15-20 साल बाद मुझ पर बने बायोपिक: कंगना

कंगना रनौत
    • Author, सुप्रिया सोगले
    • पदनाम, मुंबई से बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
  • प्रकाशित

तनु वेड्स मनु के सीक्वल में काम करने वाली बॉलीवुड की 'क्वीन' कंगना रनौत का कहना है कि उन्हें सीक्वल फिल्में 'नौटंकी' लगती हैं.

तनु वेड्स मनु रिटर्न्स शुक्रवार को रिलीज होगी.

सीक्वल फिल्मों को लेकर कंगना का कहना है, "मुझे सीक्वल बहुत ही नौटंकी लगता है. विकास बहल क्वीन 2 के बारे में जब भी बात करते है तो मैं कह देती हूं कि मुझे उससे दूर ही रखो."

कंगना का कहना है कि आनंद राय रियल सिनेमा बनाते है और उनका किरदार पिछले किरदार से अलग है इसलिए उन्होंने सीक्वल के लिए हामी भरी.

बायोपिक का इंतज़ार

कंगना रनौत

कंगना का ये भी कहना है कि दर्शक उन्हें तभी समझ पाएंगे जबकि उन पर बायोपिक बनेगी.

कंगना खुद भी एक बायोपिक फिल्म में काम कर रही हैं लेकिन फिलहाल उसकी जानकारी नहीं देना चाहतीं.

वो कहती हैं," मुझ पर बायोपिक बनाने के लिए 15- 20 साल लगेंगे और कोई भविष्य का कलाकार किरदार निभाएगा. फिलहाल मैं एक बायोपिक कर रही हूँ जो मेरे ड्रीम रोल जैसा ही है पर मैं चाहती हूँ की उसकी अनाउंसमेंट निर्माता करें".

बेहतरीन दौर

कंगना रनौत

दो बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी कंगना ने अब तक बॉलीवुड की मशहूर खान तिकड़ी के साथ काम नहीं किया है. लेकिन, बीते एक- डेढ़ सालों में ऐसे किरदार निभाए हैं जिन पर फ़िल्म निर्भर हो. कंगना इसे अपने करियर का बेहतरीन दौर मानतीं हैं.

ऐसे किरदारों के चयन पर कंगना कहती है, " नेशनल अवार्ड जीतने के बाद लोगों की अपेक्षाएं बढ़ी है. निर्देशकों की अपेक्षा है कि अगर बहुत मुश्किल किरदार है तो कंगना करे. आजकल मुझे ऐसे ही अल्फा महिला के किरदार मिल रहे है. ऐसी फ़िल्मो में आप अपने 6 महीने दे देते है और अंत में संतोष भी मिलता है. मुझे नहीं लगता की अब कहीं पर भी छोटा रोल या दूसरी मुख्य अभिनेत्री का किरदार करूं."

कॉमेडी की समझ

गैंगस्टर, वो लम्हे, फैशन और राज़ जैसी फ़िल्मो में न्युरोटिक किरदार निभाने वाली कंगना ऐसे किरदारों से अपना पीछा छुड़ाना चाहती थी.

वो कहती है "बहुत छोटी उम्र में मैंने बहुत सारे न्युरोटिक किरदार किये जो या तो खुद मरते थे या दूसरो को मारते थे. अपनी इस इमेज से बहार निकलने के लिए मैंने कुछ ऐसी ग़लत कॉमेडी फ़िल्मे की जो लोगों को समझ नहीं आई."

कंगना कहती है की किस्मत से उन्हें तनु वेड्स मनु मिली और अब वो कॉमेडी में माहिर हो गई है.

उनका कहना है, "मैं कॉमेडी फ़िल्में संभाल सकती हूँ. कॉमेडी में अलग तरह का विज्ञान होता है और मैंने वो विज्ञान समझ लिया है. तनु वेड्स मनु में एक पारिवारिक हास्य है जो मुझे बहुत पसंद है."

तनु वेड्स मनु रिटर्न्स

तनु वेड्स मनु रिटर्न्स का स्टिल

कंगना 2011 की सफल फ़िल्म तनु वेड्स मनु के सीक्वल में आर माधवन के साथ नज़र आएंगी. इस फ़िल्म में वो दो किरदारों में दिखेंगी. एक तनुजा त्रिवेदी और दूसरी हरियाणवी एथलीट कुसुम दत्तो.

अपने किरदार तनूजा त्रिवेदी के बारे में कंगना कहती है "आप मानें या ना मानें तनूजा त्रिवेदी आज के गांव की लड़की है जो शहरी बाबू को बेच आएगी और शहरी बाबू को पता भी नहीं चलेगा."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)