाम दोनों मिल रहा है.''

बच्चन परिवार के 'पिंक पैंथर्स'

प्रो-कबड्डी लीग की सबसे चर्चित टीम पहले सीज़न की विजेता 'जयपुर पिंक पैंथर्स' है. बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन इस टीम के मालिक हैं.

टीम के कप्तान नवनीत गौतम कहते हैं, "बच्चन परिवार हमें अपने परिवार के सदस्यों की तरह ही मानता है. अभिषेक प्रैक्टिस में कई बार हमारे साथ हिस्सा भी लेते हैं.''

वो कहते हैं, ''अमित जी का रुख भी काफ़ी सकारात्मक है. मुझे नहीं लगता उनसे बड़ा कोई शख़्स कबड्डी का ब्रांड अम्बेसेडर बन सकता था."

प्रो-कबड्डी लीग का दूसरा सीज़न आठ टीमों के बीच खेला जा रहा है.

इसका फ़ाइनल मुकाबला 23 अगस्त को मुंबई में होगा.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>